भारत की बेटियों का ऐतिहासिक कमाल, चीन को 1-0 से हराकर जीता एशियाई खेलों का गोल्ड
44 साल का इंतजार खत्म हुआ और भारतीय महिला हॉकी ने एशियाई खेलों में इतिहास रचा। भारत ने फाइनल में मौजूदा एशियाई विजेता और विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस ऐतिहासिक जीत के साथ…

44 साल का इंतजार खत्म हुआ और भारतीय महिला हॉकी ने एशियाई खेलों में इतिहास रचा। भारत ने फाइनल में मौजूदा एशियाई विजेता और विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने सीधे लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
भारत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि महिला हॉकी में भारत ने आखिरी बार 1982 के दिल्ली एशियाई खेलों में पदक जीता था। इसके बाद 44 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद भारतीय बेटियों ने फिर एशियाई खेलों के मंच पर स्वर्णिम इतिहास रचा और तिरंगा शान से लहराया। फाइनल में भारत के लिए एकमात्र गोल लालरेमसियामी ने 10वें मिनट में किया। साक्षी से मिले पास को हासिल करने के बाद लालरेमसियामी ने शानदार अंदाज में घूमकर तेज टॉमहॉक शॉट लगाया, जो चीनी गोलकीपर को छकाते हुए गोल के कोने में जा पहुंचा। यही गोल अंत तक भारत की जीत का आधार बना।
पहले क्वार्टर में बढ़त लेने के बाद भारत ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाया। 13वें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन नवनीत कौर का प्रयास गोल से थोड़ा बाहर चला गया। इसके बाद चीन ने लगातार दबाव बनाया और 19वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। भारतीय डिफेंस ने खतरे को टाल दिया।

22वें मिनट में अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए चीन को बराबरी करने से रोक दिया। चीन को पेनल्टी स्ट्रोक मिला था लेकिन सविता ने बाईं ओर नीचे की तरफ डाइव लगाकर शानदार सेव किया। इसके बाद शिल्पी दहिया ने भी गोललाइन के पास महत्वपूर्ण बचाव करते हुए भारत की बढ़त कायम रखी।
पहले हाफ के अंत तक भारत 1-0 से आगे था। दूसरे हाफ में चीन ने गेंद पर अपना कब्जा बढ़ाया और भारतीय डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया। 33वें मिनट में चीन को लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले। भारतीय खिलाड़ियों ने गोललाइन पर शानदार बचाव किए और चीन के हर प्रयास को नाकाम किया।
नवनीत कौर ने एक बार फिर गोललाइन पर महत्वपूर्ण बचाव किया। चीन की अपील पर पेनल्टी स्ट्रोक की संभावना बनी लेकिन भारत ने रेफरल लिया और फैसले के बाद चीन को पेनल्टी कॉर्नर ही मिला। भारतीय रक्षापंक्ति ने इसके बाद भी चीन को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। तीसरे क्वार्टर में चीन ने लगातार आक्रमण किए। 40वें मिनट के आसपास चीन का दबदबा साफ दिखाई दिया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने अपना संयम नहीं खोया। तीसरे क्वार्टर के अंत तक स्कोर 1-0 ही रहा।
आखिरी 15 मिनट में चीन ने बराबरी के लिए पूरी ताकत झोंक दी। अंतिम चरण में चीन ने अपना गोलकीपर भी बाहर बुलाकर एक अतिरिक्त आउटफील्ड खिलाड़ी उतारा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने हर हमले को नाकाम कर दिया। भारत ने आखिरी मिनटों में गेंद को सुरक्षित रखते हुए समय निकाला और आखिरकार अंतिम हूटर बजते ही ऐतिहासिक जीत पर मुहर लग गई।
इस स्वर्ण के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने न केवल 44 साल बाद एशियाई खेलों में पदक जीता, बल्कि लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफिकेशन भी हासिल कर लिया। पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाने के बाद भारतीय महिला हॉकी के लिए यह वापसी बेहद महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम ने 1982 के दिल्ली एशियन खेलों में स्वर्ण जीता था।
टूर्नामेंट में भारत से सबसे ज्यादा गोल दीपिका ने किए। उन्होंने 21 गोल दागे। नवनीत कौर 10 गोल के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि चीन की जियाकी झोंग ने 9 गोल किए। भारत की इस ऐतिहासिक जीत ने एशियाई खेलों में देश के लिए एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
