द इंडियन व्यू

नंबर एक का ताज और यूएस ओपन खिताब, रायबाकिना ने रचा यादगार इतिहास

एलेना रायबाकिना ने सेमीफाइनल में पहुंचकर एरिना सबालेंका से विश्व रैंकिंग में नंबर एक स्थान छीना, वह यहीं पर नहीं रुकी और उन्होंने पिछली दो बार की विजेता को फाइनल में तीन सेट में हराकर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में…

Ragwendra P Singh
September 13, 2026
3 min read
नंबर एक का ताज और यूएस ओपन खिताब, रायबाकिना ने रचा यादगार इतिहास

एलेना रायबाकिना ने सेमीफाइनल में पहुंचकर एरिना सबालेंका से विश्व रैंकिंग में नंबर एक स्थान छीना, वह यहीं पर नहीं रुकी और उन्होंने पिछली दो बार की विजेता को फाइनल में तीन सेट में हराकर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला एकल का खिताब भी अपने नाम कर दिया।

रायबाकिना को जिस टूर्नामेंट में लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा था आखिर में उसी में उन्होंने अपने करियर की सबसे बड़ी सफलता हासिल की। रायबाकिना ने शनिवार को सबालेंका को 6-4, 5-7, 6-2 से हराकर अमेरिकी ओपन में अपना पहला खिताब जीता। इस तरह से उन्होंने सबालेंका की खिताबी हैट्रिक पूरी करने की उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया।

महिला एकल में आखिरी बार सेरेना विलियम्स (2012 से 2014) यह कारनामा कर पाई थी। रायबाकिना ने कहा, ‘‘जो कुछ हुआ उसे समझना अब भी बहुत मुश्किल है। पिछले कुछ सप्ताह में मैंने बहुत सारी उपलब्धियां हासिल की।’’ यह रायबाकिना का तीसरा और इस साल का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इस साल दोनों ही खिताब उन्होंने सबालेंका के खिलाफ हार्ड कोर्ट पर जीते। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई ओपन के खिताबी मुकाबले में सबालेंका को हराकर सत्र की शुरुआत की थी।

@usopen

रूस में जन्मीं लेकिन कजाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने वाली 27 वर्षीय रायबाकिना ने 2022 में विंबलडन में अपना पहला बड़ा खिताब जीता और अब उन्हें करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने के लिए केवल फ्रेंच ओपन जीतने की जरूरत है। रायबाकिना ने अमेरिकी ओपन में बेलारूस की सबालेंका का 19 मैचों से चला आ रहा जीत का सिलसिला भी तोड़ दिया। सबालेंका यहां 2023 के फाइनल में कोको गॉफ से पराजित होने के बाद से नहीं हारी थीं।

इस जीत से रायबाकिना ने 55 लाख डॉलर की कमाई की, जो ग्रैंड स्लैम इतिहास का सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने इस सत्र में तीन खिताब जीतकर सबालेंका और फ्रेंच ओपन विजेता मीरा एंड्रीवा की भी बराबरी की। सबालेंका को 28 लाख डॉलर मिले, लेकिन यह स्पष्ट था कि यह रकम उनके लिए खास मायने नहीं रखती, वह हार से बेहद निराश थी।

रायबाकिना ने अपनी तीखी सर्विस के अलावा दमदार रिटर्न से सबालेंका पर लगातार दबाव बनाए रखा। उन्हें ब्रेक प्वाइंट हासिल करने के 12 मौके मिले और उनमें से तीन को भुनाया, जो जीत हासिल करने के लिए पर्याप्त थे।

अमेरिकी ओपन में 2000 के बाद यह तीसरा अवसर था जबकि पहले और दूसरे नंबर की खिलाड़ी फाइनल खेल रही थी। लेकिन यह पहला अवसर था जबकि दूसरे नंबर की खिलाड़ी ने जीत हासिल की। ​​अन्य दो मुकाबलों में सेरेना शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी थीं। उन्होंने 2002 में अपनी बहन वीनस और 2013 में विक्टोरिया अजारेंका को हराया था।

इस बार आंकड़ों का कोई खास महत्व नहीं था, क्योंकि सोमवार को स्थिति पलट जाएगी। सबालेंका लगातार 99 सप्ताह से शीर्ष स्थान पर काबिज थीं, लेकिन रायबाकिना ने सेमीफाइनल में पहुंचकर अपने नाम पर शीर्ष स्थान सुनिश्चित कर दिया था। सबालेंका ने मैच के बाद रायबाकिना की तीखी सर्विस की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘उसकी सर्विस कमाल की है। वह कोर्ट पर आकर आपको पीछे छोड़ देती है। विशेषकर तब जबकि वह अमेरिकी ओपन का कोर्ट हो जहां गेंद बहुत तेज से आती हैं। यह उसके लिए निश्चित रूप से एक बड़ा फायदा है। कई चीजें उसे खतरनाक बनाती हैं।’’

तीसरे सेट के पहले गेम में ब्रेक प्वाइंट पर बैकहैंड शॉट बाहर जाने के बाद रायबाकिना ने थोड़ी निराशा जरूर दिखाई, लेकिन जल्द ही उन्होंने मैच पर पूरी तरह से नियंत्रण कर लिया। इसके बाद उन्होंने सबालेंका को कोई मौका नहीं दिया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।