कोटक महिंद्रा बैंक का मुनाफा तीसरी तिमाही में चार फीसदी बढ़कर 3,446 करोड़ रुपये
नई दिल्ली : निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 की दिसंबर यानी तीसरी तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। 31 दिसंबर को समाप्त अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में बैंक का मुनाफा लाभ 4 फीसदी बढ़कर 3,446…

नई दिल्ली : निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 की दिसंबर यानी तीसरी तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। 31 दिसंबर को समाप्त अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में बैंक का मुनाफा लाभ 4 फीसदी बढ़कर 3,446 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक को 3,305 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
कोटक महिंद्रा बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 16,741 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 16,050 करोड़ रुपये थी। इस दौरान बैंक की ब्याज आय भी 13,428 करोड़ रुपये से बढ़कर 13,903 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
मुंबई स्थित बैंक ने बताया कि इस दौरान बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) बढ़कर 7,565 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 7,196 करोड़ रुपये रही थी। हालांकि, बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के 4.93 फीसदी से गिरकर 4.54 फीसदी रह गया। परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर बैंक के सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) अनुपात में सुधार हुआ है। यह 31 दिसंबर, 2025 तक घटकर 1.30 फीसदी रह गया, जो पिछले साल 1.50 फीसदी था।
इसी तरह बैंक का शुद्ध एनपीए भी 0.41 फीसदी से घटकर 0.31 फीसदी पर आ गया है। हालांकि, दिसंबर तिमाही में बैंक का संभावित ऋण नुकसान के लिए ‘प्रावधान’ बढ़कर 810 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 794 करोड़ रुपये था। इसके अलावा बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात मामूली रूप से घटकर 22.63 फीसदी रह गया, जो दिसंबर 2024 के अंत में 22.79 फीसदी था।
समेकित आधार पर कोटक महिंद्रा बैंक का शुद्ध लाभ पांच फीसदी बढ़कर 4,924 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 4,701 करोड़ रुपये था। दिसंबर तिमाही के एकीकृत लाभ में नए श्रम कानूनों के कारण 98 करोड़ रुपये की अनुमानित अतिरिक्त लागत भी शामिल है। 31 दिसंबर, 2025 तक बैंक के प्रबंधन के तहत कुल ग्राहक परिसंपत्तियां (एयूएम) बढ़कर 7,87,950 करोड़ रुपये हो गईं, जो एक साल पहले 6,85,134 करोड़ रुपये थीं।
बैंक के मुताबिक 31 दिसंबर, 2025 तक बैंक की एकीकृत कुल संपत्ति 1,75,251 करोड़ रुपये थी।
