कप्तान गिल के शतक और जडेजा की फिरकी से भारत ने बढ़ाई जीत की उम्मीद
कप्तान शुभमन गिल के दसवें टेस्ट शतक और रविंद्र जडेजा की बेहतरीन गेंदबाजी से भारत ने वेस्टइंडीज को बैकफुट पर भेजकर दूसरे और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन यहां एक और बड़ी जीत की उम्मीद जगा दी। भारत ने पहली पारी पांच विकेट पर…

कप्तान शुभमन गिल के दसवें टेस्ट शतक और रविंद्र जडेजा की बेहतरीन गेंदबाजी से भारत ने वेस्टइंडीज को बैकफुट पर भेजकर दूसरे और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन यहां एक और बड़ी जीत की उम्मीद जगा दी।
भारत ने पहली पारी पांच विकेट पर 518 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 140 रन बनाए हैं और वह भारत से 378 रन पीछे है।
भारत ने अहमदाबाद में खेला गया पहला टेस्ट पारी और 140 रन से जीता था और अगर यहां उसे फॉलोऑन देने का मौका मिलता है तो वह इससे नहीं हिचकिचाएगा। गिल पारी समाप्ति की घोषणा करके पहले ही संकेत दे चुके हैं कि वह जल्द से जल्द मैच खत्म करना चाहते हैं।

भारत की पारी के आकर्षण यशस्वी जायसवाल (175 रन) और कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 129 रन) के शतक रहे। इन दोनों के अलावा साई सुदर्शन (87) ने अर्धशतक बनाया। वेस्टइंडीज से बाएं हाथ के स्पिनर जोमेल वारिकन (98 रन देकर तीन विकेट) सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे।
वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही तथा उसने जल्द ही अपना पहला विकेट गंवा दिया। जॉन कैंपबेल (10) जडेजा की गेंद पर लगाए गए अपने ज़ोरदार स्वीप शॉट के साई सुदर्शन के हाथों में चिपक जाने से पवेलियन लौटे। सुदर्शन ने खुद को बचाने की कोशिश की। गेंद उनके दाहिने हाथ पर लगी और वहीं पर ठहर गई जिससे बल्लेबाज भी हैरान रह गया।
वेस्टइंडीज ने तीसरे सत्र में कुछ समय के लिए अच्छा संघर्ष किया लेकिन इसके बाद उसने जल्द ही तीन विकेट खो दिए। जडेजा ने तेगनारायण चंद्रपाल (34) को केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराकर एलिस अथांजे (41) के साथ उनकी दूसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी को तोड़ा।
जडेजा ने वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज को अपनी ही गेंद पर कैच करके उन्हें खाता भी नहीं खोलने दिया। कुलदीप यादव ने एलिस अथांजे को आउट किया। जडेजा ने 37 रन देकर तीन और कुलदीप ने 45 रन देकर एक विकेट लिया है।
दिन का खेल समाप्त होने के समय शाई होप 31 और टेविन इमलाच 14 रन पर खेल रहे थे। गिल ने भारत की पहली पारी तब समाप्त घोषित कर दी जब ध्रुव जुरेल (44 रन) रोस्टन चेज की गेंद पर पुल करने की कोशिश में बोल्ड हो गए।
गिल के पास दोहरा शतक पूरा करने के लिए काफी समय था, कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के सामने बड़ी पारी खेलना ज्यादा मायने नहीं रखता। दूसरे सत्र में एक घंटा बीत चुका था और गिल को ड्रेसिंग रूम से संकेत मिला कि अब मेहमान टीम को बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतारने का समय आ गया है।
भारतीय कप्तान ने 196 गेंदों का सामना करते हुए 16 चौके और दो छक्के लगाए और जुरेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 102 रन जोड़े, जिन्होंने लंच के बाद तेज़ी से रन बनाने का फैसला किया। भारत ने दूसरे दिन 44.2 ओवर बल्लेबाजी की और कल के स्कोर दो विकेट पर 318 रन में 200 रन जोड़े।
