पहला सेट हारने के बाद ज़्वेरेव की दमदार वापसी, ऑस्ट्रेलियाई ओपन में विजयी आगाज़
तीसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने पहला सेट हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए रविवार को यहां गैब्रियल डियालो को हराकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट में अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की। पिछले साल के…

तीसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने पहला सेट हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए रविवार को यहां गैब्रियल डियालो को हराकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट में अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की।
पिछले साल के उपविजेता ज्वेरेव ने कनाडा के 24 वर्षीय खिलाड़ी डियालो के खिलाफ अच्छी शुरुआत नहीं की लेकिन इसके बाद उन्होंने अपने अनुभव और दमदार सर्विस से वापसी करते हुए 6-7 (7), 6-1, 6-4, 6-2 से जीत दर्ज की। वह लगातार दसवें साल ऑस्ट्रेलियाई ओपन के दूसरे दौर में पहुंचे हैं।
मैच के बाद ज्वेरेव ने कहा, ‘‘सच कहूं तो जब मैंने ड्रॉ देखा तो मैं बिल्कुल भी खुश नहीं था। पहले सेट में मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। मैं सोच रहा था कि इससे बुरा तो कुछ भी नहीं हो सकता। इसके बाद मैंने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। डियालो युवा है, बहुत प्रतिभाशाली है और अविश्वसनीय रूप से आक्रामक है।’’
महिला वर्ग में सातवीं वरीयता प्राप्त जैस्मीन पाओलिनी ने पहले दौर में अलीअक्सांद्रा सास्नोविच को 6-1, 6-2 से हराया। इटली की इस खिलाड़ी को यह मैच जीतने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने पहला सेट केवल 27 मिनट में जीत लिया था और इसके बाद भी अपनी लय बरकरार रखी।

इटली के विश्व रैंकिंग में 20वें नंबर पर काबिज फ्लेवियो कोबोली टूर्नामेंट से बाहर होने वाले पहले वरीयता प्राप्त पुरुष खिलाड़ी बन गए। उन्हें ब्रिटिश क्वालीफायर आर्थर फेरी ने 7-6 (7), 6-4, 6-1 से हराया।
18वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसिस्को सेरुंडोलो ने झांग झिझेन को 6-3, 7-6 (0), 6-3 से और 32वीं वरीयता प्राप्त कोरेंटिन माउटेट ने ट्रिस्टन स्कूलकेट को 6-4, 7-6 (1), 6-3 से हराया।
महिला वर्ग में नंबर 12 एलिना स्वितोलिना ने क्रिस्टीना बुक्सा को 6-4, 6-1 से हराया जबकि मारिया सकारी ने लियोलिया जीनजीन पर 6-4, 6-2 से जीत हासिल की। विंबलडन की पूर्व विजेता मार्केटा वोंद्रोसोवा ने पहले दौर के मैच से पूर्व कंधे की चोट के कारण नाम वापस ले लिया।
इससे क्वालीफाइंग राउंड में खेल चुकी टेलर टाउनसेंड को मुख्य ड्रॉ में जगह मिल गई, जहां उनका सामना हैली बैपटिस्ट से हुआ। अमेरिका की दो खिलाड़ियों के बीच खेले गए इस मुकाबले में बैपटिस्ट 6-3, 6-7 (3), 6-3 से विजयी रही।
सम्बंधित ख़बरें
फिट इंडिया मूवमेंट के 100वें संस्करण का गुजरात में भव्य आयोजन 29 नवंबर को
गुजरात 29 नवंबर 2026, रविवार को फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के ऐतिहासिक 100वें संस्करण के राष्ट्रव्यापी समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए तैयार है।
बारिश के बीच इंग्लैंड का धमाका, ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त
इंग्लैंड ने बारिश से प्रभावित टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले को 'डकवर्थ लुईस नियम' के आधार पर 7 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बनाई।
मेसी खेलेंगे टेवेज के विदाई मुकाबले में, 20 दिसंबर को होगा आयोजन
अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर कार्लोस टेवेज के विदाई मुकाबले में दुनिया भर के कई बड़े सितारे एक साथ मैदान पर नजर आएंगे। इस खास मुकाबले में लियोनेल मेसी की मौजूदगी भी तय हो गई है। आयोजकों ने गुरुवार को पुष्टि की कि टेवेज के सम्मान में 20 दिसंबर को बोका जूनियर्स के ला बोम्बोनेरा स्टेडियम में यह मैच खेला जाएगा।
मार्क मार्केज का बड़ा ऐलान, वैलेंसिया ग्रां प्री होगी करियर की आखिरी रेस
स्पेन के दिग्गज राइडर और विश्व चैंपियन मार्क मार्केज मोटोजीपी से संन्यास लेने जा रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को अचानक घोषणा की कि इस सप्ताहांत होने वाली वैलेंसिया ग्रां प्री उनकी पेशेवर राइडर के रूप में अंतिम रेस होगी। उनकी टीम डुकाटी ने भी इसकी पुष्टि कर दी है।
