द इंडियन व्यू

आयुष मंत्रालय ने आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ाया

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह) : आयुष ग्रिड द्वारा तैयार किए गए डिजिटल आधार को आगे बढ़ाते हुए, आयुष मंत्रालय अब आयुर्वेद और व्यापक आयुष क्षेत्र के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अगली प्रमुख तकनीक के रूप में बढ़ावा दे रहा है।…

Ragwendra P Singh
September 20, 2026
4 min read
आयुष मंत्रालय ने आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ाया

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह) : आयुष ग्रिड द्वारा तैयार किए गए डिजिटल आधार को आगे बढ़ाते हुए, आयुष मंत्रालय अब आयुर्वेद और व्यापक आयुष क्षेत्र के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अगली प्रमुख तकनीक के रूप में बढ़ावा दे रहा है। मंत्रालय स्वास्थ्य सेवा, अनुसंधान, शिक्षा, सूचना सेवाओं और निवेश सुविधा के क्षेत्रों में एआई के इस्तेमाल की संभावनाओं पर काम कर रहा है। इसके अंतर्गत विशेष एआई अनुप्रयोगों और राष्ट्रीय एआई पहलों के साथ व्यापक सहयोग से एक उभरता हुआ इकोसिस्टम तैयार हो रहा है।

लोगों के लिए एमएआईएसपी चैटबॉट बातचीत के माध्यम से आयुर्वेद सहित आयुष से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है। एआरपी रिसर्च असिस्टेंट एक जनरेटिव एआई आधारित सहायक है। यह आयुष रिसर्च पोर्टल का विस्तार करते हुए शोधकर्ताओं को आयुर्वेद और अन्य आयुष विषयों से संबंधित साहित्य को अधिक प्रभावी ढंग से खोजने और समझने में मदद करता है। ई-एलएमएस चैटबॉट आयुर्वेद और अन्य आयुष शिक्षण संस्थानों के लिए एआई आधारित विद्यार्थी जीवन चक्र प्रबंधन की सुविधा देता है। वहीं ई-चरक चैटबॉट औषधीय पौधों के व्यापार में सहायक के रूप में काम करता है और बातचीत आधारित एआई को आयुर्वेदिक औषध विज्ञान से जुड़े तंत्र से जोड़ता है। योग सारथी योग संबंधी सुझाव देने वाला एआई चैटबॉट है, जबकि निवेश सारथी आयुष क्षेत्र में निवेश के लिए एआई सहायक के रूप में काम करता है। ये सभी चैटबॉट आयुष ग्रिड के डिजिटल पोर्टल से आगे बढ़कर संवादात्मक, कुशल और उपयोगकर्ता-केंद्रित एआई सेवाओं के विस्तार को दर्शाते हैं।

इंडियाएआई इम्पैक्ट समिट 2026 में विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ साझेदारी में तैयार स्वास्थ्य पर एआई के प्रभाव का केसबुक में आयुष मंत्रालय का एक विशेष उदाहरण शामिल किया गया। इसका शीर्षक “आयुर्वेद के लिए एआई आधारित निर्णय सहायता : रिट्रीवल ऑगमेंटेड जनरेशन दृष्टिकोण” था। वैश्विक स्वास्थ्य एआई केसबुक में आयुर्वेद से जुड़े इस उदाहरण को शामिल किया जाना जनरेटिव एआई और आरएजी तकनीक के माध्यम से प्रमाण-आधारित आयुर्वेदिक ज्ञान को मजबूत करने और पारंपरिक चिकित्सा के व्यापक डिजिटल परिवर्तन की संभावनाओं को रेखांकित करता है।

