एपीएल-2: चोला चीफ्स ने तोड़ा हार का सिलसिला, शूटऑफ में योद्धस को दी मात
हैदराबाद : लगातार पांच हार से जूझ रही चोला चीफ्स की टीम ने गुरुवार को आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) सीजन-2 में शानदार वापसी करते हुए पृथ्वीराज योद्धस को हिट-ऑर-मिस शूटऑफ में 2-0 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 4-4…

हैदराबाद : लगातार पांच हार से जूझ रही चोला चीफ्स की टीम ने गुरुवार को आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) सीजन-2 में शानदार वापसी करते हुए पृथ्वीराज योद्धस को हिट-ऑर-मिस शूटऑफ में 2-0 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 4-4 की बराबरी पर थीं।
एलेजांद्रा उस्कियानो और युक्ता श्री कोंडापावुलुरी ने हिट-ऑर-मिस शूटऑफ में गोल्डन एक्स-रिंग पर लगाया निशाना
शूटऑफ में चोला चीफ्स की ओर से कोलंबिया की एलेजांद्रा उस्कियानो और भारत की युक्ता श्री कोंडापावुलुरी ने गोल्डन एक्स-रिंग पर निशाना साधा। उनके सटीक निशाने हिट रहे, जबकि बाकी तीरंदाज चूक गए। इससे चीफ्स ने शूटऑफ 2-0 से अपने नाम कर लिया।
टूर्नामेंट के दूसरे दिन के बाद से जीत के लिए तरस रही चीफ्स की टीम ने आठवें दिन आखिरकार हार का सिलसिला तोड़ दिया। राउंड रॉबिन चरण में अब केवल कुछ मुकाबले शेष हैं।

चीफ्स के पास यह मुकाबला निर्धारित समय में ही जीतने का अच्छा मौका था। टीम ने शुरुआती दो सेट अपने नाम किए थे। तीसरे सेट में भी उसकी स्थिति मजबूत थी, लेकिन रिकर्व तीरंदाज युक्ता श्री और मार्कस डी’अल्मेडा के सातवें रिंग में निशाना लगाने से टीम की बढ़त को झटका लगा।
पृथ्वीराज योद्धस ने गाथा खड़के के शानदार एक्स-रिंग निशाने की बदौलत अंतिम सेट जीतकर मुकाबले को 4-4 से बराबर कर दिया। ऐसा लग रहा था कि मजबूत स्थिति में पहुंचने के बाद चीफ्स ने मैच पर अपनी पकड़ गंवा दी है, लेकिन शूटऑफ में टीम ने शानदार वापसी की।
कोलंबिया की कंपाउंड तीरंदाज उस्कियानो ने शूटऑफ में सटीक एक्स-रिंग निशाना लगाकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। उन्होंने निर्धारित समय के चारों सेटों में कुल 80 में से 80 अंक हासिल किए। यह इस सीजन के सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शनों में से एक रहा। इस जीत से चोला चीफ्स की शीर्ष चार में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार हैं। टीम के अब चार अंक हो गए हैं, जबकि प्रिथ्वीराज योधाज छह अंकों पर कायम है।

आर्चरी प्रीमियर लीग भारतीय तीरंदाजी संघ की पहल है और इसे दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी आधारित तीरंदाजी लीग के रूप में पेश किया गया है। इसमें छह टीमें और कुल 48 तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 36 भारतीय और 12 शीर्ष अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज शामिल हैं। हैदराबाद के पीपुल्स प्लाजा में आयोजित यह लीग 18 अक्टूबर को फाइनल के साथ समाप्त होगी।
एपीएल के दूसरे सीजन में नया प्लेऑफ प्रारूप भी लागू किया गया है, जिसका उद्देश्य लीग चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को खिताब तक पहुंचने के अधिक अवसर देना है। लीग तालिका में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को रविवार के फाइनल में जगह बनाने के दो मौके मिलेंगे। तीसरे और चौथे स्थान की टीमें 17 अक्टूबर को नियमित मुकाबलों के बाद एलिमिनेटर-1 में भिड़ेंगी। इस मुकाबले का विजेता एलिमिनेटर-2 में पहुंचेगा।
रविवार को शीर्ष दो टीमें शॉर्टकट डिसाइडर में आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले का विजेता सीधे खिताबी मुकाबले में पहुंचेगा, जबकि हारने वाली टीम एलिमिनेटर-2 के विजेता से भिड़कर दूसरे फाइनलिस्ट का फैसला करेगी।
शुक्रवार को पहले मुकाबले में मौजूदा चैंपियन राजपूताना रॉयल्स का सामना अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर मौजूद चोला चीफ्स से होगा। दूसरे मुकाबले में प्रिथ्वीराज योधाज की भिड़ंत स्थानीय टीम काकतीय नाइट्स से होगी। दिन के अंतिम मुकाबले में माइटी मराठाज और चेरो आर्चर्स आमने-सामने होंगे।
आर्चरी प्रीमियर लीग सीजन-2 का सीधा प्रसारण सोनीलिव , दूरदर्शन, भारतीय तीरंदाजी संघ के यूट्यूब चैनल और आर्चरी+ पर किया जा रहा है। मुकाबलों के टिकट डिस्ट्रिक्ट बाय जोमेटो पर उपलब्ध हैं।
स्कोर: आठवां दिन (15 अक्टूबर)
चोला चीफ्स 4-4 (76-72, 78-77, 73-75, 74-77) पृथ्वीराज योद्धस ।
हिट-ऑर-मिस शूटऑफ: चोला चीफ्स ने 2-0 से जीत दर्ज की।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
सम्बंधित ख़बरें
भारत में फिर लौटनी चाहिए फॉर्मूला-वन रेस, मिका हाकिनेन ने की पुरजोर पैरवी
फॉर्मूला-वन के दो बार के विश्व चैंपियन मिका हाकिनेन ने भारत में इस प्रतिष्ठित मोटरस्पोर्ट की वापसी की पुरजोर वकालत करते हुए कहा है कि देश में प्रशंसकों की बड़ी संख्या और व्यापक कारोबारी संभावनाओं को देखते हुए यहां फिर…
शुरुआती बढ़त के बावजूद हारा एफसी गोवा, रेगर-तादाज़ ने आखिरी मिनटों में दागे दो गोल
भारतीय फुटबॉल क्लब एफसी गोवा शुरुआती बढ़त का फायदा नहीं उठा सका और उसे एएफसी चैलेंज लीग 2026-27 के ग्रुप सी के पहले मुकाबले में ताजिकिस्तान के एफसी रेगर-तादाज़ से 1-2 से हार मिली। एआईएफएफ सुपर कप विजेता गोवा ने शानदार…
संजू सैमसन को फॉर्म में लौटने के लिए सिर्फ एक बड़ी पारी की जरूरत: पुजारा
पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने संजू सैमसन का समर्थन करते हुए बोला कि एक बड़ी पारी इस विकेटकीपर बल्लेबाज को दोबारा लय में ला सकती है। उनका मानना है कि टी20 क्रिकेट में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लिए निरंतरता…
दिल्ली हाफ मैराथन में चार्ल्स मताता का कोर्स रिकॉर्ड, वुडिनेश अलेमु ने भी जीता खिताब
दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में केन्या के चार्ल्स मताता ने पुरुषों की एलीट दौड़ में नया कोर्स रिकॉर्ड बनाकर खिताब अपने नाम किया, जबकि इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु महिलाओं की एलीट दौड़ में विजेता बनीं। भारतीय धावकों में शैलेश…
