द इंडियन व्यू

अभिनंदन के चार विकेट, आराध्य का अर्धशतक; लखनऊ फाल्कन्स की पहली जीत

लखनऊ। मैन ऑफ द मैच अभिनंदन सिंह (4 विकेट) और आराध्य यादव (51) के अर्धशतक से लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स को तीन विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज…

Ragwendra P Singh
August 17, 2026
5 min read
अभिनंदन के चार विकेट, आराध्य का अर्धशतक; लखनऊ फाल्कन्स की पहली जीत

लखनऊ। मैन ऑफ द मैच अभिनंदन सिंह (4 विकेट) और आराध्य यादव (51) के अर्धशतक से लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स को तीन विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज की।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार शाम खेले गए मुकाबले में लखनऊ ने दबाव के बीच लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम किया। लखनऊ की जीत में अभिनंदन सिंह की चार विकेट की शानदार गेंदबाजी अहम रही। हालांकि नोएडा किंग्स को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन नोएडा के युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम ने भी सभी को प्रभावित किया।

रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स को तीन विकेट से किया पराजित

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के ‘स्पीड हंट’ की खोज शुभम को नीलामी में 21.50 लाख रुपये में खरीदा गया था। उन्होंने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इस मैच की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाकर की।

इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, आयोजन समिति के सदस्य मोहनलाल अग्रवाल और फैसल शेरवानी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने क्रिकेट को लेकर प्रदेश में एक अलग तरह का उत्साह पैदा किया है। इस लीग में युवा खिलाड़ियों को अनुभवी और स्थापित क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिल रहा है, जिससे उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलता है। प्रदेश के युवाओं में खेल को लेकर जो जुनून है, उसे सही मंच और अवसर मिलना बहुत जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि यूपी टी-20 लीग से निकलने वाले खिलाड़ी आगे चलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के हर मुकाबले के साथ प्रतिस्पर्धा और रोमांच बढ़ रहा है। हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को लगातार बेहतर अवसर मिलें और वे इस मंच का पूरा लाभ उठाकर अपने खेल को निखारें। दर्शकों का उत्साह भी लीग की सफलता को और खास बना रहा है।

टॉस जीतकर लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। नोएडा किंग्स ने पहले विकेट के लिए 34 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की, लेकिन चौथे ओवर में नवनीत कुमार ने शोएब सिद्दीकी को आउट कर नोएडा को पहला झटका दिया।

इसके बाद पांचवें ओवर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने इस ओवर में दो बल्लेबाजों को बोल्ड किया, जबकि प्रियम गर्ग के शानदार सीधे थ्रो ने एक और विकेट हासिल किया। इस तरह नोएडा किंग्स पावरप्ले के भीतर ही 48 रन पर पांच विकेट गंवा चुका था।

हालांकि शिवा सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के स्पिनर विप्रज निगम के खिलाफ आठवें ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन अगले ही ओवर में नवनीत कुमार ने उन्हें आउट कर तीसरा विकेट अपने नाम किया।

फिर बॉबी यादव (29) और कार्तिक सिद्धू (23) ने आठवें विकेट के लिए 49 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर नोएडा की पारी को संभाला। भारत के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार ने पारी के 19वें ओवर में सिद्धू को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। इसके बाद अंतिम ओवर में अभिनंदन सिंह ने दो और विकेट हासिल किए जिससे नोएडा किंग्स 19.5 ओवर में 136 रन पर सिमट गयी।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ फाल्कन्स ने 19.2 ओवर में सात विकेट पर 140 रन बनाकर जीत अपने नाम की। हालांकि टीम 41 रन पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में पड़ गयी। नोएडा के शुभम गौतम ने सीजन का अपना पहला विकेट हासिल करते हुए मोहम्मद सैफ को पवेलियन भेजा।

इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज आराध्य यादव ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की पारी को संभाला। उन्होंने 42 गेंदों पर 5 चौके व दो छक्के से 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।

हालांकि शुभम गौतम ने 16वें ओवर में लगातार दो विकेट लिए। उन्होंने पहले आराध्य यादव को आउट किया और फिर इम्पैक्ट प्लेयर अली जफर मोहसिन को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। इस समय लखनऊ का स्कोर 108 रन पर छह विकेट था और उसे 24 गेंदों में 29 रन की जरूरत थी।

ऐसे दबाव भरे समय में समीर चौधरी ने शानदार संयम दिखाया। उन्होंने 19 गेंदों पर नाबाद 28 रन की पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। समीर ने 20वें ओवर में विजयी रन बनाकर लखनऊ फाल्कन्स को तीन विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।

संंक्षिप्त स्कोर
नोएडा किंग्स – 136 रन, 19.5 ओवर
बॉबी यादव 29, कार्तिक सिद्धू 23, शिवा सिंह 22
(अभिनंदन सिंह 4 विकेट, नवनीत कुमार 3 विकेट)

लखनऊ फाल्कन्स – 140/7, 19.2 ओवर
आराध्य यादव 51, समीर चौधरी नाबाद 28
(शुभम गौतम 3 विकेट, माधव कौशिक दो विकेट)
मैन ऑफ द मैच : अभिनंदन सिंह
लखनऊ फाल्कन्स तीन विकेट से विजयी

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।