मंत्रालय इंडियाएआई इनोवेशन चैलेंज में भागीदारी के माध्यम से अपने व्यापक एआई इकोसिस्टम को आगे बढ़ा रहा है। इसका उद्देश्य आयुष क्षेत्र के लिए विशेष रूप से तैयार एआई आधारित समाधान विकसित करना है। प्रमुख उपयोग क्षेत्रों में आवाज आधारित इलेक्ट्रॉनिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड, रोगों के रुझान की पहचान और व्यक्तिगत उपचार सहायता से जुड़े समाधान शामिल हैं। इनका उद्देश्य आयुर्वेद और अन्य आयुष प्रणालियों में स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय जानकारी और मरीज-केंद्रित देखभाल को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करना है।

11 जुलाई 2025 को विश्व स्वास्थ्य संगठन, अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ और विश्व बौद्धिक संपदा संगठन ने संयुक्त रूप से “पारंपरिक चिकित्सा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल” शीर्षक से एक तकनीकी रिपोर्ट जारी की थी। इसमें बताया गया है कि एआई पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में किस तरह सहायता कर सकता है। साथ ही, इसमें आयुर्वेद सहित पारंपरिक चिकित्सा में जिम्मेदार, प्रमाण-आधारित और सांस्कृतिक रूप से उपयुक्त दृष्टिकोण अपनाने के महत्व पर बल दिया गया है।

आयुष मंत्रालय ने इंडियाएआई और इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के साथ सहयोग किया है। इसके अंतर्गत आयुष इकोसिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, भाषा तकनीक, डिजिटल स्वास्थ्य और उन्नत कंप्यूटिंग के इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशने के अवसर तैयार हुए हैं। मंत्रालय से संबंधित सामग्री अब एआई कोश पर भी उपलब्ध है। इससे आयुष और आयुर्वेद के क्षेत्र में एआई अनुसंधान और जानकारी के व्यापक प्रसार में मदद मिलेगी। भाषिणी के साथ सहयोग के माध्यम से आयुष ग्रिड के पोर्टल अब भारत की 22 अनुसूचित भाषाओं में उपलब्ध हैं। इसका इस्तेमाल आयुर्वेद के चिकित्सकों, विद्यार्थियों और लोगों द्वारा किया जाता है। इससे देश की भाषाई विविधता के बीच इन सेवाओं की पहुंच और भागीदारी बढ़ेगी।

एआई सहायकों के साथ-साथ इंडियाएआई और भाषिनी के सहयोग से आयुष इकोसिस्टम कुशल और नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसका उद्देश्य पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान का स्थान तकनीक से लेना नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से इस ज्ञान को मजबूत करना, आपस में जोड़ना और व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि यह भारत और दुनिया भर के लोगों के लिए अधिक खोज योग्य, प्रमाण-आधारित और सुलभ हो सके।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

दिल्ली-NCR में सांसों की परीक्षा शुरू: 1 नवंबर से लागू होगा विंटर एक्शन प्लान, अगले 15 दिन होंगे निर्णायक

विंटर एक्शन प्लान के तहत प्रदूषण को कम करने के लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अगर हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचती है, तो ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्ती बढ़ा दी जाएगी। इसके तहत सबसे बड़ा कदम वाहनों पर उठाया जाएगा।

गन्ना-आधारित एथेनॉल पर रोक, मक्का प्रोत्साहन घटा; 2026-27 निविदा में सरकार का बड़ा फैसला

विवेक ओझा नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में एक बड़ा नीतिगत बदलाव करते हुए 2026-27 आपूर्ति वर्ष के लिए गन्ने के रस, चीनी, चीनी सिरप और बी-हैवी मोलासेस से बनने वाले एथेनॉल की खरीद पर रोक लगा दी है।…

विदेशमंत्री ने कोलकाता भगदड़ पर दुख जताया

नई दिल्ली : विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में मची भगदड़ पर गहरा दुख जताया।डॉ जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कोलकाता में मची भगदड़ से गहरा दुख हुआ है।…

ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीद से हटाया टैरिफ, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?

विवेक ओझा नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर लगने वाले टैरिफ से छूट देने का बड़ा फैसला किया है। यह छूट 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' के तहत दी…