14 को पीएम करेंगे राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास

14 को पीएम करेंगे राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आगामी 14 सितम्बर को यशस्वी और लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कर-कमलों से जनपद अलीगढ़ में डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर एवं राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास सम्पन्न होगा। उन्होंने राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शिक्षाविद एवं समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उनके नाम पर स्थापित किए जाने वाले इस विश्वविद्यालय से अलीगढ़ मण्डल के जनपद अलीगढ़, हाथरस, कासगंज व एटा से जुड़े लगभग 400 महाविद्यालय सम्बद्ध होंगे।

मुख्यमंत्री आज जनपद अलीगढ़ में मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय में परम्परागत पाठ्यक्रम के साथ-साथ कौशल विकास और अन्य रोजगारपरक विषयों की शिक्षा दी जाएगी। यह विश्वविद्यालय मण्डल के जनपदों के साथ-साथ आस-पास के क्षेत्रों की विकास की धुरी बनेगा। डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर एवं राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना से युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा वर्ष 2018 में डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर की सौगात उत्तर प्रदेश को दी गई थी। इसके लिए 06 नोड तय किए गए थे, इसमें अलीगढ़, आगरा, कानपुर, लखनऊ, झांसी और चित्रकूट सम्मिलित हैं। अलीगढ़ नोड में लगभग 200 एकड़ भूमि डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर हेतु उद्यमियों एवं निवेशकों के लिए आरक्षित की गई है। 19 उद्यमियों एवं निवेशकों द्वारा लगभग 1500 करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। इससे सम्बन्धित भूमि के आवंटन की कार्यवाही के लिए यहां एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक जनपद अलीगढ़ विश्व में ताले एवं हार्डवेयर के लिए जाना जाता रहा है। ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ के तहत जनपद अलीगढ़ में ताले एवं हार्डवेयर को चिन्ह्ति किया गया है। डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना से अब अलीगढ़ की पहचान रक्षा उत्पादों के क्षेत्र में भी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का आगमन न केवल राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी के प्रति केन्द्र व प्रदेश सरकार की विनम्र श्रद्धांजलि होगी, बल्कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को सम्मान देने का भी अवसर होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य विश्वविद्यालय जहां एक ओर क्षेत्र के युवाओं के लिए अत्याधुनिक शिक्षा का केन्द्र बनेगा, वहीं डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर युवाओं को रोजगार एवं वर्तमान परिप्रेक्ष्य में ‘मेक इन इण्डिया’ के संकल्प को पूरा करेगा। 14 सितम्बर, 2021 को पूरे उमंग और उत्साह के साथ प्रधानमंत्री जी का जनपद अलीगढ़ की धरती पर स्वागत किया जाएगा। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी की स्मृतियों को वर्तमान पीढ़ी के लिए स्मरणीय बनाने की कार्यवाही प्रारम्भ हो रही है।

मुख्यमंत्री ने मण्डलवासियों एवं जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि यहां केे नागरिकों की राज्य विश्वविद्यालय की जो दशकों की मांग थी, उसे हमारी सरकार ने पूरा किया है। प्रधानमंत्री जी स्वयं यहां उपस्थित होकर डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर एवं राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय जनता को सौंपेंगे। इस कार्यक्रम में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उपस्थित जनता-जनार्दन को प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन मिलेगा।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने 14 सितम्बर, 2021 के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल और डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ0 दिनेश शर्मा एवं गन्ना विकास मंत्री श्री सुरेश राणा उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button