67 टेस्ट खेलने वाले डेमियन मार्टिन की तबीयत गंभीर, ब्रिसबेन अस्पताल में भर्ती
ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टेस्ट खेल चुके दिग्गज क्रिकेटर डेमियन मार्टिन को गंभीर हालत में ब्रिसबेन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक 54 वर्ष के दांए हाथ के पूर्व बल्लेबाज हाल में बीमार हुए…

ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टेस्ट खेल चुके दिग्गज क्रिकेटर डेमियन मार्टिन को गंभीर हालत में ब्रिसबेन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक 54 वर्ष के दांए हाथ के पूर्व बल्लेबाज हाल में बीमार हुए थे।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक उन्हें मेनिनजाइटिस हुआ है और फिलहाल वह इंड्यूस्ड कोमा में हैं। डेमियन मार्टिन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट और वनडे में कई यादगार पारियां खेली हैं। 2003 के वनडे विश्व कप में उन्होंने भारत के खिलाफ टूटी उंगली के साथ नाबाद 88 रन की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया की जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी।
इंड्यूस्ड कोमा प्राकृतिक कोमा से अलग होता है। इसमें डॉक्टर दवाओं के जरिए मरीज को गहरी बेहोशी की स्थिति में पहुंचाते हैं।
ऐसा मस्तिष्क को गंभीर चोट, सूजन या अन्य जानलेवा स्थितियों से बचाने और ठीक होने का समय देने के लिए किया जाता है, ताकि मस्तिष्क पर दबाव कम हो और ठीक हो सके। यह एक नियंत्रित प्रक्रिया है, जो प्राकृतिक कोमा से अलग है।

यह मरीज को गंभीर दर्द या असहजता से बचाने के लिए भी किया जाता है जो चोट या बीमारी के कारण हो सकती है। डेमियन मार्टिन के साथ खेल चुके पूर्व टेस्ट खिलाड़ी डारेन लेहमैन ने उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा है।
लेहमैन ने लिखा, 'डेमियन मार्टिन के लिए बहुत सारा प्यार और दुआएं की जा रही हैं। मजबूत बने रहिए और लड़ते रहिए लिजेंड। परिवार को प्यार।'
https://twitter.com/darren_lehmann/status/2006104707815670094
एक बातचीत के दौरान डेमियन मार्टिन के करीबी दोस्त और पूर्व विकेटकीपर ऐडम गिलक्रिस्ट ने कहा, 'उन्हें सर्वश्रेष्ठ इलाज मिल रहा है। अमांडा (मार्टिन की पार्टनर) और उनका परिवार जानता है कि बहुत सारे लोग उनके लिए दुआएं कर रहे हैं।'
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ एग्जिक्यूटिव टोड ग्रीनबर्ग ने मार्टिन के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की है। उन्होंने कहा, ‘डेमियन की बीमारी के बारे में सुनकर दुखी हूं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में सबकी तरफ से उनके लिए दुआएं। इस समय क्रिकेट समुदाय उनके साथ है।’
डेमियन मार्टिन की पहचान एक शानदार बल्लेबाज की रही है। टेस्ट में उनका औसत 46.37 का है। डार्विन में पैदा हुए मार्टिन ने 21 की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ 1992-93 की सीरीज में टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने डीन जोंस की जगह ली थी। 23 की उम्र में उन्होंने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी भी की थी।
डेमियन मार्टिन ने टेस्ट में 13 शतक जड़े हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर न्यूजीलैंड के खिलाफ 2005 में आया था जब उन्होंने 165 रन की पारी खेली थी। मार्टिन ने 2006-07 के एशेज में एडिलेड ओवल में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। उसके बाद वह कॉमेंट्री करने लगे थे।
मार्टिन ने अपने करियर में 208 ओडीआई मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 40.8 के शानदार औसत से रन बनाए। वह 1999 और 2003 में विश्वकप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे।
2003 के फाइनल में उन्होंने भारत के खिलाफ टूटी उंगली के साथ नाबाद 88 रन बनाए थे। वह 2006 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा थे।
सम्बंधित ख़बरें
अभिनेता नील नितिन मुकेश 29 नवंबर को एस.के. लखनऊ मैराथन में शामिल होकर बढ़ाएंगे धावकों का उत्साह
लखनऊ में 29 नवंबर को आयोजित होने जा रहे दूसरे एस.के. लखनऊ मैराथन 2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
लखनऊ में 29 नवंबर को ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण, फिटनेस के साथ ओलंपिक मूल्यों का दिया जाएगा संदेश
फिट इंडिया मूवमेंट के लोकप्रिय साप्ताहिक अभियान ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण रविवार, 29 नवंबर को देशभर में उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
उन्नति-तन्वी ने एकल में कायम रखी भारतीय चुनौती, गायत्री-त्रिशा भी महिला युगल सेमीफाइनल में
पिछले साल की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा व तन्वी शर्मा ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में एकल में भारतीय चुनौती कायम रखते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
मलेशिया को 6-2 से रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत, दीपिका ने दागे दो गोल
भारत ने दीपिका के दो गोल से शुक्रवार को यहां मलेशिया को 6-2 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों की विजेता भारतीय टीम ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपने छह में से पांच गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किए।
