डॉ. संजय कपूर फिर बने यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की 21वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) में कानपुर के डॉ. संजय कपूर को लगातार दूसरी बार यूपी टी-20 लीग का चेयरमैन बनाया गया। बुधवार को कानपुर के पांच सितारा होटल लैंडमार्क में हुई…

लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की 21वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) में कानपुर के डॉ. संजय कपूर को लगातार दूसरी बार यूपी टी-20 लीग का चेयरमैन बनाया गया।
बुधवार को कानपुर के पांच सितारा होटल लैंडमार्क में हुई एजीएम में गाजीपुर के संजीव कुमार सिंह को भी दोबारा गवर्निंग काउंसिल का सदस्य चुना गया। इसके साथ ही चार निदेशकों अभिषेक सिंघानिया, अशोक चतुर्वेदी, रियासत अली और प्रदीप कुमार गुप्ता को भी कार्यकाल पूरा होने के बाद पुनर्नियुक्त किया गया।
गवर्निंग काउंसिल के दो पदों के लिए दो ही नामांकन होने के कारण दोनों पदों पर निर्विरोध चुनाव हुआ। वहीं सभी कमेटियों पर अंतिम फैसला लेने का अधिकार यूपीसीए अध्यक्ष और सचिव को दिया गया है।

एजीएम के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि पूर्व न्यायाधीश विनीत शरण को यूपीसीए का लोकपाल और कृष्ण मुरारी को एथिक ऑफिसर नियुक्त किया गया है। उन्होंने वाराणसी में तैयार हो रहे यूपीसीए के नए स्टेडियम को लेकर बताया कि जल्द ही वहां घरेलू क्रिकेट के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले स्थानीय स्तर के मैच कराकर पिच और मैदान की स्थिति को परखा जाएगा।
राजीव शुक्ला ने बताया कि अगले वर्ष होने वाली बीसीसीआई की महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की मेजबानी के लिए काशी स्टेडियम को बड़ौदा के साथ विकल्प के तौर पर रखा गया है। स्टेडियम पूरी तरह तैयार होने की स्थिति में वहां डब्ल्यूपीएल के मुकाबले आयोजित किए जा सकते हैं।
कानपुर में कमला क्लब की लीज खत्म होने और ग्रीन पार्क स्टेडियम के कायाकल्प का काम शुरू होने को देखते हुए यूपीसीए कानपुर विश्वविद्यालय में बन रहे नए स्टेडियम के साथ एमओयू करने की तैयारी में है। राजीव शुक्ला ने बताया कि शहर में एक स्तरीय मैदान की जरूरत थी, जिसके लिए सीएसजेएमयू से बातचीत चल रही है। करार होने के बाद वहां यूपीसीए की गतिविधियां शुरू की जा सकेंगी।

यूपी टी-20 लीग के चौथे चरण की सफलता पर राजीव शुक्ला ने डॉ. संजय कपूर को बधाई दी। उन्होंने बताया कि पांचवें चरण में भी दो शहरों के प्रारूप को बरकरार रखा जाएगा। साथ ही गवर्निंग काउंसिल अगले सत्र में आठ टीमों को शामिल करने पर भी विचार कर सकती है।
एजीएम में यूपीसीए अध्यक्ष निधिपति सिंघानिया, सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, संयुक्त सचिव डॉ. उमेर हसन, सीईओ अंकित चटर्जी, मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, अहमद अली खान तालिब समेत यूपीसीए के सदस्य मौजूद रहे।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
