द इंडियन व्यू

हॉकी इंडिया के महानिदेशक कमांडर आरके श्रीवास्तव एफआईएचऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित

लखनऊ। हॉकी इंडिया के महानिदेशक लखनऊ के कमांडर आरके श्रीवास्तव को कतर की राजधानी दोहा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की 50वीं कांग्रेस में प्रतिष्ठित एफआईएच ऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित किया गया।

Prakhar
October 25, 2026
4 min read
हॉकी इंडिया के महानिदेशक कमांडर आरके श्रीवास्तव एफआईएचऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित

लखनऊ। हॉकी इंडिया के महानिदेशक लखनऊ के कमांडर आरके श्रीवास्तव को कतर की राजधानी दोहा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की 50वीं कांग्रेस में प्रतिष्ठित एफआईएच ऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित किया गया।

दोहा में आयोजित 50वीं एफआइर्एच कांग्रेस में मिला सम्मान

एफआईएच अध्यक्ष तैयब इकराम ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह सहित कांग्रेस में शामिल अंतरराष्ट्रीय हॉकी जगत के अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

एफआईएच ऑर्डर ऑफ मेरिट उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने कम से कम 10 वर्षों तक हॉकी के लिए उल्लेखनीय सेवाएं दी हों या अंतरराष्ट्रीय हॉकी के हित में असाधारण उपलब्धियां और योगदान किए हों।

कमांडर आरके श्रीवास्तव को भारत में हॉकी के विकास के प्रति समर्पण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस खेल को आगे बढ़ाने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।

लखनऊ निवासी कमांडर आरके श्रीवास्तव ने कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह 2010, 2018 और 2023 में आयोजित पुरुष हॉकी विश्व कप के साथ 2016, 2021 और 2025 के जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप की आयोजन समितियों का हिस्सा रहे हैं।

उन्होंने कई एशियाई और अन्य एफआईएच अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी योगदान दिया है। उनके अनुभव और प्रयासों ने बड़े स्तर पर हॉकी प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन और खेल को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

खेल प्रशासन के क्षेत्र में भी कमांडर श्रीवास्तव की सेवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

वर्ष 2007 में हैदराबाद और मुंबई में आयोजित चौथे सीआईएसएम सैन्य विश्व खेलों के दौरान उत्कृष्ट आचरण के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह चार वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय सैन्य खेल परिषद (सीआईएसएम) में भारतीय प्रतिनिधि के रूप में भी शामिल रहे।

देश के प्रमुख खेल आयोजनों में उनके योगदान की बात करें तो उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में शामिल सशस्त्र बल कार्यबल के सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके बाद उन्होंने चीन के ग्वांगझू में आयोजित 2010 एशियाई खेल और ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में हुए पांचवें सीआईएसएम सैन्य विश्व खेलों में भारतीय दल के उप-शेफ-डी-मिशन के रूप में देश का प्रतिनिधित्व किया।

उन्होंने स्विट्जरलैंड के बुओक्स में आयोजित सैन्य विश्व स्काई डाइविंग चैंपियनशिप में भारतीय सैन्य स्काई डाइविंग टीम के शेफ-डी-मिशन की जिम्मेदारी भी संभाली।

50वीं एफआईएच कांग्रेस में मिला यह सम्मान खेल प्रशासन के क्षेत्र में कमांडर आरके श्रीवास्तव की दीर्घकालिक सेवाओं और हॉकी के प्रति उनके समर्पण को रेखांकित करता है। साथ ही, यह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी के विकास में भारतीय खेल प्रशासकों के योगदान को भी मान्यता देता है।

सम्मान मिलने पर कमांडर आरके श्रीवास्तव ने कहा कि एफआईएच ऑर्डर ऑफ मेरिट प्राप्त करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। इस के लिए मैं अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ और उसके अध्यक्ष तैयब इकराम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।

यह सम्मान उन सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जो इस खेल को मजबूत बनाने और आगे बढ़ाने के लिए निरंतर काम करते हैं। मैं इस उपलब्धि को उन सभी लोगों के साथ साझा करता हूं, जो इस सफर का हिस्सा रहे हैं। खेल की सेवा करने का अवसर देने के लिए मैं हॉकी इंडिया का भी आभारी हूं।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि कमांडर आरके श्रीवास्तव को हॉकी के प्रति उनके समर्पण और भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में उनके योगदान के लिए एफआईएच ऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित किया जाना हॉकी इंडिया के लिए गर्व की बात है।

हॉकी इंडिया की ओर से मैं उन्हें इस योग्य सम्मान के लिए बधाई देता हूं और उनके भविष्य के प्रयासों की सफलता की कामना करता हूं। इसी के साथ भारतीय हॉकी टीम के मुख्य चयनकर्ता और उत्तर प्रदेश हॉकी के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह ने भी कमांडर आरके श्रीवास्तव को बधाई दी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

पहला गेम जीतने के बाद भी हारीं सिंधु, एन से-यंग ने पलटा फाइनल का पासा

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु बीडब्ल्यूएफ फ्रेंच ओपन 2026 का खिताब जीतने से चूक गईं।

करण सिंह ने जीता मुंबई आईटीएफ एम25 का खिताब, फाइनल में दिग्विजय प्रताप सिंह को दी मात

राउंडग्लास टेनिस अकादमी के खिलाड़ी करण सिंह ने आईटीएफ सर्किट पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को मुंबई के कूपरेज स्थित महाराष्ट्र स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन में आयोजित 30,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाले आईटीएफ मेंस वर्ल्ड टेनिस टूर एम 25 टूर्नामेंट का पुरुष एकल खिताब जीत लिया।

सनराइज ताइक्वांडो अकादमी ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी, अल-हुदा स्कूल को दूसरा स्थान

लखनऊ। सनराइज ताइक्वांडो अकादमी ने द्वितीय लखनऊ ओपन इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में दमदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 110 अंक के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीत ली।

साइकिलिंग से फिटनेस और साइबर सुरक्षा तक, अहमदाबाद में दिखा जागरूकता का अनूठा संगम

अहमदाबाद, गुजरात : भारतीय खेल प्राधिकरण, क्षेत्रीय केंद्र गांधीनगर द्वारा रविवार को अहमदाबाद स्थित प्रतिष्ठित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ‘फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल’ के 96वें संस्करण का आयोजन किया गया।