द इंडियन व्यू

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का विजयी आगाज, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह चमके

भारतीय टीम ने अर्शदीप सिंह की सटीक गेंदबाजी के बाद अभिषेक शर्मा के धमाकेदार अर्धशतक से रविवार को यहां पहले टी20 में अफगानिस्तान पर सात विकेट की आसान जीत से तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। अभिषेक ने 82 रन बनाए और…

Ragwendra P Singh
September 13, 2026
4 min read
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का विजयी आगाज, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह चमके

भारतीय टीम ने अर्शदीप सिंह की सटीक गेंदबाजी के बाद अभिषेक शर्मा के धमाकेदार अर्धशतक से रविवार को यहां पहले टी20 में अफगानिस्तान पर सात विकेट की आसान जीत से तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।

अभिषेक ने 82 रन बनाए और ईशान किशन (42 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 गेंद में 121 रन की शतकीय साझेदारी निभाई जिससे भारत ने 157 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पहले अर्शदीप ने अपनी गेंदबाजी में ‘वैरिएशन’ से तीन विकेट झटके जिससे अफगानिस्तान टीम बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद 156 रन ही बना सकी।

भारतीय टीम ने संजू सैमसन (10 रन) के रूप में पहला विकेट तीसरे ओवर में अजमतुल्लाह उमरजई की गेंद पर गंवाया। उमरजई की गुड लेंथ गेंद पर पिक अप शॉट खेलने के प्रयास में सैमसन डीप स्क्वायर लेग में दार्विश रसूली को कैच थमा बैठे। फिरोज शाह कोटला की सपाट पिच पर बल्लेबाजी के लिए कोई खास मुश्किल नहीं थी।

© AFP/Getty Images

अभिषेक ने आसानी से अफगानिस्तान के गेंदबाजों के खिलाफ शॉट लगाए जिसकी शुरूआत पहले ही ओवर में फजलहक फारूकी की ओवर पिच गेंद पर डीप एक्स्ट्रा कवर में छक्का लगाकर की। सैमसन के आउट होने के बाद अभिषेक ने उमरजई पर दर्शकदीर्घा में गेंद भेजकर अपनी पारी का दूसरा छक्का जड़ा।

अभिषेक ने अपनी पारी का तीसरा छक्का फारूकी पर मिडविकेट पर लगाया। उन्होंने अपना 12वां टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक महज 22 गेंद में पूरा कर लिया। दूसरे छोर पर खड़े ईशान ने भी प्रेरणा लेते हुए फारूकी पर एक छक्का जड़ दिया। जब अफगानिस्तान के स्पिनर गेंदबाजी करने आए, तब तक अभिषेक पूरी तरह मैच पर हावी हो चुके थे।

नूर अहमद सही लाइन एवं लेंथ में गेंदबाजी नहीं कर सके जिसका अभिषेक ने भरपूर फायदा उठाया। उनके आउट होने के बाद भारत को जीत के लिए महज 17 रन की जरूरत थी। मोहम्मद नबी ने अभिषेक और ईशान की पारी समाप्त की। उन्होंने दो विकेट झटके। इन दोनों के कैच राशिद खान ने लिए।

© AFP/Getty Images

इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने अफगानिस्तान की पारी में कुछ शानदार गेंदें फेंकीं, लेकिन अर्शदीप ने कमाल की गेंदबाजी की। पहले 10 ओवर तक दोनों स्पिनरों वरुण चक्रवर्ती (एक विकेट) और अक्षर पटेल (एक विकेट) ने नियंत्रण बनाए रखा। इसके बाद अजमतुल्लाह उमरजई (नाबाद 64 रन) और मोहम्मद नबी (33 रन) ने छठे विकेट के लिए 83 रन जोड़कर अफगानिस्तान का स्कोर 150 के पार पहुंचाया।

बुमराह (एक विकेट) ने पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की और 16 डॉट गेंदें फेंकीं। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व स्टार रहमानुल्लाह गुरबाज (शून्य) को ऐसी गेंद पर आउट किया जो बल्लेबाज के बल्ले का किनारा लेकर पहली स्लिप में खड़े अभिषेक शर्मा के हाथों में चली गई जिन्होंने शानदार नीचा कैच पकड़ा।

दूसरी ओर अर्शदीप ने गेंद की गति में बदलाव और ‘वैरिएशन’ का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए अहम मौकों पर विकेट हासिल किए। इब्राहिम जदरान (13) और सेदिकुल्लाह अटल (11) ने कुछ अच्छे शॉट लगाए। लेकिन गफलत के कारण अफगानिस्तान के कप्तान को अपना विकेट गंवाना पड़ा।

अर्शदीप ने अफगान बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। उन्होंने अटल को वाइड यॉर्कर डाली लेकिन ‘फ्लाई’ स्लिप पर खड़े बुमराह ने आसान कैच लपक लिया। गुलबदीन नायब (02) ने अक्षर की गेंद पर एक खराब इनसाइड-आउट शॉट खेला और नीतिश रेड्डी के हाथों कैच आउट हो गए।

इसके बाद वरुण ने लगातार स्टंप को निशाना बनाते हुए आक्रामक गेंदबाजी की और दार्विश रसूली (02) का विकेट लिया। इससे सात ओवर में अफगानिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 43 रन हो गया। लेकिन इस स्कोर तक पहुंचाने का श्रेय अजमतुल्लाह को जाता है जिन्होंने भारतीय गेंदबाजी की कमजोर कड़ी नीतिश रेड्डी को निशाना बनाया और उनके खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की।

अर्शदीप ने अपने दूसरे स्पेल में खतरनाक मोहम्मद नबी को छक्का खाने के तुरंत बाद क्लीन बोल्ड कर दिया। नबी के आउट होने के बाद राशिद खान (एक रन) अर्शदीप की गेंद पर डीप में कैच आउट हो गए। इसके बाद उमरजई ने शिवम दुबे पर लगातार दो छक्के लगाए। आखिरी ओवर में 21 रन बने और इस तरह ‘मेजबान’ अफगानिस्तान ने 150 से अधिक का स्कोर सुनिश्चित कर लिया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।