भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका तैयार, डी सिल्वा बने कप्तान
भारत के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए बुधवार को श्रीलंका क्रिकेट ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। चोट के चलते कुशल मेंडिस और पाथुम निसांका सीरीज के पहले टेस्ट में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। 16 सदस्यीय…
भारत के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए बुधवार को श्रीलंका क्रिकेट ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। चोट के चलते कुशल मेंडिस और पाथुम निसांका सीरीज के पहले टेस्ट में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। 16 सदस्यीय टीम की कमान ऑलराउंडर धनंजय डी सिल्वा को सौंपी गई है।
सीरीज का पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। मेंडिस को 19 जुलाई को कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर लंका प्रीमियर लीग मैच के दौरान कैंडी रॉयल्स के खिलाफ कोलंबो कैप्स के लिए रन लेते समय दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी और वह नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं।
निसांका पिछले महीने लंदन में हुई कलाई की सर्जरी से उबर रहे हैं। इन दोनों के उपलब्ध न होने पर, चयनकर्ताओं ने अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को वापस बुलाया है, जिन्होंने आखिरी बार 2023 में टेस्ट मैच खेला था।
बाएं हाथ के बल्लेबाज डिकवेला के पास 54 टेस्ट खेलने का अनुभव है, जिसके कारण उन्हें अंजला बंदारा पर प्राथमिकता दी गई है। बंदारा ने कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर भारत के खिलाफ वार्मअप मैच में हिस्सा लिया था।
भारत के खिलाफ वॉर्मअप मैच में 3 विकेट लेने वाले ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर केशरा नुवान्था को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है जबकि कासुन रजिता और इसिथा विजेसुंदरा को टीम से बाहर कर दिया गया है। टॉप ऑर्डर बल्लेबाज निशान मदुष्का ने भारत के खिलाफ तीन दिवसीय वार्मअप मैच में 66 और नाबाद 63 रन बनाकर अपनी जगह बनाए रखी है।
मुख्य बल्लेबाजी यूनिट में डी सिल्वा, उप-कप्तान कामिंदु मेंडिस, दिनेश चांदीमल, लाहिरू उदारा, पासिंदु सूरियाबंदारा और सोनल दिनुशा शामिल हैं। स्पिन विभाग की कमान प्रभात जयसूर्या संभालेंगे। इसके साथ ही रमेश मेंडिस और नुवान्था उनका साथ निभाते हुए नजर आएंगे।
डी सिल्वा और मेंडिस पार्ट-टाइम विकल्प के तौर पर मौजूद रहेंगे। तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई असिथा फर्नांडो करेंगे। असिथा का साथ लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो, मिलन रत्नायके और दिलशान मदुशंका देंगे। भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट 23-27 अगस्त तक कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर खेला जाएगा।
श्रीलंका टीम: धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), कामिंदु मेंडिस (उपकप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चंडीमल, पसिंदु सोरियाबंदरा, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशरा नुवांथा, मिलन रथनायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
