टी20 ने बदला वनडे का मिजाज, लेकिन मुश्किल पिचों पर धैर्य ही असली हथियार
क्रिकेट में बदलते समय के साथ बल्लेबाजी का अंदाज भी तेजी से बदला है। टी20 क्रिकेट ने बल्लेबाजों को कम समय में ज्यादा रन बनाने और हर गेंद पर बड़े शॉट खेलने की मानसिकता दी है। इसका असर वनडे क्रिकेट पर भी साफ दिखाई देता है।

क्रिकेट में बदलते समय के साथ बल्लेबाजी का अंदाज भी तेजी से बदला है। टी20 क्रिकेट ने बल्लेबाजों को कम समय में ज्यादा रन बनाने और हर गेंद पर बड़े शॉट खेलने की मानसिकता दी है। इसका असर वनडे क्रिकेट पर भी साफ दिखाई देता है।
हालांकि, न्यूजीलैंड दौरे पर ऑकलैंड और वेलिंगटन की अलग-अलग परिस्थितियों ने एक बार फिर साबित किया है कि 50 ओवर के प्रारूप में सिर्फ आक्रामकता के दम पर सफलता हासिल नहीं की जा सकती। यहां तकनीक, धैर्य और परिस्थितियों के अनुरूप खेलने की क्षमता भी उतनी ही अहम है।
हाल के दिनों में श्रीलंका का 430 रन का विशाल लक्ष्य 50 ओवर के भीतर हासिल करना और भारत का सपाट पिच पर 406 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक पार करना वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजी के बदलते स्वरूप की मिसाल हैं।
टी20 क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव ने बड़े लक्ष्य का पीछा करने की सोच को आसान बनाया है। लेकिन ऑकलैंड और वेलिंगटन जैसी परिस्थितियों में यह आक्रामक अंदाज बल्लेबाजों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।
ऑकलैंड और वेलिंगटन की पिचों पर तेज गेंदबाजों को मिलने वाली मदद और सफेद कूकाबूरा गेंद का अतिरिक्त उछाल बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल कर देता है। ऐसी परिस्थितियों में आक्रामक शॉट खेलने के बजाय तकनीक और धैर्य की असली परीक्षा होती है।
ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में विराट कोहली ने 74 रन की पारी खेलकर दिखाया कि परिस्थितियों को समझते हुए किस तरह बल्लेबाजी की जा सकती है। उनकी पारी में अनुभव, नियंत्रण और जरूरत के मुताबिक आक्रामकता का अच्छा मेल था।
लेकिन तीन दिन बाद वेलिंगटन में दूसरे मुकाबले की परिस्थितियां बिल्कुल अलग थीं। यहां तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही थी और बल्लेबाजों के लिए हर गेंद पर आक्रमण करना आसान नहीं था। ऐसे में तकनीक और संयम की भूमिका बढ़ गई।
इन दोनों मुकाबलों ने वनडे क्रिकेट के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या टी20 की आक्रामक बल्लेबाजी ने 50 ओवर के प्रारूप में बल्लेबाजों की पारंपरिक तकनीक और धैर्य को कमजोर किया है?
