ब्रिसबेन टेस्ट Day 2 : स्टीव स्मिथ व ट्रेविस हेड का शतक, ऑस्ट्रेलिया के 7 विकेट पर 405 रन
ऑस्ट्रेलिया टीम और भारतीय टीम के बीच गाबा में तीसरा टेस्ट हो रहा है। मुकाबले का दूसरा दिन खत्म हो गया है। ऑस्ट्रेलिया टीम ने 7 विकेट पर 405 रन बनाए। एलेक्स कैरी (45) और मिचेल स्टार्क (7) अभी नाबाद हैं। कंगारू टीम के लिए ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने शानदार शतकीय पारी खेली।

भारत के जसप्रीत बुमराह ने अच्छी गेंदबाजी की और 5 विकेट झटके। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले दिन 13.2 ओवर का ही खेल हो पाया था। एक समय कंगारू टीम के 3 बल्लेबाज सिर्फ 75 रन पर पवेलियन में थे।
यहां से स्मिथ (101) और हेड (152) ने पारी संभाली और दोनों के बीच 302 गेंदों में 241 रन की साझेदारी हुई। भारत के लिए बुमराह ने 5 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और नितीश रेड्डी के खाते में 1-1 विकेट आए। हेड ने 115 गेंदों का सामना करते हुए शतक पूरा किया। उन्होंने 160 गेंदों का सामना किया और 152 रन बनाए। उनके बल्ले से 18 चौके निकले। यह उनके टेस्ट करियर का 9वां और टीम इंडिया के खिलाफ तीसरा शतक है।
गाबा के मैदान पर भारत के खिलाफ टेस्ट शतक लगाने वाले हेड 5वें ऑस्ट्रेलियाई हैं। उनसे पहले मार्नस लाबुशेन, जस्टीन लेंगर, स्मिथ और डॉन ब्रैडमैन ने यह कारनामा किया है। एडिलेड टेस्ट में भी हेड ने शतक लगाया था।
स्मिथ ने 190 गेंदों में 101 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके निकले। यह उनके टेस्ट करियर का 33वां और टीम इंडिया के खिलाफ 10वां शतक रहा। 2024 में यह उनका पहला टेस्ट शतक है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में स्मिथ भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बने हैं।
उन्होंने रिकी पोटिंग को पीछे छोड़ दिया है। पोटिंग ने भारत के खिलाफ 14 शतक लगाए थे। स्मिथ के अब 15 शतक हो गए हैं। स्मिथ के टेस्ट करियर का यह 33वां शतक है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन को पीछे छोड़ दिया है। दोनों बल्लेबाजों ने 32 टेस्ट शतक लगाए हैं।
स्मिथ ने इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज एलिस्टेयर कुक की बराबरी कर ली है। कुक ने अपने टेस्ट करियर में 161 मैच खेले थे और इसकी 291 पारियों में 33 शतक लगाने में सफल रहे थे। वॉ ने 168 टेस्ट मैचों में 32 शतक लगाए थे। स्मिथ अब ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। पहले स्थान पर पोंटिग हैं। उन्होंने 168 टेस्ट की 287 पारियों में 41 शतक लगाए थे। स्मिथ अब 33 शतक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
सक्रिय खिलाड़ियों में स्मिथ से ज्यादा शतक सिर्फ इंग्लैंड के जो रूट ने लगाए हैं। उनके बल्ले से 152 टेस्ट में 36 शतक निकले हैं। विराट कोहली के नाम टेस्ट में 30 शतक है। ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाफ यह तीसरा मौका है, जब बुमराह ने 5 विकेट हॉल लिया है। उनके तीनों 5 विकेट हॉल ऑस्ट्रेलिया में आए हैं। यह उनके टेस्ट करियर का 12वां 5 विकेट हॉल है।
बुमराह अब SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रलिया) में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट हॉल लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ा है। कपिल ने SENA देशों में 7 बार 5 विकेट हॉल लिए थे।