द इंडियन व्यू

गाले टेस्ट में भारत का पलड़ा भारी, श्रीलंका को अब आखिरी विकेट का इंतजार

भारत और श्रीलंका के बीच गाले में हो रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को बारिश ने जमकर खलल डाला। करीब 55 ओवर का खेल बारिश की भेंट चढ़ने के बावजूद भारत ने दिन का खेल समाप्त होने तक 172 रन जोड़कर 9 विकेट पर 460 रन बना…

Ragwendra P Singh
August 16, 2026
3 min read
गाले टेस्ट में भारत का पलड़ा भारी, श्रीलंका को अब आखिरी विकेट का इंतजार

भारत और श्रीलंका के बीच गाले में हो रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को बारिश ने जमकर खलल डाला। करीब 55 ओवर का खेल बारिश की भेंट चढ़ने के बावजूद भारत ने दिन का खेल समाप्त होने तक 172 रन जोड़कर 9 विकेट पर 460 रन बना लिए।

देवदत्त पड्डिकल ने अपनी शानदार पारी को 167 रन तक पहुंचाया, जबकि ध्रुव जुरेल ने अर्धशतक लगाया। हालांकि पदार्पण कर रहे केशारा नुवंथा के तीन और प्रबाथ जयसूर्या के 4 विकेटों ने श्रीलंका को मुकाबले में वापसी का मौका दिया। बारिश और गीले आउटफील्ड के कारण दिन का खेल निर्धारित समय से करीब पांच घंटे की देरी से शुरू हुआ। भारत ने 288/2 से आगे खेलना शुरू किया।

ऋषभ पंत ने आते ही मिडविकेट क्षेत्र में चौका लगाया और भारत ने शुरुआती आधे घंटे में बिना नुकसान के खेल आगे बढ़ाया। हालांकि दूसरी नई गेंद लिए जाने के बाद पंत ज्यादा देर नहीं टिक सके। नुवंथा के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में पंत क्रीज से बाहर निकले, लेकिन गेंद को सही तरीके से टाइम नहीं कर सके और मिडऑफ पर कैच दे बैठे। इसके बाद श्रीलंका ने लगातार विकेट निकालकर भारतीय बल्लेबाजी पर दबाव बनाया।

© BCCI

शनिवार को ऐंठन के कारण रिटायर्ड हर्ट हुए केएल राहुल भी दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन अपने स्कोर में सिर्फ पांच रन जोड़ सके। नुवंथा की घूमती गेंद को फ्लिक करने के प्रयास में राहुल शॉर्ट लेग पर कैच दे बैठे और 82 रन पर आउट हुए।

भारत को देवदत्त पड्डिकल से बड़ी पारी की उम्मीद थी और उन्होंने उसे पूरी तरह सही भी साबित किया। हालांकि जब वह 167 रन पर पहुंच चुके थे, तब प्रबाथ जयसूर्या की गेंद पर आगे बढ़कर खेलने के प्रयास में चूक गए और विकेटकीपर ने उन्हें स्टंप कर दिया। इसके बाद नुवंथा ने रवींद्र जडेजा को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को 377/6 की स्थिति में पहुंचा दिया। इस दौरान ध्रुव जुरेल को 29 रन पर स्लिप में जीवनदान भी मिला।

जीवनदान का फायदा उठाते हुए जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने मानव सुथार के साथ मिलकर 55 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। दोनों ने लाहिरू कुमारा की खराब गेंदों का फायदा उठाते हुए एक ओवर में तीन चौके लगाए और भारत को 400 रन के पार पहुंचाया। जुरेल ने अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके तुरंत बाद धनंजय डी सिल्वा ने स्लिप में शानदार कैच लेकर उनकी पारी का अंत कर दिया। जुरेल ने 51 रन बनाए।

© AFP/Getty Images

निचले क्रम में मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव ने कुछ उपयोगी रन जोड़े और भारत को 460/9 तक पहुंचाया। भारत के पास अब सिर्फ एक विकेट बाकी है। श्रीलंका से प्रबाथ जयसूर्या ने 4 और केशारा नुवंथा ने तीन विकेट लिए।

तीन दिन का खेल अभी बाकी है और मौसम विभाग की ओर से आगे भी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में अगर भारत इस टेस्ट में जीत के लिए दबाव बनाना चाहता है तो उसे शेष एक विकेट जल्दी लेने के बाद मुकाबले को तेजी से आगे बढ़ाना होगा।

© BCCI

संक्षिप्त स्कोर: भारत 460/9 (देवदत्त पड्डिकल 167, केएल राहुल 82, ध्रुव जुरेल 51; प्रबाथ जयसूर्या 4/109, केशारा नुवंथा 3/175)।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।