दरअसल, इंडियन प्रीमियर लीग और फ्रेंचाइजी आधारित टी20 क्रिकेट के विस्तार से पहले वनडे बल्लेबाजी पर टेस्ट क्रिकेट की तकनीक का गहरा प्रभाव रहता था। बल्लेबाज गेंद को समझकर खेलने और पारी को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे।
बल्ले को मजबूती से पकड़कर हर गेंद पर प्रहार करने की प्रवृत्ति भी उतनी आम नहीं थी। लेकिन 2008 से 2017 के बीच टी20 क्रिकेट के तेजी से बढ़ते प्रभाव ने बल्लेबाजी के तरीके में बड़ा बदलाव किया।
पावरप्ले में तेजी से रन बनाने और कम गेंदों में ज्यादा से ज्यादा स्कोर खड़ा करने की जरूरत ने बल्लेबाजों की सोच बदल दी। अब गेंद को जल्दी खेलने और ताकत के साथ शॉट लगाने पर अधिक जोर दिया जाने लगा।
इसका फायदा सपाट पिचों पर तो मिलता है, लेकिन जब गेंद को स्विंग या अतिरिक्त उछाल मिलता है तो यही शैली बल्लेबाजों की कमजोरी बन सकती है। ऐसी परिस्थितियों में शरीर का संतुलन बनाए रखना और सही समय पर शॉट खेलना बेहद जरूरी होता है।
आंकड़े भी बल्लेबाजी में आए इस बदलाव की पुष्टि करते हैं। वर्ष 2000 से 2007 के बीच वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजों का औसत स्ट्राइक रेट 64.27 था। इस दौरान बल्लेबाज दो विकेट जाने के बाद औसतन 34.01 गेंद खेलते थे।
वहीं, 2008 से 2015 के बीच औसत स्ट्राइक रेट बढ़कर 67.27 हो गया। इसमें 4.67 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दूसरी ओर, दो विकेट गिरने के बीच खेली जाने वाली गेंदों की संख्या घटकर 32.30 रह गई, जो करीब 5.03 प्रतिशत की गिरावट है। ये आंकड़े सभी टीमों के एक से 11 नंबर तक के बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर आधारित हैं।
आधुनिक क्रिकेट में बल्लेबाजी की गुणवत्ता को परखने के लिए सिर्फ रन और स्ट्राइक रेट ही पर्याप्त नहीं माने जाते। टीमों के डेटा विश्लेषक अब 'कंट्रोल परसेंटेज' यानी बल्लेबाजी में नियंत्रण के प्रतिशत को भी महत्वपूर्ण पैमाना मानते हैं।
यह बताता है कि बल्लेबाज ने कितनी गेंदों पर पूरी तरह नियंत्रण के साथ शॉट खेले। इसमें गलत टाइमिंग, बल्ले का किनारा लगना, डॉट बॉल और छूटे हुए कैच जैसे पहलुओं को भी ध्यान में रखा जाता है।
टी20 क्रिकेट ने बल्लेबाजों को जोखिम लेने के लिए प्रेरित किया है। बड़े शॉट लगाने की कोशिश में बल्लेबाज पहले से ज्यादा जोखिम उठाते हैं, लेकिन इसका असर उनके शॉट पर नियंत्रण पर भी पड़ा है। दूसरे शब्दों में कहें तो आधुनिक बल्लेबाजी में ज्यादा जोखिम लेकर तेजी से रन बनाने को प्राथमिकता दी जा रही है।
'ईएसपीएनक्रिकइन्फो' के आंकड़ों के मुताबिक, 1980 के दशक में वनडे क्रिकेट में करीब 29 प्रतिशत पारियों में टीमें ऑलआउट होती थीं। 2020 के दशक में यह आंकड़ा बढ़कर 38 प्रतिशत हो गया है।
यानी चौकों और छक्कों की संख्या बढ़ने के साथ ही विकेट गंवाने का जोखिम भी बढ़ा है। यह बदलाव बताता है कि आक्रामक बल्लेबाजी के दौर में नियंत्रण बनाए रखना पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गया है।
भारत और इंग्लैंड की बल्लेबाजी शैली में अंतर भी इस बदलाव को समझने का एक उदाहरण है। पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों में भारत ने आक्रामकता के साथ संयम का बेहतर संतुलन दिखाया है, जबकि इंग्लैंड की रणनीति अधिकतर आक्रमण पर आधारित रही है।
'ईएसपीएनक्रिकइन्फो' के आंकड़ों के अनुसार, इंग्लैंड का औसत कंट्रोल प्रतिशत 76.5 से 78.2 के बीच रहा है। वहीं, रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल और केएल राहुल जैसे अनुभवी बल्लेबाजों की मौजूदगी वाली भारतीय टीम का कंट्रोल प्रतिशत 82.8 से 84.6 के बीच रहा है।
इंग्लैंड में गलत शॉट खेलने की दर करीब 22 प्रतिशत है, भारत में यह 15 प्रतिशत है। चौकों और छक्कों पर निर्भरता के मामले में इंग्लैंड 62 प्रतिशत के साथ भारत (52 प्रतिशत) से आगे है।
पावरप्ले में इंग्लैंड का औसत स्कोर 105 से 112 रन के बीच रहा है, जबकि भारत का स्कोर 88 से 95 रन के आसपास है। इससे जाहिर होता है कि इंग्लैंड जहां शुरुआती ओवरों में तेजी से रन बनाने पर जोर देता है, वहीं भारत जोखिम और नियंत्रण के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करता है।
