फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 85वां संस्करण, मांडविया ने दिलाया ‘नशामुक्त भारत’ का संकल्प
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को गुजरात के हणोल से फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 85वें संस्करण का नेतृत्व किया। इस अवसर पर युवाओं, माय भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़े…
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को गुजरात के हणोल से फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 85वें संस्करण का नेतृत्व किया।
इस अवसर पर युवाओं, माय भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़े प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त भारत’ का सामूहिक संकल्प लिया। अभियान का संदेश रहा- ‘फिटनेस को हां कहें, ड्रग्स को ना कहें।’
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से फिट इंडिया अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए फिटनेस को स्वस्थ जीवनशैली के सकारात्मक विकल्प के रूप में बढ़ावा देना था।
उन्होंने संडे ऑन साइकिल को जन आंदोलन बताते हुए कहा, “मुझे खुशी है कि यह पहल प्रधानमंत्री के फिट इंडिया आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए एक बड़े आंदोलन के रूप में विकसित हुई है। देशभर में 10,000 से अधिक स्थानों पर युवाओं ने साइकिलिंग के माध्यम से यह संदेश दिया है।”
उन्होंने दिसंबर 2024 में संडे ऑन साइकिल की शुरुआत की थी। इसके बाद से पूरे देश में 30 लाख से अधिक लोग इस अभियान में भाग ले चुके हैं। दिल्ली में इसका मुख्य कार्यक्रम मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सामूहिक ‘नशामुक्त भारत’ संकल्प रहा, जिसमें 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने नशे से मुक्त जीवन जीने और अपने परिवार, दोस्तों तथा समुदाय को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
रविवार सुबह 5:30 बजे तक 1000 से अधिक लोग स्टेडियम पहुंच गए थे। प्रतिभागियों ने योग और जुंबा जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके बाद इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास पांच किलोमीटर की साइकिल यात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम में कैरम, शतरंज, लूडो और बैडमिंटन के लिए गेम जोन भी बनाया गया। इसके अलावा रस्साकशी और बाधा दौड़ जैसी फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम में अभिनेता एवं मॉडल सिद्धार्थ निगम, अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश खिलाड़ी और जूनियर राष्ट्रीय चैंपियन गुरवीर सिंह, फिट इंडिया एंबेसडर नरेंद्र कुमार और फिट इंडिया चैंपियन एवं प्रसिद्ध जुंबा प्रशिक्षक मीनल पाठक ने भी हिस्सा लिया।
साइकिल यात्रा पूरी करने के बाद अभिनेता और जिम्नास्ट सिद्धार्थ निगम ने कहा, “सुबह पांच बजे बाहर निकलना और दिल्लीभर के लोगों को इतनी ऊर्जा और उत्साह के साथ साइकिल चलाते देखना शानदार अनुभव था।
‘नशा मुक्त भारत’ की थीम के साथ फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम यह मजबूत संदेश देता है कि हमें हानिकारक नशे की जगह फिटनेस, कड़ी मेहनत और अपने लक्ष्य हासिल करने की आदत अपनानी चाहिए।
एक खिलाड़ी के रूप में जिम्नास्टिक्स ने मुझे सिखाया कि अनुशासन बेहतर इंसान बनने की कुंजी है। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि ड्रग्स, सिगरेट और शराब से दूर रहें, अपने शरीर का ध्यान रखें और हर दिन कम-से-कम 30 मिनट फिटनेस के लिए समर्पित करें। फिटनेस का डोज, आधे घंटे रोज।”
अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश खिलाड़ी गुरवीर सिंह ने कहा, “फिट इंडिया और नशामुक्त भारत युवाओं को फिटनेस की ओर प्रेरित करने और नशे से दूर रखने की बेहतरीन पहल हैं। हर व्यक्ति को हर दिन कम-से-कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि के लिए समर्पित करना चाहिए।”
उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के प्रदर्शन की भी सराहना करते हुए कहा, “राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का 39 पदकों का प्रदर्शन भी बेहद सराहनीय है और हमारे खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित किया है।”
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
