आईसीसी ने बदले क्रिकेट के कई नियम, बल्लेबाजों की देरी पर लगेगी पांच रन की पेनल्टी
आईसीसी ने पुरुष और महिला क्रिकेट के लिए प्लेइंग कंडिशन में बदलाव किए हैं। नए नियमों का उद्देश्य खेल की गति बेहतर करने के साथ कुछ नियमों को ज्यादा स्पष्ट और एकरूप बनाना है। हालांकि, जो अंतरराष्ट्रीय सीरीज पहले से जारी…

आईसीसी ने पुरुष और महिला क्रिकेट के लिए प्लेइंग कंडिशन में बदलाव किए हैं। नए नियमों का उद्देश्य खेल की गति बेहतर करने के साथ कुछ नियमों को ज्यादा स्पष्ट और एकरूप बनाना है। हालांकि, जो अंतरराष्ट्रीय सीरीज पहले से जारी हैं, उनमें पुराने नियम ही लागू रहेंगे।
नए नियमों में सबसे अहम बदलाव बल्लेबाजों के समय बर्बाद करने से जुड़ा है। अगर बल्लेबाज निर्धारित समय के भीतर अगली गेंद खेलने के लिए तैयार नहीं होता है तो पहली बार उसे चेतावनी दी जाएगी। दूसरी बार अंतिम चेतावनी मिलेगी, जबकि तीसरी और उसके बाद हर बार गलती दोहराने पर फील्डिंग टीम को 5 रन पेनल्टी के तौर पर दिए जाएंगे। लगातार उल्लंघन की स्थिति में आचार संहिता के तहत भी कार्रवाई हो सकती है।
महिला क्रिकेट में इस्तेमाल होने वाली गेंदों के आकार और वजन को लेकर भी नियम स्पष्ट किए गए हैं। अब पुरुष, महिला और जूनियर क्रिकेट के लिए गेंदों के आकार और वजन की अलग-अलग सीमाएं तय की गई हैं। फील्डिंग से जुड़े नियमों में भी बदलाव हुआ है। 'ओवरथ्रो' किस स्थिति को माना जाएगा, इसे स्पष्ट किया गया है। केवल गेंद को रोकने या दूसरे फील्डर तक पहुंचाने की कोशिश को ओवरथ्रो नहीं माना जाएगा। इसी तरह रन आउट या स्टंपिंग के दौरान फील्डर के हाथ में गेंद होने के लिए उसका गेंद पर पूरा नियंत्रण होना जरूरी होगा।

'बॉल फाइनली सेटल्ड' होने के नियम में भी अंपायर को अधिक निर्णयाधिकार दिया गया है। अब गेंद का गेंदबाज या विकेटकीपर के हाथ में होना जरूरी नहीं होगा। टेस्ट में एक अहम बदलाव के तहत आपसी सहमति से दिन में खेले जाने वाले टेस्ट मैचों में पिंक बॉल का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसका उद्देश्य खराब रोशनी के कारण खेल में होने वाले व्यवधान को कम करना है। मैच शुरू होने से पहले दोनों पक्षों की सहमति जरूरी होगी और फैसला मैच शुरू होने के बाद बदला नहीं जा सकेगा।
एक अन्य बदलाव के तहत दिन के आखिरी ओवर में विकेट गिरने मात्र से खेल अपने आप खत्म नहीं होगा। यदि ओवर की गेंदें बाकी हैं और मौसम तथा परिस्थितियां खेलने के अनुकूल हैं, तो बची हुई गेंदें उसी दिन पूरी की जा सकती हैं। टी20 में अब 15 मिनट का निर्धारित इंटरवल होगा। समय खराब होने की स्थिति में इसे घटाकर कम से कम 10 मिनट किया जा सकता है। ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मुख्य कोच या उनके नामित प्रतिनिधि को मैदान में आने की अनुमति से जुड़े नियम भी वनडे और टी20 प्रारूप में एक समान किए गए हैं।
इसके अलावा लेग साइड की वाइड गेंद से संबंधित ट्रायल को वनडे और टी20 के नियमों में स्थायी रूप से शामिल कर दिया गया है। आईसीसी के मुताबिक, इन बदलावों पर संबंधित क्रिकेट समितियों में विस्तार से चर्चा की गई है। इनका उद्देश्य आधुनिक क्रिकेट की जरूरतों के अनुरूप नियमों को विकसित करना और खेल में स्पष्टता व निरंतरता बनाए रखना है।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
