द इंडियन व्यू

प्रसिद्ध या गुरनूर, गिल के लिए नई गेंद के साथी का चयन मुश्किल

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने संकेत दिया है कि शनिवार से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रहे पहले टेस्ट में अनुभवी मोहम्मद सिराज के साथ प्रसिद्ध कृष्णा नई गेंद साझा कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध…

Ragwendra P Singh
August 14, 2026
3 min read
प्रसिद्ध या गुरनूर, गिल के लिए नई गेंद के साथी का चयन मुश्किल

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने संकेत दिया है कि शनिवार से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रहे पहले टेस्ट में अनुभवी मोहम्मद सिराज के साथ प्रसिद्ध कृष्णा नई गेंद साझा कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध और युवा गुरनूर बरार में से किसी एक को चुनने को ‘मुश्किल फैसला’ बताया।

भारत इस दौरे पर बाएं हाथ के तीन स्पिनरों रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और कुलदीप यादव के साथ उतर रहा है। वहीं चार तेज गेंदबाजों में सिराज की जगह लगभग तय है। आकिब नबी दौड़ में नहीं हैं जबकि छह फुट पांच इंच लंबे गुरनूर और उनसे एक इंच छोटे प्रसिद्ध के बीच चयन होना है। प्रसिद्ध सात टेस्ट खेल चुके हैं और उनके नाम 25 विकेट हैं।

पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर गिल ने कहा, ‘‘गुरनूर बरार ने पुरानी गेंद से शानदार गेंदबाजी की है क्योंकि वह अच्छी रफ्तार से उछाल हासिल कर सकते हैं। लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने पिछले कुछ समय में अच्छी गेंदबाजी की है, जैसा कि हमने अभ्यास मैच में देखा। इसलिए यह मुश्किल फैसला है।’’

© BCCI

गिल ने कहा कि यह श्रृंखला जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में प्रसिद्ध और गुरनूर जैसे खिलाड़ियों के लिए अपनी दावेदारी पेश करने का मौका है। बुमराह घुटने की चोट के कारण टीम में नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जसप्रीत बुमराह यहां नहीं हैं, लेकिन यह किसी और के लिए आगे बढ़ने का मौका है। यह खेल की रफ्तार को समझने की बात है।’’

बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को एक अन्य बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में नंबर तीन पर उतारे जाने की उम्मीद है। वहीं दबाव में चल रहे ध्रुव जुरेल के पिछले कुछ टेस्ट में खराब प्रदर्शन के बावजूद मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने की संभावना है। इस संदर्भ में गिल ने कहा, ‘‘खिलाड़ी अपने आप आगे बढ़ेंगे। हमें उन्हें समय देना होगा। कुछ खिलाड़ियों को थोड़ा समय चाहिए।’’

उन्होंने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और टीम प्रबंधन के बीच कथित तौर पर संवाद में कमी की अटकलों को भी खारिज किया। गिल ने कहा, ‘‘उनके साथ लगातार संवाद होता रहता है। दुर्भाग्य से साई सुदर्शन में उतना सुधार नहीं हुआ जितना हम चाहते थे, क्योंकि टेस्ट में हम जोखिम नहीं ले सकते। लेकिन हमें अपने 15 खिलाड़ियों पर भरोसा है।’’

टेस्ट कप्तान के रूप में एक साल पूरा कर चुके गिल का मानना है कि वह हर मैच के साथ इस भूमिका में बेहतर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह श्रृंखला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के उस अभियान को फिर पटरी पर लाने के बारे में होगी जिसे पिछली कुछ श्रृंखलाओं में झटके लगे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अब मैं कप्तान की भूमिका में सहज हूं। हमारा लक्ष्य विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह की दौड़ में बने रहना है। इसके लिए हमें छह या सात टेस्ट जीतने होंगे। इसलिए हम यहां से शुरुआत करना चाहते हैं।’’

शनिवार से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाला पहला टेस्ट भारत का पारंपरिक प्रारूप में 600वां मैच होगा। भारत ने 1932 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। गिल ने कहा, ‘‘600वें टेस्ट में अपने देश की अगुआई करना सम्मान की बात है और स्वतंत्रता दिवस पर ऐसा करना इससे भी बड़ा सम्मान है।”

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।