हिमांशु-यशु की पारियों के बाद बारिश का खेल, डीएलएस से लखनऊ फाल्कन्स की जीत
कानपुर। हिमांशु सिंह (43) व यशु प्रधान (40) की पारियों से लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के बारिश से बाधित मैच में कानपुर सुपरस्टार्स को डकवर्थ-लुइस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 13…

कानपुर। हिमांशु सिंह (43) व यशु प्रधान (40) की पारियों से लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के बारिश से बाधित मैच में कानपुर सुपरस्टार्स को डकवर्थ-लुइस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 13 रन से हरा दिया।
यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS
ग्रीन पार्क स्टेडियम मे खेले जा रहे लीग के 28वें मैच में लखनऊ फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 160 रन बनाए। जवाब में बारिश के कारण खेल रुकने तक कानपुर सुपरस्टार्स ने 10 ओवर में चार विकेट पर 68 रन बनाए थे कि बारिश के चलते खेल रोक देना पड़ा और मैच फिर दोबारा शुरू नहीं हो सका। डीएलएस के तहत उस समय पार स्कोर 81 रन था और कानपुर 13 रन पीछे था।
बारिश से बाधित मैच में कानपुर को 13 रन से दी शिकस्त
मैच में कानपुर सुपरस्टार्स ने लखनऊ फाल्कन्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। लखनऊ फाल्कन्स की पारी के शुरुआती दौर में बारिश ने खलल डाला। एक ओवर में 10 रन बनने के बाद बारिश के कारण मुकाबला रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू होने के बाद लखनऊ ने अपनी पारी आगे बढ़ाई।

यशु प्रधान और हिमांशु सिंह ने पहले विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दी। यशु प्रधान ने 27 गेंदों पर आठ चौके की मदद से 40 रन बनाए। उन्हें आठवें ओवर की पहली गेंद पर शक्ति वर्मा ने क्लीन बोल्ड कर पवेलियन भेजा। हिमांशु सिंह ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर पांच चौके व दो छक्के लगाते हुए उम्दा 43 रन बनाए। इसी बीच आराध्य यादव चार रन बनाकर शुभम मिश्रा की गेंद पर सत्यम सांगू को कैच थमा बैठे।
लखनऊ को तीसरा झटका 96 रन के स्कोर पर लगा जब हिमांशु सिंह को 13वें ओवर में यशोवर्द्धन की गेंद पर शुभम मिश्रा ने कैच लपककर पवेलियन वापस भेजा। अगले ओवर की पहली गेंद पर अजीत वर्मा (3) पवन सिंह की गेंद पर विकेटकीपर अभिषेक पाण्डेय को कैच थमा बैठे। कृतज्ञ कुमार सिंह ने 12 गेंदों पर 14 रन बनाए। उन्हें विनीत पंवार ने आउट किया।

इसके बाद प्रियम गर्ग ने ने 21 गेंदों पर एक चौके व तीन छक्कों की मदद से नाबाद 32 रन की तेजतर्रार पारी खेली। वहीं मैच में कप्तानी कर रहे विप्रज निगम ने आठ गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाकर नाबाद 18 रन बनाए। इसके चलते लखनऊ फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 160 रन बनाए।
जवाब मे लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शीर्ष दो बल्लेबाज 20 रन के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए। प्रियांशु पांडेय खाता भी नहीं खोल सके। उन्हें दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर नवनीत कुमार ने एलबीडब्लू आउट किया। अभिषेक पांडेय ने 10 रन बनाए। उन्हे नवनीत कुमार ने हिमांशु सिंह के हाथों कैच लपकवाकर आउट किया।
आदर्श सिंह ने 13 गेंदों पर 11 रन बनाए। वह छठें ओवर की दूसरी गेंद पर कृष्ण कुमार सरोज की गेंद पर कृतज्ञ कुमार सिंह को कैच थमा बैठे। टीम का चौथा विकेट समीर रिजवी (17) के रुप में गिरा जिन्हें विप्रज निगम ने क्लीन बोल्ड किया।

कानपुर सुपरस्टार्स ने 10 ओवर में चार विकेट पर 68 रन बना लिए थे कि बारिश के चलते एक बार फिर खेल रोकना पड़ा। उस समय उसे जीत के लिए 60 गेंदों पर 93 रन की जरूरत थी। डीएलएस के अनुसार पार स्कोर 81 रन था और कानपुर 13 रन पीछे था। बारिश के कारण आगे खेल संभव नहीं होने पर लखनऊ फाल्कन्स को डीएलएस पद्धति से विजेता घोषित किया गया।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
