चोट से उबर रहे नीरज चोपड़ा, अगले कुछ सप्ताह में फिर शुरू करेंगे अभ्यास
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और विश्व चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा चोट से तेजी से उबर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी चोट में काफी सुधार हुआ है और वह अगले कुछ सप्ताह में अभ्यास तथा पुनर्वास की प्रक्रिया दोबारा शुरू करेंगे।

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और विश्व चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा चोट से तेजी से उबर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी चोट में काफी सुधार हुआ है और वह अगले कुछ सप्ताह में अभ्यास तथा पुनर्वास की प्रक्रिया दोबारा शुरू करेंगे।
भारतीय खेल प्राधिकरण की मीडिया टीम से बातचीत में नीरज ने अपनी चोट के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “अब मेरी चोट काफी बेहतर है।
शुरुआत में पहले डेढ़ महीने के दौरान मुझे कुछ परेशानियां हुई थीं लेकिन अब काफी सुधार हुआ है। मैंने डॉ. दिनशॉ पारदीवाला से परामर्श लिया है। उन्होंने मुझे अभ्यास दोबारा शुरू करने और उचित पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू करने की सलाह दी है। मेरी योजना अगले कुछ सप्ताह में दोनों शुरू करने की है।”
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता ने स्पष्ट किया कि उन्होंने चिकित्सकों की सलाह के अनुसार पूरी तरह आराम किया। उन्होंने कहा, “मेरी चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी थी और मैंने उसका पूरी तरह पालन किया।
प्रतियोगिताओं के मामले में लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) और भारतीय खेल प्राधिकरण कई वर्षों से मेरा समर्थन कर रहे हैं। मैं लंबे समय से टॉप्स के कोर समूह का हिस्सा हूं और जब भी मुझे किसी तरह की मदद की जरूरत होती है, वे मेरे साथ खड़े रहते हैं।”
नीरज ने 28 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल से खेलो इंडिया खेल उपकरण विनिर्माण योजना को मंजूरी दिए जाने का भी स्वागत किया। उन्होंने इसे भारतीय खेलों के लिए बड़ा कदम बताया।
नीरज ने कहा, “यह शानदार पहल है। खिलाड़ियों को भारत में कुछ खास खेल उपकरण खरीदने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है या फिर उन्हें विदेश से उपकरण मंगाने पड़ते हैं। ऐसी योजनाओं से जब उपकरणों का निर्माण भारत में ही होगा, तो खिलाड़ियों के लिए उन्हें हासिल करना काफी आसान हो जाएगा।”
उन्होंने आगामी युवा ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने जा रहे भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दीं। नीरज ने कहा, “युवा ओलंपिक में जाने वाले सभी खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं।
इस अनुभव का आनंद लें और बहुत ज्यादा दबाव न लें या घबराएं नहीं। वहां मिलने वाला दबाव आपके लिए अच्छा है क्योंकि इससे आपको बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
इस अवसर का उपयोग दूसरे खिलाड़ियों को देखने और दबाव को अपनी ताकत बनाने के लिए करें। मुझे विश्वास है कि आप सभी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।”
सम्बंधित ख़बरें
प्रसिद्ध कृष्णा की चोट ने बिगाड़ा वनडे सीरीज का समीकरण, सिराज और नीतीश की टीम में बदली जिम्मेदारी
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 नवंबर से शुरू हो रही 5 वनडे मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। वह बाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं।
25 दिसंबर से शुरू होगा शतरंज का विश्व महाकुंभ, इस्तांबुल बना मेजबान
तुर्किये का इस्तांबुल शहर दिसंबर 2026 में फिडे विश्व रैपिड और ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। साल के आखिरी सप्ताह में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के कई शीर्ष शतरंज खिलाड़ी भाग लेंगे।
युवा ओलंपिक के लिए भारतीय टीम तैयार, 11 खेलों में आजमाएगी किस्मत
एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पूर्व गोला फेंक खिलाड़ी ओम प्रकाश करहाना को सेनेगल के डकार में शनिवार से जाने वाले युवा ओलंपिक खेलों के लिए 17 खिलाड़ियों सहित 35 सदस्यीय भारतीय दल का प्रमुख बनाया गया है।
हांगकांग सिक्सेस में भारत को झटका, पाकिस्तान ने दर्ज की पहली जीत
भारत को हांगकांग इंटरनेशनल सिक्सेस के मैच में शुक्रवार को पाकिस्तान ने चार विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर भारत छह ओवर में पांच विकेट पर 88 रन ही बना सका। शशांक सिंह ने 40 रन बनाये।
