जुरेल के नाबाद शतक से भारत का मजबूत स्कोर, श्रीलंका ने 8 रन पर गंवाए 2 विकेट
ध्रुव जुरेल के शानदार नाबाद 115 रन से भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित कर दी। जुरेल ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया और निचले क्रम के बल्लेबाजों के…

ध्रुव जुरेल के शानदार नाबाद 115 रन से भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित कर दी। जुरेल ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया और निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां कर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में दिन का खेल खत्म होने पर श्रीलंका ने केवल 8 रन पर 2 विकेट खो दिये।
जुरेल ने नौ चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने ऋषभ पंत के साथ छठे विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की। पंत ने 63 रन की उपयोगी पारी खेली। श्रीलंका से तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो ने चार विकेट हासिल किए। प्रभात जयसूर्या और केशरा नुवांथा को दो-दो विकेट मिले, हालांकि दोनों भारतीय बल्लेबाजों पर पर्याप्त दबाव बनाने में सफल नहीं रहे।
करीब दो घंटे 10 मिनट के बारिश से बाधित खेल के बाद जब मुकाबला दोबारा शुरू हुआ, तब जुरेल 95 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे और अपने शतक से पांच रन दूर थे। उन्होंने मोहम्मद सिराज के साथ संभलकर शुरुआत की और श्रीलंकाई गेंदबाजों के दबाव के बावजूद अपना विकेट सुरक्षित रखा। 22 गेंदों के इंतजार के बाद जुरेल ने फर्नांडो की फुल गेंद को गेंदबाज के ऊपर से खेलकर अपना शतक पूरा किया।

इसके बाद उन्होंने अपनी बांह ऊपर उठाकर ‘जय जवान, जय किसान’ लिखा टैटू दिखाकर शतक का जश्न मनाया। सिराज ने भी बीच मैदान में उन्हें गले लगाकर बधाई दी। शतक पूरा करने के बाद जुरेल ने आक्रामक रुख अपनाया और फर्नांडो की गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाया। इसके बाद प्रभात जयसूर्या ने सिराज को पगबाधा आउट किया। सिराज ने 29 गेंदों का सामना किया और भारत ने इस विकेट के लिए लिया गया रिव्यू भी गंवा दिया।
प्रसिद्ध कृष्णा के साथ मिलकर जुरेल ने फर्नांडो की गेंद पर एक और छक्का लगाया। कृष्णा ने कवर के रास्ते चौका लगाकर भारत का स्कोर 500 के पार पहुंचाया। इसके तुरंत बाद कप्तान शुभमन गिल ने पारी घोषित करने का फैसला किया। भारत के 503/9 घोषित करने के बाद श्रीलंकाई टीम जैसे ही बल्लेबाजी करने आई सिराज के केवल दो गेंद फेंकने के बाद फिर से बारिश आ गई।
और इसके बाद जब खेल शुरु हुआ तो दूसरे ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने लाहिरू उडारा को पवेलियन भेज दिया। उडारा ने 1 रन बनाए और स्लीप में यशस्वी जायसवाल ने उनका शानदार कैच पकड़ा। अगले ओवर में मानव सुधार ने प्रभात जयसूर्या (02) को आउट कर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया। श्रीलंका ने केवल 3 ओवर में 8 रन पर 2 विकेट खो दिये। तभी अंपायरों ने खराब रोशनी के कारण दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
