बॉबी यादव-कार्तिक सिद्धू का कमाल, 57/7 से वापसी कर नोएडा किंग्स ने कानपुर को हराया
लखनऊ। बॉबी यादव (44) और कार्तिक सिद्धू (34) की शानदार नाबाद पारियों की बदौलत नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के दूसरे मैच में कानपुर सुपरस्टार्स को रोमांचक मैच में तीन विकेट से पराजित किया। यूपी टी-20 लीग सीजन-4…

लखनऊ। बॉबी यादव (44) और कार्तिक सिद्धू (34) की शानदार नाबाद पारियों की बदौलत नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के दूसरे मैच में कानपुर सुपरस्टार्स को रोमांचक मैच में तीन विकेट से पराजित किया।
यूपी टी-20 लीग सीजन-4
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेले गए मुकाबले में नोएडा किंग्स ने 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 57 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे लेकिन बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू ने 78 रन की नाबाद साझेदारी करते हुए टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया।

बॉबी यादव ने 28 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 44 रन कार्तिक सिद्धू ने 21 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 34 रन की पारी खेलते हुए संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभाला और अंतिम ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को जीत दिला दी।
इससे पहले नोएडा किंग्स के कप्तान माधव कौशिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। नोएडा के गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स को शुरुआत से ही दबाव में रखा। कानपुर की टीम ने 13 ओवर के भीतर 74 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे।

नोएडा से बाएं हाथ के स्पिनर शिवा सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट झटके। भारत की 2019 अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे शिवा का साथ तेज गेंदबाज कुणाल त्यागी ने देते हुए 28 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए।
कानपुर के शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद यशोवर्धन सिंह और शुभम मिश्रा ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों ने दबाव के बीच 43 गेंदों पर 59 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। यशोवर्धन ने 21 गेंदों पर 28 रन, जबकि शुभम मिश्रा ने 24 गेंदों पर 29 रन बनाए। इस साझेदारी की बदौलत कानपुर सुपरस्टार्स ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 134 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

जवाब में 135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। कानपुर के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए और नोएडा की टीम 12वें ओवर में 57 रन पर सात विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गई थी। कानपुर के ऑलराउंडर शुभम मिश्रा ने गेंद से भी प्रभावी प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर दो विकेट हासिल किए। अनुभवी स्पिनर कर्ण शर्मा ने 39 रन देकर दो और तेज गेंदबाज अजय कुमार ने 31 रन देकर दो विकेट झटके।
इसके बाद इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे बॉबी यादव ने कार्तिक सिद्धू के साथ मिलकर मैच का रुख बदल दिया। दोनों ने पहले संभलकर पारी को आगे बढ़ाया और फिर डेथ ओवरों में तेजी से रन बटोरे। नोएडा को अंतिम 18 गेंदों में नोएडा को 37 रन की जरूरत थी। दोनों बल्लेबाजों ने 18वें ओवर में अजय कुमार के खिलाफ 17 रन बटोरकर समीकरण को 12 गेंदों में 20 रन तक पहुंचा दिया।

कानपुर के विनीत पंवार ने 19वां ओवर शानदार तरीके से करते हुए सिर्फ छह रन दिए और अपने चार ओवर का स्पेल 24 रन देकर एक विकेट के साथ पूरा किया। नोएडा को अंतिम छह गेंदों में 14 रन चाहिए थे। अंतिम ओवर में शक्ति वर्मा के सामने बॉबी यादव ने पहली दो गेंदों पर लगातार चौके लगाकर दबाव कानपुर पर डाल दिया। इसके बाद तीन गेंदों पर चार रन की जरूरत थी और बॉबी ने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार चौका लगाकर नोएडा किंग्स को जीत दिला दी।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
