यूपी टी-20 में काशी रुद्रास के अभियान का आगाज, पहले मैच में मेरठ से टक्कर
दो बार की यूपी टी-20 लीग चैंपियन काशी रुद्रास 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मेरठ मावेरिक्स के खिलाफ मुकाबले से अपने खिताब बचाओ अभियान की शुरुआत करेगी। यह टूर्नामेंट के…
दो बार की यूपी टी-20 लीग चैंपियन काशी रुद्रास 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मेरठ मावेरिक्स के खिलाफ मुकाबले से अपने खिताब बचाओ अभियान की शुरुआत करेगी। यह टूर्नामेंट के चौथे सत्र का पहला मुकाबला होगा।
सीजन का उद्घाटन मैच पिछले सत्र के फाइनल की यादें भी ताजा करेगा। पिछले साल खिताबी मुकाबले में काशी रुद्रास ने मेरठ मावेरिक्स को आठ विकेट से हराकर दूसरी बार यूपी टी-20 ट्रॉफी अपने नाम की थी। दोनों टीमें अब तक लीग का खिताब जीतने वाली एकमात्र टीमें हैं। काशी रुद्रास ने 2023 में पहला खिताब जीता था, जबकि मेरठ मावेरिक्स 2024 में चैंपियन बनी थी।
काशी रुद्रास ने पिछले सत्र में लीग चरण के 10 में से सात मुकाबले जीते थे और शुरुआती छह मैचों में लगातार जीत दर्ज की थी। इसके बाद टीम ने क्वालीफायर-1 और फाइनल में मेरठ मावेरिक्स को हराकर खिताब जीता। कप्तान करण शर्मा पिछले सत्र में 519 रन बनाकर लीग के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे और उन्होंने अपना दूसरा ऑरेंज कैप हासिल किया था। गेंदबाजी में अटल बिहारी राय 20 विकेट के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे थे, जबकि सुनील कुमार ने 15 और कार्तिक यादव ने 14 विकेट लिए थे।
नए सत्र से पहले काशी रुद्रास ने एक से 11 अगस्त तक कानपुर में 11 दिवसीय प्री-सीजन शिविर लगाया। इस दौरान खिलाड़ियों को एक-दूसरे को समझने, अपनी भूमिकाएं तय करने और टीम संयोजन पर काम करने का मौका मिला। कप्तान करण शर्मा ने कहा कि हमारे लिए यह शिविर बहुत अच्छा रहा। हमें साथ समय बिताने, एक-दूसरे को समझने और पहले मैच के बारे में सोचने से पहले एक टीम के रूप में सहज होने का मौका मिला।
उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छा अहसास है कि अभ्यास के मैदान पर उतरने से पहले ही हमारे बीच बातचीत शुरू हो गई थी। टीम अच्छी तरह एकजुट हुई है और हम जानते हैं कि अभी काफी मेहनत करनी है। उन्होंने कहा, “हमारे साथ काशी के लोगों का समर्थन और आशीर्वाद है। अब हमें उसी ऊर्जा को पहले मैच में लेकर जाना है और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।”
मुख्य कोच ध्रुव सिंह ने कहा, “हमारी तैयारी अच्छी रही है और शिविर उसका महत्वपूर्ण हिस्सा था। इससे हमें खिलाड़ियों को करीब से देखने, उनकी ताकत समझने और प्रतियोगिता शुरू होने से पहले जिन क्षेत्रों में सुधार करना था, उन पर काम करने का समय मिला। टीम में अच्छा संतुलन है और हर कोई समझता है कि हमें अच्छी शुरुआत करनी होगी।”
उन्होंने कहा, “पहला मुकाबला परिचित टीम के खिलाफ है, लेकिन हमारा ध्यान अपनी रणनीति को सही तरीके से लागू करने और पूरे सत्र की चुनौतियों के लिए तैयार रहने पर होगा।” काशी रुद्रास ने अपने मुख्य खिलाड़ियों को बरकरार रखने के साथ आगरा में हुई नीलामी में भी टीम में नए खिलाड़ियों को शामिल किया।
ऑलराउंडर मोहम्मद शरीम 17.50 लाख रुपये की कीमत के साथ टीम के सबसे महंगे नए खिलाड़ी रहे। उनके अलावा वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु और साहब युवराज सिंह भी टीम से जुड़े हैं। काशी रुद्रास के सामने इस सत्र में यूपीटी-20 इतिहास में पहली बार खिताब का सफल बचाव करने और तीसरी बार चैंपियन बनने की चुनौती होगी।
काशी रुद्रास
करण शर्मा (कप्तान), अभिषेक गोस्वामी, उपेंद्र यादव, अटल बिहारी राय, शुभम चौबे, कार्तिक यादव, सुनील कुमार, सक्षम राय, उवैस अहमद, ऋषभ राजपूत, दीपांशु यादव, अर्णव बालियान, मोहम्मद शरीम, वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु, साहब युवराज सिंह, दीपांशु सिंह, मोहम्मद उस्मान, सिद्धार्थ जैन, संगम सिंह, घनश्याम उपाध्याय और काव्या तेवतिया
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
