पेशेवर टेनिस की चुनौती के लिए तैयार दक्षिणेश्वर सुरेश, बोले- निरंतरता ही सफलता की कुंजी
वेक फॉरेस्ट यूनिवर्सिटी में दक्षिणेश्वर सुरेश के आसपास हमेशा कोई न कोई मौजूद रहता था। साथ में अभ्यास करने वाले साथी, साथ में सफर करने वाले दोस्त और ऐसा सहयोगी तंत्र जो उन्हें आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। लेकिन…

वेक फॉरेस्ट यूनिवर्सिटी में दक्षिणेश्वर सुरेश के आसपास हमेशा कोई न कोई मौजूद रहता था। साथ में अभ्यास करने वाले साथी, साथ में सफर करने वाले दोस्त और ऐसा सहयोगी तंत्र जो उन्हें आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहा है।
लेकिन पेशेवर टेनिस की दुनिया इससे बिल्कुल अलग है। यहां हाल ही में स्नातक की डिग्री लेने वाले इस भारतीय टेनिस खिलाड़ी को अकेले यात्रा करनी पड़ती है, अपनी फिटनेस का ध्यान रखना होता है, अपने कार्यक्रम को तैयार करना होता है, सही कोच ढूंढना पड़ता है और मानसिक रूप से मजबूत रहना पड़ता है। इस बदलाव ने उन्हें पेशेवर बनने के लिए आवश्यक जरूरतों नई समझ दी है।
दक्षिणेश्वर ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत के डेविस कप मुकाबले से पहले पीटीआई से कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि मैं उस स्तर का खिलाड़ी हूं। मुझे बस यह देखना है कि मैं हर दिन और हर हफ्ते कितनी निरंतरता बनाए रख सकता हूं। क्योंकि टेनिस सत्र काफी लंबा होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर मैं साल भर इस स्तर को बनाए रख सकता हूं, तो मुझे पता है कि मैं शीर्ष पर पहुंच सकता हूं। मुझे बस मेहनत करनी होगी और निरंतरता बनाए रखनी होगी।’’

नीदरलैंड के खिलाफ फरवरी में डेविस कप मुकाबले में शानदार प्रदर्शन से दक्षिणेश्वर का अपनी क्षमताओं पर विश्वास और मजबूत हुआ। नीदरलैंड के खिलाफ उन्होंने तीन मैच जीते और भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लेकिन इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने जानबूझकर उस प्रदर्शन को भुला दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘वह अब अतीत की बात है। अब एक बेहतर इंसान बनने पर ध्यान देना है और फिर देखना है कि आगे क्या होता है।’’ दक्षिणेश्वर पेशेवर टेनिस में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आपको बस निरंतरता बनाए रखनी होगी। जब आप अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हों तो और कड़ी मेहनत करनी होगी। शीर्ष पर पहुंचने के लिए यह बेहद जरूरी है और मैं इसके लिए तैयार हूं।’’
दक्षिणेश्वर हालांकि पेशेवर टेनिस में मिली आजादी का भी पूरा आनंद ले रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे वास्तव में यह बहुत पसंद है कि आपको बहुत यात्रा करने और अलग-अलग कोर्ट पर खेलने, अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने, अलग-अलग दर्शकों के सामने खेलने और नए तरह के भोजन करने का मौका मिलता है।’’
दक्षिणेश्वर ने कहा, ‘‘अब मैं हर सप्ताह टूर्नामेंट खेलता हूं और मुझे लगातार खेलने के लिए शारीरिक रूप से फिट रहना होगा। मैंने सीखा है कि मुझे अपनी फिटनेस पर काम करना होगा और अपने साथ यात्रा के लिए किसी ऐसे व्यक्ति को रखना होगा जो मुझे मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखे।’’
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
