द इंडियन व्यू

दिल्ली सरकार ने अभिलेखागार एवं पुरातत्व अनुसंधान फेलोशिप योजनाओं को दी मंजूरी

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने राजधानी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा शोध को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘अभिलेखागार अनुसंधान फेलोशिप’ और ‘पुरातत्व अनुसंधान फेलोशिप’ योजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन…

Ragwendra P Singh
July 11, 2026
3 min read
दिल्ली सरकार ने अभिलेखागार एवं पुरातत्व अनुसंधान फेलोशिप योजनाओं को दी मंजूरी

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने राजधानी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा शोध को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘अभिलेखागार अनुसंधान फेलोशिप’ और ‘पुरातत्व अनुसंधान फेलोशिप’ योजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन योजनाओं के माध्यम से दिल्ली के इतिहास को शोध-आधारित और प्रमाणिक रूप में संरक्षित करने के साथ-साथ देश-विदेश के शोधकर्ताओं और नई पीढ़ी तक उसकी व्यापक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि दिल्ली केवल देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि हजारों वर्षों के इतिहास, संस्कृति और सभ्यता की जीवंत धरोहर भी है। इस अमूल्य विरासत का संरक्षण, वैज्ञानिक अध्ययन, व्यवस्थित दस्तावेजीकरण और भावी पीढ़ियों तक उसका हस्तांतरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से दोनों फेलोशिप योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘अभिलेखागार अनुसंधान फेलोशिप’ के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष एक वर्ष की अवधि के लिए 15 फेलो नियुक्त किए जाएंगे। चयनित शोधार्थियों को उनके कार्य और योग्यता के आधार पर प्रतिमाह 25 हजार से 50 हजार रुपये तक की फेलोशिप प्रदान की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य अभिलेखीय शोध को बढ़ावा देना, रिकॉर्ड प्रबंधन को सुदृढ़ बनाना, ऐतिहासिक दस्तावेजों के डिजिटलीकरण को प्रोत्साहित करना तथा महत्वपूर्ण अभिलेखों तक शोधकर्ताओं और आम नागरिकों की पहुंच को आसान बनाना है।

 

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना के तहत रिकॉर्ड प्रबंधन, अभिलेखीय सामग्री का संरक्षण एवं परिरक्षण, रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण, सूचना एवं डेटा का प्रसार, माइक्रो-फिल्मिंग, रिप्रोग्राफी, शोध एवं प्रकाशन तथा विशेष रूप से उर्दू और फारसी जैसी प्राच्य भाषाओं से जुड़े दस्तावेजों के अध्ययन पर कार्य किया जाएगा। यह फेलोशिप इतिहासकारों, अभिलेख विशेषज्ञों, संरक्षण विशेषज्ञों, भाषाविदों और विरासत विशेषज्ञों को संस्थागत स्तर पर शोध का अवसर उपलब्ध कराएगी।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘पुरातत्व अनुसंधान फेलोशिप’ के तहत प्रत्येक वर्ष 12 फेलो नियुक्त किए जाएंगे, जिन्हें एक वर्ष तक 25 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह की फेलोशिप दी जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली के समृद्ध पुरातात्विक स्थलों, ऐतिहासिक स्मारकों और सांस्कृतिक धरोहरों का अध्ययन, संरक्षण और संवर्धन करना है। इसके माध्यम से विशेष रूप से राजधानी के कम चर्चित ऐतिहासिक स्मारकों के इतिहास, पुरातत्व, वास्तुकला और संरक्षण से जुड़े शोध को बढ़ावा मिलेगा। इससे विरासत संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दोनों फेलोशिप योजनाएं अभिलेख, पुरातत्व और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में प्रशिक्षित एवं कुशल विशेषज्ञों की नई पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इससे अकादमिक शोध को नई दिशा मिलेगी और दिल्ली की दस्तावेजी तथा पुरातात्विक विरासत के संरक्षण को संस्थागत मजबूती मिलेगी।

 

उन्होंने बताया कि दोनों योजनाओं के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, चयन प्रक्रिया तथा अन्य नियम एवं शर्तों से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश संबंधित विभागों द्वारा अलग से जारी किए जाएंगे। परिचालन संबंधी दिशा-निर्देश जारी होने के बाद दोनों फेलोशिप योजनाओं को शीघ्र लागू किए जाने की उम्मीद है।--------------

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

दिल्ली-NCR में सांसों की परीक्षा शुरू: 1 नवंबर से लागू होगा विंटर एक्शन प्लान, अगले 15 दिन होंगे निर्णायक

विंटर एक्शन प्लान के तहत प्रदूषण को कम करने के लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अगर हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचती है, तो ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्ती बढ़ा दी जाएगी। इसके तहत सबसे बड़ा कदम वाहनों पर उठाया जाएगा।

गन्ना-आधारित एथेनॉल पर रोक, मक्का प्रोत्साहन घटा; 2026-27 निविदा में सरकार का बड़ा फैसला

विवेक ओझा नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में एक बड़ा नीतिगत बदलाव करते हुए 2026-27 आपूर्ति वर्ष के लिए गन्ने के रस, चीनी, चीनी सिरप और बी-हैवी मोलासेस से बनने वाले एथेनॉल की खरीद पर रोक लगा दी है।…

विदेशमंत्री ने कोलकाता भगदड़ पर दुख जताया

नई दिल्ली : विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में मची भगदड़ पर गहरा दुख जताया।डॉ जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कोलकाता में मची भगदड़ से गहरा दुख हुआ है।…

ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीद से हटाया टैरिफ, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?

विवेक ओझा नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर लगने वाले टैरिफ से छूट देने का बड़ा फैसला किया है। यह छूट 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' के तहत दी…