मेगा ऑक्शन के बाद भी गुजरात जायंट्स का भरोसा बरकरार, गार्डनर फिर कप्तान
मेगा ऑक्शन के बाद नए संयोजन की अटकलों के बीच गुजरात जायंट्स ने महिला प्रीमियर लीग 2026 के लिए निरंतरता को तरजीह दी है। टीम ने साफ कर दिया है कि ऑस्ट्रेलियाई ऑल-राउंडर एश्ले गार्डनर ही अगले सीजन में भी कप्तानी संभालेंगी।…

मेगा ऑक्शन के बाद नए संयोजन की अटकलों के बीच गुजरात जायंट्स ने महिला प्रीमियर लीग 2026 के लिए निरंतरता को तरजीह दी है।
टीम ने साफ कर दिया है कि ऑस्ट्रेलियाई ऑल-राउंडर एश्ले गार्डनर ही अगले सीजन में भी कप्तानी संभालेंगी। गार्डनर को पिछले सीजन टीम की कमान सौंपी गई थी और उनकी अगुवाई में गुजरात जायंट्स ने इतिहास रचते हुए पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाई थी।
कप्तानी की घोषणा करते हुए फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर भरोसे और अनुभव को केंद्र में रखा। गुजरात जायंट्स ने लिखा, “अनुभव अपने चरम पर है। उनकी आवाज में विश्वास है। एश्ले गार्डनर एक बार फिर हमारी कप्तान होंगी। वह हमें जीत दिलाने के लिए तैयार हैं।”
महिला प्रीमियर लीग 2026 से पहले मेगा ऑक्शन आयोजित होने के कारण यह कयास लगाए जा रहे थे कि गुजरात जायंट्स नए कप्तान के साथ उतर सकती है, लेकिन फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर गार्डनर पर भरोसा जताते हुए नेतृत्व में स्थिरता बनाए रखी है।

एश्ले गार्डनर महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन 2023 से ही गुजरात जायंट्स का अहम हिस्सा रही हैं। टीम के लिए अब तक खेले गए 25 मैचों में उन्होंने 568 रन बनाए हैं और 25 विकेट भी झटके हैं। इसी भरोसे का नतीजा रहा कि मेगा ऑक्शन से पहले ही गुजरात ने उन्हें रिटेन कर लिया था।
पिछला सीजन गार्डनर के लिए व्यक्तिगत रूप से भी शानदार रहा। मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने नौ मैचों में 164.18 के स्ट्राइक रेट से 243 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में 8 विकेट लेकर अपने ऑल-राउंड प्रदर्शन से खूब सुर्खियां बटोरीं।
टीम के प्रदर्शन की बात करें तो गुजरात जायंट्स ने पिछले सीजन आठ मैचों में आठ अंक हासिल कर तीसरा स्थान पाया था। हालांकि प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस से हार के बाद उनका सफर समाप्त हो गया था।
https://twitter.com/Giant_Cricket/status/2005694441055748181
महिला प्रीमियर लीग का चौथा संस्करण 9 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट के मुकाबले नवी मुंबई और वडोदरा में आयोजित होंगे। गुजरात जायंट्स अपने अभियान की शुरुआत 10 जनवरी को नवी मुंबई में यूपी वॉरियर्ज के खिलाफ करेगी।
मेगा ऑक्शन के बाद बदली हुई टीमों और मजबूत स्क्वॉड के साथ महिला प्रीमियर लीग 2026 के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिसमें एश्ले गार्डनर की कप्तानी एक बार फिर गुजरात जायंट्स की सबसे बड़ी ताकत साबित हो सकती है।
सम्बंधित ख़बरें
अभिनेता नील नितिन मुकेश 29 नवंबर को एस.के. लखनऊ मैराथन में शामिल होकर बढ़ाएंगे धावकों का उत्साह
लखनऊ में 29 नवंबर को आयोजित होने जा रहे दूसरे एस.के. लखनऊ मैराथन 2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
लखनऊ में 29 नवंबर को ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण, फिटनेस के साथ ओलंपिक मूल्यों का दिया जाएगा संदेश
फिट इंडिया मूवमेंट के लोकप्रिय साप्ताहिक अभियान ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण रविवार, 29 नवंबर को देशभर में उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
उन्नति-तन्वी ने एकल में कायम रखी भारतीय चुनौती, गायत्री-त्रिशा भी महिला युगल सेमीफाइनल में
पिछले साल की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा व तन्वी शर्मा ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में एकल में भारतीय चुनौती कायम रखते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
मलेशिया को 6-2 से रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत, दीपिका ने दागे दो गोल
भारत ने दीपिका के दो गोल से शुक्रवार को यहां मलेशिया को 6-2 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों की विजेता भारतीय टीम ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपने छह में से पांच गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किए।
