5-0 की शानदार जीत के साथ परवीन हुड्डा फाइनल में, अब स्वर्ण पर नजर
भारतीय मुक्केबाज परवीन हुड्डा ने एशियन खेल 2026 में महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बनाई। निशियो जिम्नेजियम में मंगलवार को खेले गए सेमीफाइनल में परवीन ने चीन की ली शू को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से मात दी।…

भारतीय मुक्केबाज परवीन हुड्डा ने एशियन खेल 2026 में महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बनाई। निशियो जिम्नेजियम में मंगलवार को खेले गए सेमीफाइनल में परवीन ने चीन की ली शू को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से मात दी।
परवीन ने मुकाबले के तीनों राउंड में अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में मुक्केबाजी की और ली शू को वापसी का ज्यादा मौका नहीं दिया। निर्णायकों ने सर्वसम्मति से मुकाबला भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में दिया। इस जीत के साथ परवीन ने अपना रजत पदक पक्का कर लिया है और अब वह शुक्रवार को स्वर्ण पदक के लिए चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन से भिड़ेंगी।
परवीन ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान की नवबहोर खामिदोवा को 5-0 से हराया था। खामिदोवा 2025 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता हैं। इससे पहले परवीन को शुरुआती दौर में वॉकओवर मिला था। पिछले एशियन खेल में परवीन ने कांस्य पदक जीता था। हालांकि, बाद में अप्रैल 2022 से मार्च 2023 के बीच व्हेयरअबाउट्स नियमों के उल्लंघन के कारण उनका वह पदक छिन गया था।

निलंबन पूरा करने के बाद उन्होंने 2025 के अंत में वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स में स्वर्ण पदक जीतकर वापसी की थी। इसके बाद राष्ट्रमंडल खेलों में उन्हें शुरुआती मुकाबले में साचा हिकी के खिलाफ करीबी मुकाबले में हार मिली थी। भारतीय मुक्केबाजी टीम ने पिछले हांगझोऊ एशियन खेल में चार पदक जीते थे, जिसमें एक रजत और तीन कांस्य शामिल थे। इस बार भारत के कई मुक्केबाज पदक दौर में पहुंच चुके हैं।
पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में अंकुश पंघाल और पुरुषों के 90 किग्रा से ऊपर वर्ग में नरेंद्र बेरवाल भी सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। भारतीय मुक्केबाजी टीम के अन्य खिलाड़ी भी अलग-अलग वर्गों में पदक की दौड़ में हैं।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
