द इंडियन व्यू

विदेशों में भेजा गया संदिग्ध पैसा आयकर विभाग की जांच के घेरे में

नई दिल्ली ( इंडियन व्यू टीम) : आयकर विभाग ने विदेश भेजी गई संदिग्ध राशि की जांच के लिए अभियान शुरू किया है. विभाग इस अभियान के तहत कम या बिल्कुल कारोबार नहीं दिखाने वाली इकाइयों, उनके पीछे मौजूद लोगों और कर निर्धारण…

Ragwendra P Singh
August 19, 2026
4 min read
विदेशों में भेजा गया संदिग्ध पैसा आयकर विभाग की जांच के घेरे में

नई दिल्ली ( इंडियन व्यू टीम) : आयकर विभाग ने विदेश भेजी गई संदिग्ध राशि की जांच के लिए अभियान शुरू किया है. विभाग इस अभियान के तहत कम या बिल्कुल कारोबार नहीं दिखाने वाली इकाइयों, उनके पीछे मौजूद लोगों और कर निर्धारण प्रमाणपत्र जारी करने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट की जांच करेगा।

विभाग ने कहा कि इस अभियान के दायरे में भारत की जमीनी सीमाओं से लगे जिलों में स्थित ऐसी इकाइयों को भी शामिल किया गया है, जिन्होंने बड़ी मात्रा में पैसा विदेश भेजा है. आयकर विभाग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि इस अभियान में करीब 394 इकाइयों और 36 पेशेवरों को शामिल किया गया है. इनमें सीमावर्ती राज्यों में स्थित 117 इकाइयां शामिल हैं।

विभाग ने 18 अगस्त को संदिग्ध रूप से विदेश भेजी गयी राशि की विस्तृत राष्ट्रव्यापी जांच शुरू की. इसमें मुखौटा कंपनियों, उनके पीछे मौजूद लोगों और फॉर्म 15सीबी प्रमाणपत्र जारी करने वाले पेशेवरों पर गौर किया गया है.

संदिग्ध विदेशी धन प्रेषण की जांच आंकड़ों के विश्लेषण और जमीनी स्तर से मिली सूचनाओं के बाद शुरू की गई है. इनसे पता चला कि कम या बिल्कुल कारोबार नहीं दिखाने वाली कुछ इकाइयों ने काफी पैसा विदेश भेजा. विभाग ने चार्टर्ड अकाउंटेंट को फॉर्म 15सीबी/फॉर्म 146 जारी करते समय सावधानी बरतने की चेतावनी दी और उचित जांच-पड़ताल तथा पेशेवर निर्णय लेने को कहा।

आयकर विभाग ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रमाणपत्र जारी करने से पहले उन्हें संबंधित लेनदेन और उससे जुड़े तथ्यों की उचित जांच करनी चाहिए, क्योंकि ये प्रमाणपत्र व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.’’

फॉर्म 15सीबी या फॉर्म 146 भारत से विदेश भेजे जाने वाले धन के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा जारी किया जाने वाला कर निर्धारण प्रमाणपत्र है. वित्त वर्ष में पांच लाख रुपये से अधिक के कर योग्य भुगतान किसी प्रवासी या विदेशी कंपनी को किए जाने पर यह जरूरी होता है. यह स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) और दोहरा कराधान बचाव समझौते (डीटीएए) के अनुपालन की पुष्टि करता है।

आयकर विभाग ने कहा कि जमीनी स्तर से मिली सूचनाओं और विदेश भेजे गए पैसे के आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर उसने ऐसी कई संदिग्ध इकाइयों की पहचान की है, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा विदेश भेजी।

विभाग ने बताया कि फर्जी परमार्थ न्यासों के एक समूह के खिलाफ तलाशी अभियान के दौरान विदेश पैसा भेजने वाली इकाइयों के एक राष्ट्रव्यापी नेटवर्क का पता चला. ये न्यास फर्जी दान और योगदान के बदले बही-खाते में प्रविष्टियां उपलब्ध कराने में शामिल थे.

शुरुआती जांच में सामने आया कि धन विदेश भेजने वाली ये इकाइयां या तो आयकर रिटर्न दाखिल नहीं करती थीं या बहुत कम कारोबार दिखाते हुए रिटर्न दाखिल करती थीं. उनका घोषित कारोबार विदेश भेजी गई बड़ी रकम से मेल नहीं खाता था.

विभाग ने कहा कि ये माल ढुलाई भुगतान, सॉफ्टवेयर का आयात या परामर्श सेवाओं के आयात जैसे धन प्रेषण के बताए गए उद्देश्यों से भी मेल खाते नहीं दिखे. जांच में यह भी पता चला कि इनमें से कई इकाइयां अपने घोषित पते पर वास्तव में काम नहीं कर रही थीं।

आयकर विभाग ने कहा, ‘‘आंकड़ों के विश्लेषण से यह भी पता चला कि बड़ी संख्या में फॉर्म 15सीबी प्रमाणपत्र अपेक्षाकृत कम संख्या वाले पेशेवरों के एक समूह ने जारी किए थे. विदेश भेजी गई रकम भी कुछ सीमित इकाइयों के बीच केंद्रित थी.’’

विभाग ने कहा कि आयकर नियमों के तहत विदेशों में धन प्रेषण को प्रमाणित करने वाले चार्टर्ड अकाउटेंट को बही-खातों और अन्य संबंधित दस्तावेजों के आधार पर यह जांचना होता है कि उस पर कर लगता है या नहीं.

विभाग ने कहा कि हालांकि, जांच में सामने आए तथ्यों से यह चिंता पैदा होती है कि इन प्रमाणपत्रों को जारी करने से पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट ने पर्याप्त जांच-पड़ताल की थी या नहीं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

दिल्ली-NCR में सांसों की परीक्षा शुरू: 1 नवंबर से लागू होगा विंटर एक्शन प्लान, अगले 15 दिन होंगे निर्णायक

विंटर एक्शन प्लान के तहत प्रदूषण को कम करने के लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अगर हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचती है, तो ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्ती बढ़ा दी जाएगी। इसके तहत सबसे बड़ा कदम वाहनों पर उठाया जाएगा।

गन्ना-आधारित एथेनॉल पर रोक, मक्का प्रोत्साहन घटा; 2026-27 निविदा में सरकार का बड़ा फैसला

विवेक ओझा नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में एक बड़ा नीतिगत बदलाव करते हुए 2026-27 आपूर्ति वर्ष के लिए गन्ने के रस, चीनी, चीनी सिरप और बी-हैवी मोलासेस से बनने वाले एथेनॉल की खरीद पर रोक लगा दी है।…

विदेशमंत्री ने कोलकाता भगदड़ पर दुख जताया

नई दिल्ली : विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में मची भगदड़ पर गहरा दुख जताया।डॉ जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कोलकाता में मची भगदड़ से गहरा दुख हुआ है।…

ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीद से हटाया टैरिफ, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?

विवेक ओझा नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर लगने वाले टैरिफ से छूट देने का बड़ा फैसला किया है। यह छूट 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' के तहत दी…