द इंडियन व्यू

करन शर्मा की नाबाद 92 रन की कप्तानी पारी, काशी रुद्रास की लगातार दूसरी जीत

लखनऊ। मैन ऑफ द मैच कप्तान करन शर्मा की 48 गेंदों पर 92 रन की तूफानी पारी के दम पर गत विजेता काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मुकाबले में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। यूपी टी-20 लीग…

Ragwendra P Singh
August 18, 2026
4 min read
करन शर्मा की नाबाद 92 रन की कप्तानी पारी, काशी रुद्रास की लगातार दूसरी जीत

लखनऊ। मैन ऑफ द मैच कप्तान करन शर्मा की 48 गेंदों पर 92 रन की तूफानी पारी के दम पर गत विजेता काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मुकाबले में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए मैच में काशी रुद्रास ने गौर गोरखपुर लायंस को 15 रन से शिकस्त दी। करन शर्मा ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने के साथ जीत की नींव रखी। मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

गौर गोरखपुर लायंस को 15 रन से किया पराजित

इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, आयोजन समिति के सदस्य अजीज अहमद खान, मोहनलाल अग्रवाल, फैसल शेरवानी, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को लेकर जिस तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है, वह प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग जैसे मंच युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने और आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं।

गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी रुद्रास ने 50 रन की शुरुआती साझेदारी के साथ पारी की अच्छी शुरुआत की। साहब युवराज सिंह ने 25 गेंदों पर 41 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।

हालांकि, निशांत ठाकुर ने एक ही ओवर में दो विकेट झटककर काशी की पारी पर दबाव बना दिया। इसके बाद मध्यक्रम लड़खड़ा गया और 10वें ओवर तक काशी रुद्रास का स्कोर 88 रन पर पांच विकेट हो गया।

ऐसे हालात में कप्तान करन शर्मा ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम ने अंतिम चार ओवरों में 76 रन जोड़ते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। फील्डिंग की कुछ चूकों और नो-बॉल का भी फायदा उठाते हुए करन ने अपनी नाबाद 92 रन की पारी में चार चौके और नौ छक्के लगाए, जिससे काशी रुद्रास ने 20 ओवर में छह विकेट पर 194 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

इस शानदार पारी के साथ करन शर्मा ने लीग की ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली। तीन मैचों में उनके नाम अब 161 रन हो गए हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए गौर गोरखपुर लायंस ने 20 ओवर में सात विकेट पर 179 रन बनाए। टीम ने पहली ही गेंद पर अभय प्रताप सिंह के छक्के के साथ शानदार शुरुआत की। हालांकि यह लय ज्यादा देर कायम नहीं रह सकी।

दूसरे ओवर में वैभव चौधरी ने कप्तान आर्यन जुयाल को आउट कर काशी को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद दोनों हाथों से गेंदबाजी करने वाले स्पिनर विजय यादव ने अभय प्रताप सिंह और शिवम चौधरी को आउट कर लायंस को 50 रन पर तीन विकेट के दबाव में ला दिया।

इसके बाद सिद्धार्थ यादव और प्रिंस यादव ने पारी को संभालने की कोशिश की और दोनों के बीच 55 रन की साझेदारी हुई। काशी के कप्तान करन शर्मा ने खुद गेंदबाजी का जिम्मा संभाला और आते ही प्रिंस यादव को पवेलियन भेज दिया। कुछ ही देर बाद वैभव चौधरी ने अपना दूसरा विकेट हासिल करते हुए सिद्धार्थ यादव को आउट कर दिया।

गोरखपुर ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। हालांकि आखिरी ओवरों में बल्लेबाजों ने कुछ शानदार चौके-छक्के लगाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके। इस हार के साथ गौर गोरखपुर लायंस को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, जबकि काशी रुद्रास ने तीन मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।