द इंडियन व्यू

अफगानिस्तान के खिलाफ जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा भारत, पांचवें गेंदबाजी विकल्प की चुनौती

पहले मैच में बड़ी जीत से उत्साहित टीम इंडिया अफगानिस्तान के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले दूसरे टी20 में जीत दर्ज करके श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगी और इस दौरान पांचवें गेंदबाज की समस्या का समाधान…

Ragwendra P Singh
September 14, 2026
4 min read
अफगानिस्तान के खिलाफ जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा भारत, पांचवें गेंदबाजी विकल्प की चुनौती

पहले मैच में बड़ी जीत से उत्साहित टीम इंडिया अफगानिस्तान के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले दूसरे टी20 में जीत दर्ज करके श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगी और इस दौरान पांचवें गेंदबाज की समस्या का समाधान भी निकालना चाहेगी। हार्दिक पंड्या के चोटिल होने के कारण भारतीय टीम में पांचवें विश्वसनीय गेंदबाजी विकल्प की कमी महसूस हो रही है।

विश्व कप विजेता भारत ने रविवार को यहां एकतरफा मुकाबले में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर खेल के सबसे छोटे प्रारूप में शानदार वापसी की। श्रेयस अय्यर की टीम ने पहले मैच में हर मोर्चे पर बेहतरीन प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इस जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अर्शदीप ने तीन विकेट लिए और अफगानिस्तान को 156 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद अभिषेक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 82 रन बनाए जिससे भारत ने 13.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर दिया। जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने भी चोट से वापसी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन भारत को इस महीने के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों से पहले पांचवें गेंदबाज की समस्या का समाधान करना होगा।

साभार : गूगल

अय्यर को उस स्थान की भरपाई करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि ऑलराउंडर शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। रेड्डी ने 30 रन लुटाए जबकि आखिरी ओवर में गेंद संभालने वाले दुबे ने 21 रन दिए। अभिषेक ने भी एक ओवर किया। इस तरह तीनों ने मिलकर अपने चार ओवरों में 59 रन लुटाए।

अर्शदीप, बुमराह, अक्षर पटेल और चक्रवर्ती के अच्छे प्रदर्शन से भारत को पांचवें गेंदबाजी के विकल्पों का खराब प्रदर्शन भारी नहीं पड़ा लेकिन भविष्य में टीम को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। बल्लेबाजी की बात करें तो अभिषेक ने अपनी तूफानी पारी से अपनी फॉर्म को लेकर उठ रही शंकाओं को दूर कर दिया।

शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन ने अभ्यास के दौरान पीठ पर लगी मामूली चोट को दरकिनार करते हुए 33 गेंदों में 42 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। संजू सैमसन (10) को हालांकि टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए बड़ी पारी खेलनी होगी। केरल के इस बल्लेबाज ने भारत की टी20 विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन इसके बाद उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तथा उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला से पहले चार पारियों में केवल 33 रन बनाए।

सैमसन को शानदार फॉर्म में चल रहे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें जल्द से जल्द बड़ा स्कोर बनाना होगा जिससे कि वह एशियाई खेलों के लिए अंतिम एकादश में अपनी जगह सुरक्षित बनाए रखें। पहले मैच में अफगानिस्तान भारत के सामने कहीं नहीं टिक पाया। उसके बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया।

अगर उसे भारत को कड़ी चुनौती देनी है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। रहमानुल्लाह गुरबाज और कप्तान इब्राहिम जादरान के जल्दी आउट होने से अफगानिस्तान दबाव में आ गया। उसने सातवें ओवर में ही 43 रन पर अपने आधे विकेट गंवा दिए थे। मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरज़ई की साझेदारी ने उम्मीद जगाई, लेकिन उसके बाकी बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने रविवार को कहा, ‘‘हमने तीन ओवरों में अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसके बाद हम अच्छा योगदान नहीं दे पाए। हमने लगातार विकेट गंवाए और उन्होंने हम पर दबाव बना दिया। हमने बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन हम उतने रन नहीं बना पाए जितने हम चाहते थे।’’

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई

अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान (कप्तान), दरविश रसूली, नूर उल रहमान, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नाइब, नांगेलिया खारोटे, अब्दुल्ला अम्हेदजई, फजलहक फारूकी, नवीन-उल-हक, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।