IPL 2025: अंक तालिका में नंबर वन पर गुजरात टाइटंस, KKR को उनके गढ़ में दी मात
बीएस राय। गुजरात टाइटन्स ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें आईपीएल 2025 का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। आईपीएल के 18वें सीजन के एक रोमांचक मुकाबले में गुजरात ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 39 रनों से…

बीएस राय। गुजरात टाइटन्स ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें आईपीएल 2025 का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। आईपीएल के 18वें सीजन के एक रोमांचक मुकाबले में गुजरात ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 39 रनों से हराकर अपना छठा मैच जीत लिया। इस जीत के साथ टाइटन्स अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।
गुजरात की पारी का हर एंगल खास रहा कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का केकेआर का फैसला महंगा साबित हुआ। गुजरात टाइटन्स के लिए कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी की, जिसमें गिल ने 90 और सुदर्शन ने 52 रन बनाए।
गिल ने 55 गेंदों पर 10 चौकों और 3 छक्कों की मदद से अपनी पारी को संवारा, जबकि सुदर्शन ने 36 गेंदों पर 6 चौके और एक छक्का लगाया। गिल और सुदर्शन की साझेदारी टूटने के बाद जोस बटलर मैदान पर आए और गिल के साथ मिलकर तेजी से रन बनाए। बटलर ने 23 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 41 रन बनाए। अंत में शाहरुख खान ने छक्का लगाकर गुजरात को 198/3 के स्कोर तक पहुंचाया।
199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत खराब रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम दबाव में आ गई। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने जरूर संघर्ष किया और 36 गेंदों पर 50 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई बड़ी साझेदारी नहीं मिल पाई।
सुनील नरेन (17), आंद्रे रसेल (21), रिंकू सिंह (17) और वेंकटेश अय्यर (14) भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। गुजरात की बॉलिंग लाइनअप ने जबरदस्त अनुशासन दिखाया। प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान ने 2-2 विकेट लिए। इसके साथ ही मोहम्मद सिराज, इशांत शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और आर साई किशोर ने भी एक-एक विकेट लेकर केकेआर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
रहाणे की अर्धशतकीय पारी भी कोलकाता को हार से नहीं बचा सकी। अंत में अंगकृष रघुवंशी (27) और हर्षित राणा (1) नाबाद लौटे, लेकिन टीम 20 ओवर में 159 रन ही बना सकी।
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस के खाते में 12 अंक हो गए हैं और टीम ने अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, जिससे उसकी प्लेऑफ की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है।
गुजरात टाइटंस की इस जीत की खास बात रही टीम का संतुलन- बल्लेबाजी में गिल-सुदर्शन-बटलर की मजबूत तिकड़ी और गेंदबाजी में प्रसिद्ध, राशिद, सिराज और किशोर जैसे स्ट्राइक बॉलर। इस फॉर्म को देखते हुए टीम निश्चित तौर पर खिताब की ओर मजबूती से बढ़ रही है।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
