जमशेदपुर एफसी को हराकर मोहन बागान सुपर जायंट फाइनल में, बेंगलुरू एफसी से भिड़ंत
लीग शील्ड विजेता मोहन बागान सुपर जायंट इंडियन सुपर लीग 2024-25 के फाइनल में पहुंच गई है, जहां उनका मुकाबला 12 अप्रैल को अपने घरेलू मैदान पर बेंगलुरू एफसी से होगा। @IndSuperLeague मोहन बागान सुपर जायंट ने सोमवार रात…

लीग शील्ड विजेता मोहन बागान सुपर जायंट इंडियन सुपर लीग 2024-25 के फाइनल में पहुंच गई है, जहां उनका मुकाबला 12 अप्रैल को अपने घरेलू मैदान पर बेंगलुरू एफसी से होगा।

मोहन बागान सुपर जायंट ने सोमवार रात विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेले गए आईएसएल 2024-25 के दूसरे सेमीफाइनल के दूसरे चरण के मुकाबले में जमशेदपुर एफसी को 2-0 से हराया और 3-2 के कुल गोल अंतर के जरिये लगातार तीसरे खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
मेजबान टीम की जीत में ऑस्ट्रेलियाई फॉरवर्ड जैसन कमिंग्स ने 51वें मिनट में पेनल्टी किक के जरिये और मिडफील्डर अपुया ने 90+4वें मिनट में इस सीजन का अपना पहला गोल किया। अपुया को निर्णायक गोल करने और मिडफील्ड में भरपूर मेहनत करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
घरेलू मैदान पर मोहन बागान सुपर जायंट की शानदार जीत से स्पेनिश हेड कोच जोस मोलिना निश्चित रूप से प्रसन्न होंगे, क्योंकि उनकी टीम लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बनाने में कामयाब हुई है।
वहीं, रेड माइनर्स की हार से मुख्य कोच खालिद जमील जरूर निराश होंगे, क्योंकि इस सीजन में उनकी टीम का सफर समाप्त हो गया। हालांकि खालिद जमील के रेड माइनर्स ने अपने घर पर डबल-लेग सेमीफाइनल का पहला मुकाबला 2-1 से जीता था।
मैच का पहला गोल 51वें मिनट में पेनल्टी किक के जरिये आया, जब ऑस्ट्रेलियाई फॉरवर्ड जैसन कमिंग्स ने मोहन बागान सुपर जायंट को बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 (कुल गोल अंतर 2-2) कर दिया।
एमबीएसजी को पेनल्टी किक के रूप में यह सुनहरा मौका 50वें मिनट में मिला, जब बायीं तरफ से मिली कॉर्नर किक पर जैसन कमिंग्स ने क्रॉस डालकर गेंद को बॉक्स के अंदर पहुंचा, लेकिन गेंद स्कॉटिश सेंटर-बैक टॉम एल्ड्रेड के हैडर के बाद जमशेदपुर एफसी के सेंटर-बैक प्रणय हल्दर के हाथ में जा लगी और रैफरी तेजस नागवेंकर ने लंबी सीटी बजाकर पेनल्टी किक का इशारा कर दिया।
इसके बाद कमिंग्स ने करारा लेफ्ट फुटर शॉट लगाकर गेंद को बॉटम राइट कॉर्नर के अंदर पहुंचा दिया जबकि जमशेदपुर एफसी के गोलकीपर एल्बिनो गोमेज गलत अनुमान के साथ विपरीत दिशा की तरफ डाइव लगा बैठे।
पांच मिनट के स्टॉपेज टाइम के दौरान 90+4वें मिनट में मिडफील्डर अपुया ने इस सीजन का अपना पहला गोल करके मोहन बागान सुपर जायंट की बढ़त को दोगुना करते हुए स्कोर 2-0 (कुल गोल अंतर 3-2) कर दिया।
मिडफील्डर अनिरुद्ध थापा बॉक्स के बायीं तरफ से गेंद को माइनस करके सेंटर किया, जहां मौजूद अपुया ने 25 गज की दूरी से करारा राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को टॉप राइट कॉर्नर के अंदर गोल जाल में उलझा दिया जबकि जमशेदपुर एफसी के गोलकीपर एल्बिनो गोमेज अपने बायीं तरफ डाइव लगाकर भी बचाव नहीं कर पाए।
पहला हाफ गोलरहित बराबरी पर रहा, क्योंकि दोनों ही टीमें गतिरोध तोड़कर बढ़त बनाने में नाकाम रहीं। दोनों टीमें 0-0 की बराबरी के साथ हाफ टाइम ब्रेक पर गईं। गेंद पर ज्यादा नियंत्रण मोहन बागान सुपर जायंट का 77 फीसदी रहा।
एमबीएसजी ने 17 प्रयास भी किए, जिनमें से सात शॉट टारगेट पर रखे लेकिन पूरे हाफ के दौरान दबदबा बनाए रखने के बावजूद गोल नहीं कर पाए। वहीं, गेंद पर 23 फीसदी कब्जा रखने वाली जमशेदपुर एफसी की ओर से चार प्रयास किए गए, जिनमें से एक शॉट टारगेट पर रहा, लेकिन गोल नहीं आया।
हालांकि मिडफील्डर सौरभ दास ने गोल-लाइन सेव करके अपनी टीम को पिछड़ने से बचाया और उनके अलावा गोलकीपर एल्बिनो गोमेज ने कुछ अच्छे बचाव करके शतक (बचाव का) पूरा किया। इस दौरान मेजबान टीम बेहद आक्रामक रणनीति के साथ खेली, जिस कारण ज्यादातर खेल विपक्षी हाफ और बॉक्स के अंदर व आस-पास ही हुआ, जिसे रेड माइनर्स लगातार डिफेंस करते हुए दबाव झेलते रहे और अपने ऊपर गोल नहीं होने दिया।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