गिल ने अपना शतक खैरी पियरे की गेंद पर कट शॉट लगाकर बनाया जिससे उन्हें तीन रन मिले। पिछले सात टेस्ट मैचों में अपने पांचवें शतक और पिछले मैच में अर्धशतक के साथ उन्होंने दिखा दिया कि कप्तान बनने के बाद उनकी बल्लेबाजी में निखार आया है। गिल एक कैलेंडर वर्ष में पांच शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं।
विराट कोहली ने 2017 और 2018 में दो बार यह कारनामा किया था। दिन के आगाज में जायसवाल दुर्भाग्यवश रन आउट हो गए, लेकिन गिल की एकाग्रता में कोई कमी नहीं आई।
नीतीश कुमार रेड्डी (43 रन) को पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था, उन्हें क्रीज पर समय बिताने का काफी मौका मिले। उन्होंने वारिकन का तीसरा शिकार बनने से पहले तेजी से रन बनाए और गिल के साथ चौथे विकेट के लिए 17.1 ओवर में 91 रन जोड़े। गिल ने अपनी पारी में कई आकर्षक शॉट लगाए।
जब जेडन सील्स ने मिडिल लेग पर गेंद डाली तो गिल ने मिड-विकेट क्षेत्र में उसे फ्लिक किया। जब जस्टिन ग्रीव्स को आक्रमण पर लाया गया, तो उनकी गति की कमी के चलते गिल ने आगे बढ़कर मिड-विकेट के ऊपर से अपना पहला छक्का जड़ा। भारतीय कप्तान ने एंडरसन फिलिप पर भी लेग साइड में खूबसूरत चौका लगाया।
इस तेज गेंदबाज पर लगाया गया उनका ऑन ड्राइव दर्शनीय था। रेड्डी ने भी अपने कौशल का अच्छा नमूना पेश किया। उन्होंने सील्स की गेंद पर कवर ड्राइव से शुरुआत और स्लिप कॉर्डन से दो और चौके लगाए। वारिकन की गेंद पर फिलिप ने उनका कैच छोड़ा जिसका फायदा उठाकर उन्होंने इसी गेंदबाज पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाया।
जायसवाल ने जिस तरह से पहले दिन बल्लेबाजी की थी उसे देखते हुए वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के लिए उन्हें आउट करना मुश्किल लग रहा था लेकिन वह दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हो गए। वह तेजी से रन चुराना चाह रहे थे लेकिन गिल ने उन्हें आधी पिच से वापस भेज दिया जिससे वह रन आउट हो गए।
सम्बंधित ख़बरें
अयान की शानदार फॉर्म बरकरार, दोहा में हासिल की पहली पीएसए खिताबी जीत
भारत के अयान वजीरल्ली ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए दोहा में खेले गए क्यूएसएफ 5 चैलेंजर स्क्वाश टूर्नामेंट में मिस्र के हसन मेन्शॉवी को 3-1 से हराकर अपना पहला पीएसए टूर खिताब जीता।
प्रार्थना थापा और लालदुहजुआली की जोड़ी ने एशियाई चैंपियनशिप में जीता पदक
नागालैंड की प्रार्थना थापा और मिजोरम की लालदुहजुआली ने दक्षिण कोरिया के ग्वांगजू में बैडमिंटन एशिया सीनियर चैंपियनशिप 2026 में 40 वर्ष से अधिक उम्र के महिला युगल में कांस्य पदक अपने नाम किया।
सैंडपेपर विवाद की फिर होगी समीक्षा, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने तय की रूपरेखा
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए गेंद से छेड़छाड़ विवाद की समीक्षा के लिए गठित स्वतंत्र मंच के संदर्भ की शर्तें जारी कर दी हैं।
मानवता के आगे पीछे छूटा रिकॉर्ड, बेग्स और डी ओलिवेरा को फेयर प्ले पुरस्कार
बोस्टन मैराथन के धावक आरोन बेग्स और रॉबसन डी ओलिवेरा को अंतरराष्ट्रीय फेयर प्ले पुरस्कार के लिए चुना गया है।
