द इंडियन व्यू

नाबाद शतक से लक्ष्य ने संभाली भारत की पारी, ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ सीरीज में क्लीन स्वीप

कप्तान लक्ष्य रायचंदानी की नाबाद 110 रन की शानदार पारी से भारत अंडर-19 ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की युवा वनडे श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया। निरंजन शाह स्टेडियम में लक्ष्य ने नाबाद…

Ragwendra P Singh
September 23, 2026
2 min read
नाबाद शतक से लक्ष्य ने संभाली भारत की पारी, ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ सीरीज में क्लीन स्वीप

कप्तान लक्ष्य रायचंदानी की नाबाद 110 रन की शानदार पारी से भारत अंडर-19 ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की युवा वनडे श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया।

निरंजन शाह स्टेडियम में लक्ष्य ने नाबाद 110 रन बनाए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे मुकाबले में जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया। पहले दो मैचों में अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाने वाले लक्ष्य ने इस बार शानदार शतक लगाया।

255 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने तेज शुरुआत की। लक्ष्य ने आर्यवीर सहवाग के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। इसके बाद उन्होंने तीसरे विकेट के लिए कुशाग्र ओझा के साथ 85 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

© SLC

आर्यवीर अच्छी लय में थे लेकिन जैकब पीट्ज की गेंद पर शॉट लगाने के प्रयास में गेंद को सही तरीके से टाइम नहीं कर सके। मैट्यू लॉफ ने लॉन्ग ऑन पर उनका आसान कैच पकड़ लिया। वीके विनीत भी बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन लक्ष्य ने रन गति बनाए रखी।

कुशाग्र के आउट होने के बाद भी लक्ष्य मजबूती से डटे रहे। अन्वय द्रविड़ की जगह टीम में शामिल किए गए रजत बघेल ने उनका अच्छा साथ दिया और 44 रन की तेज पारी खेली। भारत ने 41.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर सपाट पिच पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन बनाए। जेड हॉलिक ने 87 रन बनाए, जबकि नील पटेल ने 51 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि, पदार्पण कर रहे स्थानीय खिलाड़ी आर्यन सावसानी ने हॉलिक को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी और भारत की वापसी का रास्ता खोला।

इसके बाद भारतीय तेज गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी पर शिकंजा कस दिया। मोहित उलवा और मनल चौहान ने तीन-तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को लगातार झटके दिए, जिससे वह बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सका।

श्रृंखला पहले ही अपने नाम कर चुकी भारतीय टीम ने इस मुकाबले में कुछ नियमित खिलाड़ियों को आराम दिया था। इसके बावजूद गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और लक्ष्य रायचंदानी ने कप्तानी पारी खेलकर भारत को तीसरी जीत दिलाते हुए श्रृंखला में क्लीन स्वीप पूरा कराया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।