द इंडियन व्यू

वोट चोरी एक संगठित साजिश का हिस्सा, कांग्रेस समर्थक वोटर ही बन रहे निशानाः राहुल गांधी

नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाते हुए चुनाव आयोग पर हमला बोला है। उन्होंने कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र में 6,018 मतदाताओं के…

Ragwendra P Singh
September 18, 2025
4 min read
वोट चोरी एक संगठित साजिश का हिस्सा, कांग्रेस समर्थक वोटर ही बन रहे निशानाः राहुल गांधी

नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाते हुए चुनाव आयोग पर हमला बोला है। उन्होंने कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र में 6,018 मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सब एक संगठित साजिश का हिस्सा है जिसमें कांग्रेस समर्थक वोटरों के नाम ही टारगेट किए जा रहे हैं।

राहुल गांधी ने आज यहां कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मतदाता सूची से नाम काटने की प्रक्रिया बड़े पैमाने पर और सेंट्रलाइज तरीके से की जा रही है। आलंद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस समर्थक मतदाताओं को लक्षित कर उनके नाम मतदाता सूची से काटे गए। उन्होंने दावा किया कि अब तक 6,018 मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मामला सामने आया है, हालांकि यह संख्या और भी बड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह ‘वोट चोरी’ का मामला तब संयोगवश पकड़ा गया जब एक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के रिश्तेदार का नाम सूची से गायब मिला। जब इसकी पड़ताल की गई तो सामने आया कि यह प्रक्रिया किसी तीसरे पक्ष द्वारा की जा रही है और इसका संचालन ऑटोमेटेड सॉफ्टवेयर से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में जिस व्यक्ति का नाम सूची से हटाया गया, तो जांच में उसके पड़ोसी का ही नाम सामने आया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि बीएलओ ने जब पड़ोसी से पूछा तो उसने नाम हटाने से इनकार किया। इसके बाद जांच में यह तथ्य सामने आया कि सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया ऑनलाइन ऑटोमेटेड प्रोसेस से किया गया और जिन मोबाइल नंबरों से यह कार्य हुआ, वह कर्नाटक के बाहर के थे। यह बेहद गंभीर सवाल है कि जिन नंबरों से मतदाता सूची से नाम हटाए गए, वे नंबर किसके हैं, कहां से ऑपरेट किए जा रहे हैं और उनके आईपी एड्रेस क्या हैं। साथ ही नाम हटाने की प्रक्रिया में ओटीपी किसके पास गया और जब उन नंबरों पर कॉल किया गया तो किसी ने जवाब क्यों नहीं दिया।

उन्होंने इसके लिए कई लोगों को पेश भी किया। सबसे पहला मामला गोदाबाई नाम की महिला का था, जिनके नाम पर 12 लोगों के नाम हटाने का मामला सामने आया, जबकि गोदाबाई को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि यह सब किसकी मिलीभगत से हुआ। दूसरा मामला सूर्यकांत नामक व्यक्ति से जुड़ा था, जिसके नाम से 12 मतदाताओं के नाम महज 14 मिनट में हटा दिए गए, लेकिन जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। तीसरा मामला नागराज से जुड़ा था। यह उदाहरण बताता है कि पूरा सिस्टम सॉफ्टवेयर के जरिए संचालित हो रहा है।

नेता प्रतिपक्ष राहुल ने कहा कि वोटर लिस्ट से नाम काटने के लिए सॉफ्टवेयर के जरिए पहले नाम को टारगेट किया जा रहा है। जिन 10 बूथों पर कांग्रेस की स्थिति मजबूत थी, वहां बड़े पैमाने पर नाम काटे गए। वर्ष 2018 के चुनाव में इन 10 बूथों में से 8 बूथों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार 6 हजार वोटरों के नाम गायब कर दिए गए। यह सब एक संगठित साजिश का हिस्सा है, जिसमें कांग्रेस समर्थक वोटरों को ही टारगेट किया गया है।

उन्होंने कहा कि नाम काटने वाला वह ‘तीसरा व्यक्ति’ कौन है? जो सेंट्रलाइज तरीके से अलग-अलग प्रदेशों से वोटर लिस्ट में हेरफेर कर रहा है। यही प्रक्रिया उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र में भी अपनाई गई है। यह केवल आलंद तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कांग्रेस के वोटरों को निशाना बनाकर वोटर लिस्ट से नाम काटे गए हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि आयोग यह दावा नहीं कर सकता कि वह सोया हुआ है। सच्चाई यह है कि आयोग को सब कुछ पता है और वह इस वोट चोरी में मददगार बना हुआ है। राहुल ने कहा कि यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है और कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि उनके पास और भी सबूत हैं, जिन्हें वह आने वाले समय में देश के सामने रखेंगे। राहुल ने कहा कि जल्द ही ‘हाइड्रोजन बम’ वाले सुबूत भी आएंगे। आज का खुलासा उसी कड़ी का हिस्सा है, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह हाइड्रोजन बम नहीं है, बल्कि असली विस्फोटक सबूत अभी आने बाकी हैं।---------

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

दिल्ली-NCR में सांसों की परीक्षा शुरू: 1 नवंबर से लागू होगा विंटर एक्शन प्लान, अगले 15 दिन होंगे निर्णायक

विंटर एक्शन प्लान के तहत प्रदूषण को कम करने के लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अगर हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचती है, तो ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्ती बढ़ा दी जाएगी। इसके तहत सबसे बड़ा कदम वाहनों पर उठाया जाएगा।

गन्ना-आधारित एथेनॉल पर रोक, मक्का प्रोत्साहन घटा; 2026-27 निविदा में सरकार का बड़ा फैसला

विवेक ओझा नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में एक बड़ा नीतिगत बदलाव करते हुए 2026-27 आपूर्ति वर्ष के लिए गन्ने के रस, चीनी, चीनी सिरप और बी-हैवी मोलासेस से बनने वाले एथेनॉल की खरीद पर रोक लगा दी है।…

विदेशमंत्री ने कोलकाता भगदड़ पर दुख जताया

नई दिल्ली : विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में मची भगदड़ पर गहरा दुख जताया।डॉ जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कोलकाता में मची भगदड़ से गहरा दुख हुआ है।…

ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीद से हटाया टैरिफ, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?

विवेक ओझा नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर लगने वाले टैरिफ से छूट देने का बड़ा फैसला किया है। यह छूट 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' के तहत दी…