सोनल ने रोकी टीम इंडिया की राह, दूसरा टेस्ट ड्रॉ; भारत ने 1-0 से जीती सीरीज
भारत-श्रीलंका के बीच सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया दूसरा टेस्ट 'ड्रॉ' पर समाप्त हुआ। इसी के साथ टीम इंडिया ने 2 मुकाबलों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। गुरुवार को मुकाबले के पांचवें दिन मेजबान देश ने अपनी दूसरी…

भारत-श्रीलंका के बीच सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया दूसरा टेस्ट 'ड्रॉ' पर समाप्त हुआ। इसी के साथ टीम इंडिया ने 2 मुकाबलों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। गुरुवार को मुकाबले के पांचवें दिन मेजबान देश ने अपनी दूसरी पारी में 429 रन बना लिए थे, जिसके बाद दोनों देशों ने ड्रॉ पर सहमति जताई।
भारतीय टीम चाहती थी कि वह मुकाबले के पांचवें दिन श्रीलंकाई टीम के अंतिम 4 विकेट जल्द लेकर आसान टारगेट को हासिल करते हुए जीत दर्ज करे, लेकिन सोनल दिनुषा ने मुकाबले की लगातार दूसरी पारी में शतक लगाकर मेहमान टीम के इरादों पर पानी फेर दिया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी 503 के स्कोर पर घोषित की। इस पारी में देवदत्त पड्डिकल और शुभमन गिल के बीच 120 रन की साझेदारी हुई, जबकि ऋषभ पंत ने ध्रुव जुरेल के साथ 112 रन जोड़े।
पड्डिकल ने 117 रन की पारी खेली, जबकि जुरेल ने नाबाद 115 रन बनाए। पंत 63 रन और कप्तान गिल 50 रन बनाकर पवेलियन लौटे। विपक्षी खेमे से असिथा फर्नांडो ने 4 विकेट चटकाए, जबकि प्रभात जयसूर्या और केशरा नुवानथा ने 2-2 विकेट अपने नाम किया। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई।

मेजबान टीम ने 35 के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद पसिंदु सूरियाबंदारा (80) ने कामिंदु मेंडिस (32) के साथ चौथे विकेट के लिए 87 रन जोड़कर टीम को संभाला। श्रीलंका ने 173 के स्कोर तक 7 विकेट खो दिए थे।
इसके बाद सोनल दिनुषा (103) ने मोर्चा संभाला। उन्होंने केशरा नुवानुथा के साथ 57 रन, जबकि लाहिरू कुमारा (12) के साथ 58 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 290 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन फॉलोऑन नहीं बचा सके। भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि सारांश जैन को 2 सफलताएं हाथ लगीं।
भारत ने श्रीलंका को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने 63 के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए थे। इसके बाद पसिंदु सूरियाबंदारा ने कामिंदु मेंडिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 115 रन जोड़कर टीम को 178 के स्कोर तक पहुंचाया। सूरियाबंदारा 92 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
चौथे दिन की समाप्ति तक मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी में 229 रन बना लिए थे। यहां से उसके पास सिर्फ 16 रन की बढ़त थी, लेकिन अंतिम दिन भारतीय टीम श्रीलंका के आखिरी 4 विकेट हासिल नहीं कर सकी। सोनल दिनुषा ने केशरा नुवानुथा के साथ सातवें विकेट के लिए 112 रन जोड़। केशरा 46 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सोनल ने मोर्चा संभाले रखा।
सोनल अंत तक क्रीज पर टिके रहे। उन्होंने 133 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी में भारत के लिए रवींद्र जडेजा और मानव सुथार ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और सारांश जैन को 1-1 विकेट हाथ लगा। भारत ने सीरीज का पहला मैच 165 रन से अपने नाम किया था, जिसके बाद सीरीज ड्रॉ करवाने के लिए श्रीलंकाई टीम को यह मुकाबला हर हाल में जीतना था, लेकिन दूसरा मुकाबला ड्रॉ रहने के बावजूद यह सीरीज भारत ने अपने नाम कर ली।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
