द इंडियन व्यू

तेलंगाना में 12 दिन तक सजेगा खेलों का महाकुंभ, छह हजार खिलाड़ी दिखाएंगे दम

केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोमवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 का पूरा कार्यक्रम घोषित किया।

Prakhar
November 9, 2026
3 min read
तेलंगाना में 12 दिन तक सजेगा खेलों का महाकुंभ, छह हजार खिलाड़ी दिखाएंगे दम

केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोमवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 का पूरा कार्यक्रम घोषित किया।

तेलंगाना में 11 से 22 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस आयोजन में 27 प्रतिस्पर्धी और एक प्रदर्शन खेल सहित कुल 28 खेल शामिल होंगे। खेलो इंडिया कार्यक्रम के इतिहास में पहली बार तेलंगाना इसकी मेजबानी करेगा।

हैदराबाद में लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम परिसर, बशीरबाग और आधुनिक गाचीबोवली खेल परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर 22 खेलों के पदक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। बाकी खेलों की मेजबानी खम्मम (तीरंदाजी), हनुमकोंडा (एथलेटिक्स), करीमनगर (जूडो), निजामाबाद (टेबल टेनिस) और महबूबनगर (कबड्डी) करेंगे।

डॉ. मांडविया ने कहा, मुझे खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 का कार्यक्रम घोषित करते हुए बेहद खुशी हो रही है। इसके साथ ही खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं की एक श्रृंखला की शुरुआत होगी।

पिछले कुछ वर्षों में इन आयोजनों ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मंच दिया है। इसके बाद खिलाड़ी हमारी योजनाओं के माध्यम से उत्कृष्टता की राह पर आगे बढ़ते हैं। अइची-नागोया में हुए एशियाई खेलों के ठीक बाद खेलो इंडिया यूथ गेम्स आयोजित हो रहे हैं, इसलिए हमें यहां कुछ बेहतरीन प्रदर्शन देखने की उम्मीद है।

12 दिनों तक चलने वाले इस खेल आयोजन में लगभग छह हजार खिलाड़ियों और 1800 सहयोगी स्टाफ के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

सॉफ्टबॉल पहली बार प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में शामिल होगा, जबकि नौकायन को पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स के कार्यक्रम में जगह मिली है। हालांकि, नौकायन पदक स्पर्धा नहीं, बल्कि प्रदर्शन खेल के रूप में आयोजित किया जाएगा।

डॉ. मांडविया ने कहा, हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि खेलों का पारिस्थितिकी तंत्र इस तरह विकसित होना चाहिए कि हम ओलंपिक में अधिक से अधिक खेलों में हिस्सा ले सकें।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा है कि हमें समुद्र और पहाड़ों जैसे प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से खेले जाने वाले खेलों को बढ़ावा देना चाहिए। नौकायन भी ऐसा ही एक खेल है। हमें बेहद खुशी है कि हमारे नौकायन खिलाड़ी इन खेलों का हिस्सा बनेंगे और अपने खेल को बढ़ावा देने में मदद करेंगे।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का पिछला संस्करण 3 से 15 मई 2025 तक बिहार में आयोजित किया गया था। इसमें महाराष्ट्र ने 58 स्वर्ण, 47 रजत और 53 कांस्य सहित कुल 158 पदक जीतकर खिताब अपने नाम किया था। यह महाराष्ट्र का पांचवां खेलो इंडिया यूथ गेम्स खिताब था। उसने लगातार तीसरी बार यह उपलब्धि हासिल की थी।

दो बार की चैंपियन हरियाणा 39 स्वर्ण, 27 रजत और 51 कांस्य सहित कुल 117 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा था। राजस्थान ने 24 स्वर्ण, 12 रजत और 24 कांस्य सहित कुल 60 पदक जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया था।

बिहार संस्करण में कुल 26 रिकॉर्ड बने थे। इनमें आठ रिकॉर्ड लड़कियों ने बनाए थे, जिनमें पांच भारोत्तोलन के राष्ट्रीय युवा रिकॉर्ड शामिल थे।

तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, साइकिलिंग, तलवारबाजी, फुटबॉल, गतका, जिम्नास्टिक, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कलरिपयट्टू, खो-खो, मल्लखंब, रोइंग, निशानेबाजी, तैराकी, सॉफ्टबॉल, टेबल टेनिस, टेनिस, थांग-ता, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, कुश्ती और योगासन।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

केवम होज के शतक पर तौहीद का रिकॉर्ड भारी, ड्रॉ के साथ वेस्टइंडीज ने जीती सीरीज

वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला सोमवार को ड्रॉ पर समाप्त हुआ। हालांकि, पहले टेस्ट में आठ विकेट से मिली जीत के दम पर वेस्टइंडीज ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।

भारत-न्यूजीलैंड के खेल संबंधों के 100 साल पूरे, संजय की कप्तानी में दौरे पर जाएगी हॉकी टीम

हॉकी इंडिया ने न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए सोमवार को 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ऐलान कर दिया है।

टीम की जरूरत के हिसाब से हर भूमिका निभाने में माहिर हैं केएल राहुल: कोटक

टीम इंडिया के सहायक कोच सितांशु कोटक ने टीम की जरूरतों के अनुसार खुद को ढालने की लोकेश राहुल की क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यह अनुभवी बल्लेबाज टीम के लिए बेहद अहम है और चुनौतीपूर्ण पिचों पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित कर चुका है।

वनडे सीरीज के बीच दो धड़ों में बंटेगा टीम इंडिया का कोचिंग स्टाफ, जानें क्या है वजह

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला, कल, मंगलवार, 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा।