द इंडियन व्यू

महान बलिदानी मंगल पांडे की जयंती पर देश ने किया नमन, प्रधानमंत्री समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली : 1857 की क्रांति के नायक मंगल पांडे की जयंती पर देशभर के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर कई केंद्रीय मंत्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट साझा कर इस महान…

Ragwendra P Singh
July 19, 2025
3 min read
महान बलिदानी मंगल पांडे की जयंती पर देश ने किया नमन, प्रधानमंत्री समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली : 1857 की क्रांति के नायक मंगल पांडे की जयंती पर देशभर के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर कई केंद्रीय मंत्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट साझा कर इस महान क्रांतिकारी को याद करते हुए उनके अद्वितीय साहस व बलिदान को नमन किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लिखा, "महान स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। वे ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती देने वाले देश के अग्रणी योद्धा थे। उनके साहस और पराक्रम की कहानी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।"

गृहमंत्री अमित शाह ने भी मंगल पांडे को नमन करते हुए अपने संदेश में लिखा, “1857 के संग्राम के नायक, अद्वितीय योद्धा व राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा मंगल पांडे जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उन्होंने 1857 के संग्राम को अपने पराक्रम की चिंगारी से विशाल ज्वाला बनाकर अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। उनके नेतृत्व में बैरकपुर छावनी आजादी के आंदोलन का केंद्र बन गई और देशभर में आजादी की ऐसी लहर चली, जिससे अंग्रेजों की नींद उड़ गई। देश के हर युवा को उनके जीवन से मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा लेनी चाहिए।”

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगल पांडे को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “भारत के स्वाधीनता संग्राम के अग्रणी योद्धा मंगल पांडे जी की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगल पांडे की वीरता को याद करते हुए लिखा, “भारत के प्रथम स्वाधीनता संग्राम में विद्रोह का बिगुल फूंकने वाले अमर क्रांतिकारी मंगल पांडे की जयंती पर उन्हें मैं नमन करता हूँ। उन्होंने अंग्रेज़ी हुकूमत के ख़िलाफ़ संघर्ष की शुरुआत करके देश में आज़ादी की नई चेतना जगाई। उनका त्याग और बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

पोर्ट्स, शिपिंग और वॉटरवेज़ मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने लिखा, "मां भारती के वीर सपूत, जिन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की चिंगारी प्रज्वलित की, वीर मंगल पांडे जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उनका अदम्य साहस, निस्वार्थ बलिदान और मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम, राष्ट्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को सदैव प्रेरित करता रहेगा।."

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने लिखा, “1857 की क्रांति के महानायक, भारत माता के वीर सपूत, अमर शहीद मंगल पांडे जी की जयंती पर शत-शत नमन। मातृभूमि के लिए उनका संघर्ष और बलिदान युगों-युगों तक हमारी भावी पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।”

देशभर में मंगल पांडे को याद करने का यह सिलसिला केवल नेताओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आम लोगों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। उनके बलिदान को लेकर हर वर्ग में गौरव और कृतज्ञता की भावना देखने को मिली।

मंगल पांडे भारत की आजादी की पहली लड़ाई के अग्रदूत माने जाते हैं। वे ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी की सेना में सिपाही थे और 29 मार्च 1857 को उन्होंने बैरकपुर छावनी में अंग्रेज अफसरों पर हमला करके विद्रोह की शुरुआत की थी। उस समय सैनिकों को जो एनफील्ड राइफल दी जा रही थी, उसके कारतूस में गाय और सुअर की चर्बी लगी होती थी, जिससे हिंदू और मुस्लिम सिपाहियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मंगल पांडे ने इसका खुला विरोध किया और अपने अफसरों पर गोलियां चलाईं। यही घटना 1857 के स्वतंत्रता संग्राम का सूत्रपात बनी।

ब्रिटिश हुकूमत ने उन्हें 8 अप्रैल 1857 को फांसी दी लेकिन उनके बलिदान की चिंगारी पूरे देश में फैल गई। उनका साहस, त्याग और मातृभूमि के लिए जुनून आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया। मंगल पांडे का नाम भारतीय इतिहास में उस पहले योद्धा के रूप में दर्ज है जिसने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह की शुरुआत कर भारत की आजादी की नींव रखी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

दिल्ली-NCR में सांसों की परीक्षा शुरू: 1 नवंबर से लागू होगा विंटर एक्शन प्लान, अगले 15 दिन होंगे निर्णायक

विंटर एक्शन प्लान के तहत प्रदूषण को कम करने के लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अगर हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचती है, तो ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्ती बढ़ा दी जाएगी। इसके तहत सबसे बड़ा कदम वाहनों पर उठाया जाएगा।

गन्ना-आधारित एथेनॉल पर रोक, मक्का प्रोत्साहन घटा; 2026-27 निविदा में सरकार का बड़ा फैसला

विवेक ओझा नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में एक बड़ा नीतिगत बदलाव करते हुए 2026-27 आपूर्ति वर्ष के लिए गन्ने के रस, चीनी, चीनी सिरप और बी-हैवी मोलासेस से बनने वाले एथेनॉल की खरीद पर रोक लगा दी है।…

विदेशमंत्री ने कोलकाता भगदड़ पर दुख जताया

नई दिल्ली : विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में मची भगदड़ पर गहरा दुख जताया।डॉ जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कोलकाता में मची भगदड़ से गहरा दुख हुआ है।…

ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीद से हटाया टैरिफ, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?

विवेक ओझा नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर लगने वाले टैरिफ से छूट देने का बड़ा फैसला किया है। यह छूट 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' के तहत दी…