द इंडियन व्यू

प्रेरणा ठीक है, दिखावा नहीं : अभिनव बिंद्रा ने मेसी टूर पर खड़े किए सवाल

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भारत के पूर्व निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी के भारत दौरे के घटनाक्रम की आलोचना करते हुए बोला कि इस महान खिलाड़ी के करीब आने या उसके साथ तस्वीर खिंचवाने के…

Ragwendra P Singh
December 15, 2025
3 min read
प्रेरणा ठीक है, दिखावा नहीं : अभिनव बिंद्रा ने मेसी टूर पर खड़े किए सवाल

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भारत के पूर्व निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी के भारत दौरे के घटनाक्रम की आलोचना करते हुए बोला कि इस महान खिलाड़ी के करीब आने या उसके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए जाने को लेकर वह काफी दुखी हैं।

मेसी के तीन दिन के भारत दौरे पर काफी अराजकता देखी गई चूंकि राजनेताओं, फिल्मी हस्तियों , उद्योगपतियों और अधिकारियों में उनके साथ तस्वीर लेने को लेकर होड़ रही।

कोलकाता में तो प्रशंसकों के सब्र का बांध टूट गया जो हजारों रुपये के टिकट खरीदने के बावजूद उनकी एक झलक भी नहीं पा सके।

बिंद्रा ने एक्स पर लिखा, ‘‘जैसे जैसे उनका हालिया भारत दौरा आगे बढ़ा, कुछ जगहों पर अफरा तफरी हुई और मुझे काफी असहज लगा। इसने मुझे गंभीरता से सोचने पर मजबूर किया, इस बात की सच्ची चिंता में कि हम असल में क्या हासिल करने की कोशिश कर रहे थे।’’

Credits : Abhinav Bindra X

उन्होंने कहा ,‘‘एक पल के लिए उनके करीब जाने या तस्वीर खिंचवाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह ईमानदारी से कमाया गया लोगों का पैसा है और वे चाहे जैसे इसे खर्च करें।

लेकिन मैं दुखी हूं और मुझे हैरानी हो रही है कि क्या यह संभव था कि इस ऊर्जा और निवेश का एक हिस्सा भी हमारे देश में खेलों की बुनियाद पर खर्च किया जा सकता था।’’

बिंद्रा ने हालांकि स्पष्ट किया कि अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान के लिए उनके मन में अपार सम्मान है जो इस समय दुनिया के सबसे चहेते खिलाड़ियों में से हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लियोनेल मेसी उन खास खिलाड़ियों में से हैं जिनकी कहानी खेल से कहीं आगे है।

शारीरिक मुश्किलों से लड़ने वाले एक बच्चे से लेकर एक महान फुटबॉलर तक के उनके सफर ने दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रभावित किया है। मैं उनकी उस खूबी के लिए बहुत सम्मान और तारीफ करता हूं जो उनमें नजर आती है मसलन लगन, विनम्रता और महानता।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं खेलों का अर्थशास्त्र समझता हूं। मैं व्यावसायिक सच्चाई, वैश्विक ब्रांडिंग और महान खिलाड़ी के आकर्षण को समझता हूं। मैं मेसी को किसी भी तरह से गलत नहीं मानता। उनकी महानता की तारीफ करना स्वाभाविक है।’’

मेसी के जीओएटी दौरे का फुटबॉल से कोई सरोकार नहीं है और उनका कार्यक्रम मुलाकातों तक सीमित है जिसमें प्रशंसकों से सीधे मुलाकात नहीं है।

बिंद्रा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम के लिए इस्तेमाल किए गए संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो सकता था। उन्होंने कहा, ‘‘एक समाज के रूप में हम खेल संस्कृति का निर्माण कर रहे हैं या दूर से व्यक्ति पूजा कर रहे हैं।

खेलों में महान देश पलों के आधार पर नहीं, तंत्र के आधार पर बनते हैं। संयम के साथ। असाधारण सपने देखने वाले साधारण बच्चे में भरोसा करके।’’

बिंद्रा ने कहा, ‘‘मेसी जैसे आइकन हमें प्रेरित करते हैं और वह प्रेरणा काफी मायने रखती है। लेकिन प्रेरणा का उद्देश्य भी होना चाहिए। दीर्घकालिन प्रतिबद्धता। विकल्प ऐसे चुनने चाहिए जिनसे हम बस आज भर के लिए रोमांचित नहीं हों बल्कि कल को भी मजबूत करें।’’

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

अभिनेता नील नितिन मुकेश 29 नवंबर को एस.के. लखनऊ मैराथन में शामिल होकर बढ़ाएंगे धावकों का उत्साह

लखनऊ में 29 नवंबर को आयोजित होने जा रहे दूसरे एस.के. लखनऊ मैराथन 2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

लखनऊ में 29 नवंबर को ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण, फिटनेस के साथ ओलंपिक मूल्यों का दिया जाएगा संदेश

फिट इंडिया मूवमेंट के लोकप्रिय साप्ताहिक अभियान ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण रविवार, 29 नवंबर को देशभर में उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

उन्नति-तन्वी ने एकल में कायम रखी भारतीय चुनौती, गायत्री-त्रिशा भी महिला युगल सेमीफाइनल में

पिछले साल की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा व तन्वी शर्मा ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में एकल में भारतीय चुनौती कायम रखते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।

मलेशिया को 6-2 से रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत, दीपिका ने दागे दो गोल

भारत ने दीपिका के दो गोल से शुक्रवार को यहां मलेशिया को 6-2 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों की विजेता भारतीय टीम ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपने छह में से पांच गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किए।