हिमानी मोर संग शादी के बंधन में बंध गए नीरज चोपड़ा
स्टार भारतीय भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर रविवार को शादी की तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिसमें वह अपने परिवार के साथ नजर आ रहे हैं।

नीरज ने एक निजी समारोह में करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में शादी की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नीरज चोपड़ा ने दो दिन पहले सोनीपत की हिमानी मोर से विवाह किया। हिमानी अमेरिका में पढ़ाई करती हैं।
नीरज ने एक्स पर शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ”जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के साथ। हर उस आशीर्वाद के लिए आभारी हूं जो हमें इस पल में एक साथ लाया।’
नीरज के चाचा ने भी पुष्टि की कि शादी के लिए एक रिसेप्शन पार्टी भी होगी। नीरज चोपड़ा के चाचा भीम ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि विवाह देश में हुआ और यह जोड़ा हनीमून के लिए रवाना हो गया है।
भीम ने हरियाणा में पानीपत के पास खंडरा में अपने गांव से बताया, ‘‘हां, विवाह दो दिन पहले भारत में हुआ। मैं यह नहीं बता सकता कि यह कहां हुआ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लड़की सोनीपत की है और वह अमेरिका में पढ़ाई कर रही है। वे हनीमून के लिए देश से बाहर गए हैं और मुझे नहीं पता कि वे कहां जा रहे हैं। हम इसे ऐसे ही रखना चाहते थे।’’
नीरज चोपड़ा ने अपनी शादी के बारे में कोई भी जानकारी सामने नहीं रखी थी। उनकी शादी की तस्वीरें देख फैंस हैरान रह गए। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था। वह ट्रैक एंड फील्ड में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बनकर देश का नाम रोशन किया था। 2023 में उन्होंने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड दिलाया था।
नीरज चोपड़ा ने 2024 सत्र की शुरुआत मई में दोहा डायमंड लीग में 88.36 मीटर थ्रो के साथ की और वह चेकिया के जैकब वाडलेज के बाद दूसरे स्थान पर रहे।
डायमंड लीग चैंपियन बनने के अलावा ओलंपिक (2020 में टोक्यो), एशियाई खेल (2018) और राष्ट्रमंडल खेल (2018) में स्वर्ण पदक जीते हैं। टोक्यो 2020 के स्वर्ण पदक विजेता ने फिनलैंड में पावो नूरमी गेम्स और भारत में नेशनल फेडरेशन सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता जीती।
इसके बाद उन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 में 89.45 मीटर थ्रो के साथ अरशद नदीम के 92.97 मीटर के ओलंपिक रिकॉर्ड के बाद दूसरा स्थान हासिल किया। लुसाने डायमंड लीग में चोपड़ा ने अपने करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ 89.49 मीटर थ्रो किया और ब्रुसेल्स में अपने सत्र का समापन किया। चोपड़ा दोनों प्रतियोगिताओं में पेरिस 2024 के कांस्य पदक विजेता ग्रेनाडा के पीटर्स के बाद दूसरे स्थान पर रहे।
पिछले साल पेरिस ओलंपिक में नीरज चोपड़ा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। उन्होंने 89.45 मीटर दूर भाला फेंका था। जबकि पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर भाला फेंककर गोल्ड मेडल जीता था।
प्रमुख प्रतियोगिताओं (नीरज चोपड़ा रिकॉर्ड)
पेरिस ओलंपिक (2024) : सिल्वर मेडल (89.45 मीटर)
डायमंड लीग फाइनल (ब्रसेल्स 2024) : दूसरा स्थान (87.86 मीटर)
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 : गोल्ड मेडल (88.17 मीटर)
दोहा डायमंड लीग 2023 : गोल्ड मेडल (88.67 मीटर)
टोक्यो ओलंपिक गेम्स (2020) : गोल्ड मेडल (87.58 मीटर)
एशियन गेम्स (जकार्ता 2018) : गोल्ड मेडल (88.06 मीटर)
डायमंड लीग (स्टॉकहोम2022) : दूसरा स्थान (89.94 मीटर)
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप (2022) : रजत पदक (88.13 मीटर)
कॉमनवेल्थ गेम्स (गोल्ड कोस्ट 2018) : गोल्ड मेडल (86.47 मीटर)
वर्ल्ड चैंपियनशिप (ओरिगन 2022) : दूसरा स्थान (88.39 मीटर)
एशियाई चैंपियनशिप ( भुवनेश्वर (2017) : गोल्ड मेडल (85.23 मीटर)
वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप (ब्यडगोस्ज़कज़ 2016) : गोल्ड मेडल (86.48 मीटर)
एशियाई जूनियर चैंपियनशिप (हो चि मिन्ह 2016) : सिल्वर मेडल (77.60 मीटर)
साउथ एशियन गेम्स (गुवाहाटी 2016) : गोल्ड मेडल (82.23 मीटर)