द इंडियन व्यू

दिल्ली के रोहिणी में चारमंजिला इमारत गिरी, तीन की मौत, मलबे से मजदूर को जिंदा निकाला

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार शाम एक नवनिर्मित चारमंजिला (ग्राउंड प्लस) इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर को कई घंटों के रेस्क्यू ऑपरेशन…

Ragwendra P Singh
July 9, 2026
3 min read
दिल्ली के रोहिणी में चारमंजिला इमारत गिरी, तीन की मौत, मलबे से मजदूर को जिंदा निकाला

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार शाम एक नवनिर्मित चारमंजिला (ग्राउंड प्लस) इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर को कई घंटों के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से जिंदा बाहर निकाल लिया गया। पुलिस, एनडीआरएफ, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने गुरुवार को बताया कि बुधवार शाम करीब 4ः28 बजे पीसीआर पर सूचना मिली कि रोहिणी सेक्टर-16 के जी-4 पॉकेट स्थित मकान नंबर 151-152 में नवनिर्मित इमारत अचानक ढह गई है। सूचना मिलते ही केएन कटजू मार्ग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां देखा गया कि पूरी इमारत जमींदोज हो चुकी थी और उसका मलबा सड़क तक फैल गया था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ मजदूर और अन्य लोग इमारत के भीतर मौजूद थे, जो मलबे में दब गए हैं।

 

सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, दिल्ली दमकल, टीपीडीडीएल और अन्य एजेंसियों की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। भारी मशीनों और आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। कई घंटों तक चले अभियान के दौरान सबसे पहले मजदूर सद्दाम (34) को जिंदा बाहर निकाल लिया गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल डॉ. बी.आर. आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

 

रेस्क्यू अभियान के दौरान मलबे से तीन शव भी बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय राम, 20 वर्षीय नूरुल हुदा (उर्फ कफे) और 51 वर्षीय राम दुआ के रूप में हुई है। राम स्थानीय निवासी थे और पेशे से दर्जी थे। नूरुल हुदा बहराइच जिले का रहने वाला था और निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। वहीं राम दुआ उसी इमारत के मालिक का पिता बताया जा रहा है। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह इमारत हाल ही में बनाई गई थी। हादसे के वक्त उसमें निर्माण से जुड़े कुछ कार्य चल रहे थे। अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई, जिससे वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया, जिसके बाद पुलिस और अन्य एजेंसियां भी पहुंच गईं।

 

हादसे के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया गया। देर रात तक मलबा हटाने का काम जारी रहा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसके नीचे कोई अन्य व्यक्ति दबा न रह गया हो। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग पूरा हो चुका है, हालांकि एहतियात के तौर पर मलबा हटाने का कार्य जारी रखा गया।

 

पुलिस ने इमारत के निर्माण, नक्शे की मंजूरी, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के पालन की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि निर्माण में किसी तरह की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ। यदि ऐसा पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

दिल्ली-NCR में सांसों की परीक्षा शुरू: 1 नवंबर से लागू होगा विंटर एक्शन प्लान, अगले 15 दिन होंगे निर्णायक

विंटर एक्शन प्लान के तहत प्रदूषण को कम करने के लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अगर हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचती है, तो ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्ती बढ़ा दी जाएगी। इसके तहत सबसे बड़ा कदम वाहनों पर उठाया जाएगा।

गन्ना-आधारित एथेनॉल पर रोक, मक्का प्रोत्साहन घटा; 2026-27 निविदा में सरकार का बड़ा फैसला

विवेक ओझा नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में एक बड़ा नीतिगत बदलाव करते हुए 2026-27 आपूर्ति वर्ष के लिए गन्ने के रस, चीनी, चीनी सिरप और बी-हैवी मोलासेस से बनने वाले एथेनॉल की खरीद पर रोक लगा दी है।…

विदेशमंत्री ने कोलकाता भगदड़ पर दुख जताया

नई दिल्ली : विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में मची भगदड़ पर गहरा दुख जताया।डॉ जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कोलकाता में मची भगदड़ से गहरा दुख हुआ है।…

ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीद से हटाया टैरिफ, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?

विवेक ओझा नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर लगने वाले टैरिफ से छूट देने का बड़ा फैसला किया है। यह छूट 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' के तहत दी…