द इंडियन व्यू

कार्तिक त्यागी की तूफानी गेंदबाजी, मेरठ की लगातार चौथी जीत

लखनऊ। तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की धारदार और मैच जिताऊ गेंदबाजी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मैच में नोएडा किंग्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 23 रन से…

Ragwendra P Singh
August 21, 2026
4 min read
कार्तिक त्यागी की तूफानी गेंदबाजी, मेरठ की लगातार चौथी जीत

लखनऊ। तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की धारदार और मैच जिताऊ गेंदबाजी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मैच में नोएडा किंग्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 23 रन से हराया। इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने लगातार चौथी जीत दर्ज की और आठ अंक के साथ अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए अंक तालिका में शीर्ष पर पकड़ मजबूत की। मेरठ अब तक लीग में एक भी मैच नहीं हारा है।

बारिश से बाधित मैच में डीएलएस से नोएडा किंग्स को 23 रन से हराया

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए पहले मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। नोएडा किंग्स के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही मेरठ पर दबाव बना दिया।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

कुणाल त्यागी ने पहले ही ओवर में लगातार दो गेंदों पर स्वास्तिक चिकारा (1) और ऋतुराज शर्मा (0) को आउट कर मेरठ को करारा झटका दिया। मेरठ ने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए और सात ओवर के अंदर टीम पांच विकेट पर 35 रन बनाकर संघर्ष करने को मजबूर हो गई।

दिव्यांश राजपूत 9 रन बनाकर कुणाल त्यागी की गेंद पर कार्तिक त्यागी को कैच दे बैठे, जबकि दिव्यांश जोशी भी चार रन बनाकर प्रशांत वीर की गेंद पर कार्तिक त्यागी के हाथों कैच आउट हुए। इसी बीच पिछले मैच में जीत के नायक कप्तान रिंकू सिंह दो रन ही बनाकर पगबाधा आउट हो गए। हालांकि दूसरे सलामी बल्लेबाज अक्षय दुबे ने एक छोर संभालते हुए मेरठ की पारी को कुछ हद तक संभाला। उन्होंने 41 गेंदों पर 6 चौके व एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 43 रन की पारी खेली।

वहीं दूसरे छोर पर नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। संदीप तोमर 14 रन और यश गर्ग 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि अक्षय के संघर्ष के बावजूद मेरठ मावेरिक्स की पूरी टीम 19.3 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई। नोएडा किंग्स की ओर से कुणाल त्यागी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 16 रन देकर चार विकेट हासिल किए। प्रशांत वीर ने 4 ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट झटके।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। छोटे लक्ष्य का बचाव करने के लिए मेरठ मावेरिक्स को शानदार गेंदबाजी की जरूरत थी और कार्तिक त्यागी ने अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से टीम की उम्मीदों को हकीकत में बदल दिया। नोएडा ने पावरप्ले में चार विकेट गंवा दिए। टीम ने पहले ओवर की ही दूसरी गेंद पर शिवा सिंह (4) का विकेट गंवा दिया। उनका विकेट विशाल चौधरी ने लिया।

इसके बाद कार्तिक त्यागी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अपनी तेज रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से नोएडा के बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा। उन्होंने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर शौर्य सिंह (1) को आउट करने के बाद अगली ही गेंद पर आदित्य शर्मा (0) को एलबीडब्ल्यू किया। इस दौरान उनकी गेंदों की रफ्तार 149 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची।

कार्तिक त्यागी ने इसके बाद भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और चौथे ओवर की पहली गेंद पर माधव कौशिक (6) को संदीप तोमर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। कार्तिक के शानदार स्पेल के बाद जीशान अंसारी और यश गर्ग ने भी दबाव का फायदा उठाया।

बॉबी यादव ने 19 गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 रन बनाए, लेकिन आठवें ओवर में जीशान अंसारी की गेंद पर विकेटकीपर अक्षय दुबे को कैच दे बैठे। इसके बाद रवि सिंह ने 26 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाए, लेकिन 10.2 ओवर में यश गर्ग की गेंद पर विकेटकीपर अक्षय दुबे को कैच दे बैठे। इसके चलते 10.2 ओवर के बाद नोएडा का स्कोर छह विकेट पर 51 रन था।

इसी दौरान तेज बारिश ने मैच में खलल डाल दिया। बारिश लगातार जारी रहने के कारण मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका। उस समय डीएलएस के अनुसार नोएडा किंग्स का पार स्कोर 74 रन था। नोएडा की टीम 51 रन पर थी, यानी वह पार स्कोर से 23 रन पीछे थी। अंततः मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और मेरठ मावेरिक्स ने डीएलएस पद्धति से 23 रन से जीत दर्ज की। कार्तिक त्यागी को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने तीन ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।