सिनसिनाटी की हार को जोकोविच ने माना फायदे का सौदा, यूएस ओपन पर नजर
नोवाक जोकोविच को किसी टूर्नामेंट में जल्दी बाहर होना भले ही पसंद नहीं हो, इस बार वह सिनसिनाटी ओपन में शुरुआती हार को सकारात्मक रूप में देख रहे हैं। इस 39 वर्षीय दिग्गज ने बोला कि सिनसिनाटी में पहले ही दौर में बाहर होने…

नोवाक जोकोविच को किसी टूर्नामेंट में जल्दी बाहर होना भले ही पसंद नहीं हो, इस बार वह सिनसिनाटी ओपन में शुरुआती हार को सकारात्मक रूप में देख रहे हैं। इस 39 वर्षीय दिग्गज ने बोला कि सिनसिनाटी में पहले ही दौर में बाहर होने से उन्हें यूएस ओपन की तैयारी के लिए करीब दो सप्ताह का अतिरिक्त समय मिला।
चौबीस ग्रैंड स्लैम खिताब के रिकॉर्डधारी जोकोविच रविवार रात आर्थर ऐश स्टेडियम में 48वीं रैंकिंग वाले मारियानो नाओने के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। चौथी वरीयता प्राप्त जोकोविच की नजर रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम और पांचवें यूएस ओपन खिताब पर है। उन्होंने हालांकि नाओने को हल्के में लेने से इनकार किया।
जोकोविच ने कहा, ‘‘देखते हैं मुकाबला कैसा रहता है। पिछले कुछ वर्षों में मेरे लिए शुरुआती मुकाबले काफी चुनौतीपूर्ण रहे हैं। उम्मीद है कि मैं पहली बाधा पार कर आगे लय हासिल कर सकूंगा।’’ जोकोविच ने इस साल अब तक केवल 16 टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया है, जो एटीपी रैंकिंग में शीर्ष 95 खिलाड़ियों में सबसे कम है।

वह विंबलडन के सेमीफाइनल तक पहुंचे, जहां उन्हें यानिक सिनर से हार मिली। फ्रेंच ओपन में वह चौथे दौर में बाहर हुए, जबकि ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में उन्हें कार्लोस अल्काराज के हाथों हार का सामना करना पड़ा। सिनसिनाटी ओपन में हार से पहले उन्होंने विंबलडन के बाद कोई मुकाबला नहीं खेला था।
जोकोविच 20वीं बार यूएस ओपन में हिस्सा ले रहे हैं। वह इसके साथ ही पुरुष एकल में इस उपलब्धि को हासिल करने वाले जिमी कॉनर्स, आंद्रे अगासी और फेलिसियानो लोपेज की सूची में शामिल हो जाएंगे।
जोकोविच ने कहा कि लंबे समय तक खेलना उनके करियर के शुरुआती दौर से ही लक्ष्य रहा है। 2005 में पदार्पण के बाद वह सिर्फ 2017 में यूएस ओपन में नहीं खेल पाए थे, जब कोहनी की चोट के कारण उन्हें नाम वापस लेना पड़ा था। उन्होंने 2011, 2015, 2018 और 2023 में यह खिताब जीता।
जोकोविच ने याद किया कि उन्होंने 20 साल पहले अपना पहला यूएस ओपन मुकाबला गेल मोनफिल्स के खिलाफ पांच सेट में खेला था। उन्होंने कहा, ‘‘20 साल बाद भी हम दोनों खेल रहे हैं और पुरानी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।’’
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
