पीएम मोदी ने बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में लिया हिस्सा

बेंगलुरु ( सरिता त्रिपाठी ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में “प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने ‘प्रशांत कुटीरम’ के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की धरती सदियों से योग का केंद्र रही है। योग से जुड़े कितने ही आचार्यों और विद्वानों ने यहां जन्म लिया है और योग की परंपरा को समृद्ध भी किया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मुझे योग की असाधारण ऊर्जा का अनुभव करने का अवसर मिला है। कर्नाटक सदियों से योग का केंद्र रहा है। यहां कई जाने-माने योग गुरुओं और विद्वानों का जन्म हुआ, जिन्होंने इस प्राचीन परंपरा को समृद्ध किया।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “प्रशांति कुटीरम में जो शुरुआत हुई थी, वह अब योग शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान बन गई है। योग के साथ-साथ, आपने आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान को मिलाकर एक समग्र वेलनेस इकोसिस्टम भी विकसित किया है। तनाव से जुड़ी चुनौतियों और जीवनशैली से होने वाली बीमारियों जैसे क्षेत्रों में किए गए शोध ने दुनिया भर के लोगों की मदद की है। मैं इन उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रशांति कुटीरम की सराहना करता हूं।”
उन्होंने एचवी शेषाद्रि को याद करते हुए कहा, “प्रशांति कुटीरम की स्वर्ण जयंती के साथ ही इस वर्ष हम एचवी शेषाद्रि की जन्मशताब्दी भी मना रहे हैं। मैं उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। शेषाद्रि जी ने अपना पूरा जीवन ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ के मिशन को आगे बढ़ाने में लगाया। शेषाद्रि जी के बारे में एक और बात है, जिसे मैं कभी नहीं भूल सकता। वे अक्सर कहा करते थे, ‘जब हम समाज को अपनी दोनों आंखों से देखते हैं, तो समाज भी हमें लाखों आंखों से देखता है।’ पीएम मोदी ने कहा, “मैंने अपने जीवन में कई बार ऐसा होते देखा है। लोगों की सेवा करते हुए, मुझे हमेशा उनका आशीर्वाद और स्नेह मिला है। यह मेरे जीवन की सबसे बड़ी निधियों में से एक है। सेवा की यही भावना हमें शेषाद्रि जी के परिवार में भी देखने को मिलती है।”
इस दौरान, पीएम मोदी ने कन्नड़ फिल्मों के दिग्गज अभिनेता डॉ. राजकुमार की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “राजकुमार भी कर्नाटक की धरती के उन अनेक योग प्रेमियों में से एक थे, जिन्होंने कला की दुनिया और योग साधना, दोनों में अपना योगदान दिया। कर्नाटक की समृद्ध विरासत के बीच, ‘शांति कुटीरम’ की 50 वर्षों की यात्रा सेवा और समर्पण की एक ऐसी असाधारण और अभूतपूर्व कहानी है, जिसके बारे में हर भारतीय को पता होना चाहिए।”
सम्बंधित ख़बरें
तिगरी गंगा मेला 2026: 17 कलाकार और 16 शिक्षण संस्थान बिखेरेंगे सांस्कृतिक छटा
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं हुईं ठप, आउटलुक और टीम्स इस्तेमाल नहीं कर पाए यूजर्स
भगवान बिरसा के बहाने जनजातियों के संघर्ष की याद
प्रसंगः राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस (15 नवंबर)
