अमेरिकी ओपन में लगी चोट, डेविस कप में युकी भांबरी की उपलब्धता पर संशय
अमेरिकी ओपन में मैच से पहले अभ्यास के दौरान दाहिने पांव में खिंचाव आने के कारण भारत के युकी भांबरी का सोल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ डेविस कप टेनिस टूर्नामेंट के मुकाबले में खेलना संदिग्ध है। भांबरी गुरुवार की रात को…

अमेरिकी ओपन में मैच से पहले अभ्यास के दौरान दाहिने पांव में खिंचाव आने के कारण भारत के युकी भांबरी का सोल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ डेविस कप टेनिस टूर्नामेंट के मुकाबले में खेलना संदिग्ध है। भांबरी गुरुवार की रात को कोरिया के लिए रवाना हुए भारतीय खिलाड़ियों के पहले बैच के साथ सोल नहीं गए।
इससे उनके इस महत्वपूर्ण मुकाबले में खेलने को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम आठ टीमों के एलीट डेविस कप फाइनल में अपनी जगह पक्की करेगी। भांबरी ने इसे मामूली मोच बताया। इस भारतीय खिलाड़ी ने कहा कि इस महीने के आखिर में शुरू वाले एशियाई खेलों में उनकी भागीदारी को कोई खतरा नहीं है।
भांबरी ने एक समाचार एजेंसी से कहा, ‘‘अमेरिकी ओपन में मुख्य ड्रॉ के मैच से पहले अभ्यास के दौरान मेरे पांव में खिंचाव आ गया था। यह मामूली चोट है। मेरे पूरी तरह फिट होने के लिए कोई समयसीमा तय नहीं है, लेकिन यह कोई गंभीर चोट नहीं है।’’ उनकी स्थिति पर प्रतिदिन नजर रखी जा रही है। वह अपनी फिटनेस का आकलन करने के लिए देबाशीष दास और यश पांडे सहित भारतीय डेविस कप टीम के सहयोगी स्टाफ के संपर्क में हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘अभी भी दर्द है। हमें दिन प्रतिदिन इसका आकलन करना होगा। देखते हैं कि आगे क्या होता है।’’ इस चोट से हालांकि भांबरी की एशियाई खेलों में भागीदारी खतरे में पड़ने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से एशियाई खेलों में भाग लूंगा। तब तक मैं पूरी तरह फिट हो जाऊंगा। यह देखना बाकी है कि मैं डेविस कप में खेल पाऊंगा या नहीं।’’
यदि भांबरी समय पर ठीक नहीं हो पाते हैं तो भारत युगल में वैकल्पिक संयोजनों पर विचार कर सकता है। इसमें एन श्रीराम बालाजी और एकल विशेषज्ञ दक्षिणेश्वर सुरेश की जोड़ी बनाना भी शामिल है। सिद्धार्थ रावत और अर्नव पपार्कर टीम में रिजर्व खिलाड़ी हैं, लेकिन वे एकल में खेलते हैं।
अखिल भारतीय टेनिस संघ के सूत्रों के अनुसार कप्तान रोहित राजपाल के अनुरोध पर बाएं हाथ के खिलाड़ी अनिरुद्ध चंद्रशेखर को सोल में टीम से जुड़ने के लिए कहा जा चुका है। उनके पास कोरिया का वीजा भी है। एआईटीए ने निकी पूनाचा के लिए भी वीजा का आवेदन किया है। भांबरी ने कहा, ‘‘हम युगल में कोरिया को हराने में सक्षम हैं। भारत में युगल खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है।’’
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
