इशिका और सलीमा के गोल से चमका भारत, महिला हॉकी के फाइनल में चीन से टक्कर
भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार संयम और दमदार प्रदर्शन के दम पर दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराकर एशियाई खेल 2026 फाइनल में प्रवेश कर लिया। दो क्वार्टर तक गोलरहित मुकाबले के बाद भारत ने दूसरे हाफ में वापसी करते हुए इशिका और…

भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार संयम और दमदार प्रदर्शन के दम पर दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराकर एशियाई खेल 2026 फाइनल में प्रवेश कर लिया। दो क्वार्टर तक गोलरहित मुकाबले के बाद भारत ने दूसरे हाफ में वापसी करते हुए इशिका और कप्तान सलीमा टेटे के गोल से जीत दर्ज की। अब भारत का सामना 2 अक्टूबर को स्वर्ण पदक के मुकाबले में चीन से होगा।
भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और दक्षिण कोरिया के सर्कल में लगातार दबाव बनाया। हालांकि, कोरियाई गोलकीपर सियोयोन ली भारतीय हमलों के सामने दीवार बनकर खड़ी रहीं। उन्होंने पहले दो क्वार्टर में कई शानदार बचाव करते हुए भारत को बढ़त लेने से रोके रखा।
भारत को दूसरे मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। दीपिका के ड्रैग-फ्लिक को ली ने डाइव लगाकर रोक दिया। इसके बाद भी भारत ने हमले जारी रखे। बाएं फ्लैंक पर बलजीत ने प्रभावी खेल दिखाया और नवनीत कौर के साथ मिलकर कई मौके बनाए लेकिन कोरियाई गोलकीपर ने लगातार बचाव किए।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने दबाव बनाए रखा। ललरेमसियामी की तेज मूवमेंट और इशिका के सर्कल में प्रवेश से भारत ने कई अवसर बनाए। 28वें मिनट में वीडियो रेफरल के बाद भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन नवनीत के प्रयास को रशर ने रोक दिया। इसके बाद मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर पर भी दक्षिण कोरियाई गोलकीपर ने भारत को सफलता नहीं लेने दी।
हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 रहा। भारत के लगातार दबाव और मिडफील्ड में बेहतर तालमेल के बावजूद दक्षिण कोरिया की रक्षापंक्ति और गोलकीपर ने मुकाबले को बराबरी पर बनाए रखा। तीसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामकता और बढ़ाई। ललरेमसियामी ने बैक-फ्लिक से मौका बनाया, जबकि रुतुजा दादासो पिसाल ने रिवर्स हिट से कोरियाई डिफेंस को परखा। आखिरकार 44वें मिनट में भारत को सफलता मिली।
भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर दीपिका ने सीधे ड्रैग-फ्लिक करने के बजाय शानदार वैरिएशन का इस्तेमाल किया। उनकी चाल से गेंद इशिका तक पहुंची और इशिका ने पहले ही टच में गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। चौथे क्वार्टर में भारत ने बढ़त को और मजबूत कर दिया। 48वें मिनट में कप्तान सलीमा टेटे ने दाएं ओर से शानदार ओवरलैपिंग रन बनाया और कोरियाई सर्कल में पहुंचकर बेहतरीन फिनिश के साथ गोल दाग दिया। भारत की बढ़त 2-0 हो गई।
इसके बाद दक्षिण कोरिया ने वापसी की कोशिश की लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने धैर्य बनाए रखा। 54वें मिनट में कोरिया के वीडियो रेफरल के बाद पेनल्टी कॉर्नर का फैसला पलट दिया गया। इसके बाद भारत को भी एक सफल रेफरल के जरिए पेनल्टी कॉर्नर मिला। दीपिका की फ्लिक को ली ने रोक लिया और दोबारा मिले मौके पर कोरियाई डिफेंडर ने गोललाइन सेव कर भारत को तीसरे गोल से रोका।
59वें मिनट में दक्षिण कोरिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसे भी नाकाम कर दिया। सलीमा टेटे ने रश में शानदार भूमिका निभाते हुए भारत को क्लीन शीट बरकरार रखने में मदद की। अंतिम सीटी बजते ही भारत ने 2-0 की जीत के साथ फाइनल में जगह पक्की कर ली। पहले हाफ में लगातार मौके बनाने के बावजूद गोल नहीं कर पाने वाली भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में धैर्य बनाए रखा और इशिका तथा सलीमा के गोल से दक्षिण कोरिया की चुनौती खत्म कर दी।
इससे पहले दिन के पहले सेमीफाइनल में चीन ने मेजबान जापान को निर्धारित 60 मिनट में गोलरहित रखने के बाद शूटआउट में 4-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब एशियाई खेल 2026 के महिला हॉकी स्वर्ण पदक मुकाबले में भारत और चीन आमने-सामने होंगे।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