इसका असर दोनों टीमों के नतीजों में भी दिखाई देता है। वर्ष 2024 से 2026 के बीच भारत ने 29 वनडे मुकाबलों में 18 जीत दर्ज की और उसका जीत प्रतिशत 62.1रहा।
इसी अवधि में ऑस्ट्रेलिया ने 28 मैचों में 53.6 प्रतिशत और न्यूजीलैंड ने 25 मैचों में 13 जीत के साथ 52 प्रतिशत सफलता हासिल की। दक्षिण अफ्रीका का जीत प्रतिशत 45.8 रहा, जबकि इंग्लैंड 35 प्रतिशत से भी नीचे रहा।
हालांकि, वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजी के बदलते अंदाज के लिए पूरी तरह टी20 को जिम्मेदार ठहराना भी सही नहीं होगा। वेलिंगटन में भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर सवाल उठने के बीच कुछ साल पहले संन्यास लेने वाले एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने इसी ओर ध्यान दिलाया।
उन्होंने 2002 में न्यूजीलैंड दौरे का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भारतीय टीम में सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गज बल्लेबाज मौजूद थे। इसके बावजूद भारत सात मैचों की वनडे सीरीज 2-5 से हार गया था।
उन्होंने कहा, ''मैं आपको 2002 का उदाहरण देता हूं। उस साल भारत ने न्यूजीलैंड में सात मैचों की वनडे सीरीज 2-5 से गंवाई थी। उस समय भारतीय टीम में सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ जैसे बल्लेबाज थे। तब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं था, फिर भी भारतीय टीम मुश्किल से 200 रन का आंकड़ा पार कर पाती थी। पिचें ही ऐसी थीं।''
उन्होंने आगे कहा, ''हां, आज बल्लेबाज ज्यादा जोखिम लेकर खेलते हैं और बड़े शॉट लगाने की कोशिश करते हैं, लेकिन उसी पिच पर ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड को भी उतार दीजिए, नतीजा यही या इससे भी खराब हो सकता है।''
इस नजरिये से देखें तो वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजी की मौजूदा चुनौतियों को सिर्फ टी20 के प्रभाव से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। पिच और मौसम की परिस्थितियां हमेशा से खेल का हिस्सा रही हैं।
फर्क इतना है कि आधुनिक बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के लिए अधिक जोखिम लेते हैं। सपाट पिचों पर यह रणनीति मैच का रुख बदल सकती है, लेकिन गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों में पारंपरिक तकनीक, धैर्य और सही शॉट चयन की अहमियत फिर सामने आ जाती है।
वनडे क्रिकेट में सफलता का असली मंत्र शायद यही है कि बल्लेबाज आक्रामकता को अपनी ताकत बनाएं, लेकिन तकनीक और संयम की कीमत पर नहीं।
सम्बंधित ख़बरें
केवम होज के शतक पर तौहीद का रिकॉर्ड भारी, ड्रॉ के साथ वेस्टइंडीज ने जीती सीरीज
वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला सोमवार को ड्रॉ पर समाप्त हुआ। हालांकि, पहले टेस्ट में आठ विकेट से मिली जीत के दम पर वेस्टइंडीज ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।
भारत-न्यूजीलैंड के खेल संबंधों के 100 साल पूरे, संजय की कप्तानी में दौरे पर जाएगी हॉकी टीम
हॉकी इंडिया ने न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए सोमवार को 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ऐलान कर दिया है।
टीम की जरूरत के हिसाब से हर भूमिका निभाने में माहिर हैं केएल राहुल: कोटक
टीम इंडिया के सहायक कोच सितांशु कोटक ने टीम की जरूरतों के अनुसार खुद को ढालने की लोकेश राहुल की क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यह अनुभवी बल्लेबाज टीम के लिए बेहद अहम है और चुनौतीपूर्ण पिचों पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित कर चुका है।
वनडे सीरीज के बीच दो धड़ों में बंटेगा टीम इंडिया का कोचिंग स्टाफ, जानें क्या है वजह
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला, कल, मंगलवार, 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा।
