Trending

लोतजेम का गोल बना निर्णायक, नामधारी ने रियल कश्मीर को 1-0 से दी मात

इंडियन फुटबॉल लीग

श्रीनगर : नामधारी स्पोर्ट्स क्लब ने दूसरे हाफ में सेइलेंटहांग लोतजेम के गोल की बदौलत रियल कश्मीर एफसी को 1-0 से हराकर स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 में सीजन की अपनी पहली जीत हासिल की। यह मुकाबला श्रीनगर के टीआरसी स्टेडियम में खेला गया।

इस जीत के साथ नामधारी एससी पांच मैचों में छह अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गया, जबकि रियल कश्मीर एफसी इतने ही मैचों में दो अंकों के साथ नौवें स्थान पर बना हुआ है। नामधारी के गोलकीपर नीरज कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

रियल कश्मीर एफसी – 0, नामधारी एससी – 1 (सेइलेंटहांग लोतजेम 61’)

रियल कश्मीर के सहायक कोच मसूद मकबूल ने अपने पहले घरेलू मैच के लिए टीम में दो बदलाव किए। सस्पेंडेड हबीब फोफाना की जगह शाहिद नजीर को डिफेंस में मौका मिला, जबकि मारियस ओबेकोप को आक्रमण में शामिल किया गया। वहीं नामधारी के मुख्य कोच हरप्रीत सिंह ने एक बदलाव करते हुए लामिने मोरो को वापसी कराई।

मैच की शुरुआत में दोनों टीमें मिडफील्ड में पकड़ बनाने के लिए संघर्ष करती नजर आईं, जिससे बार-बार गेंद का कब्जा बदलता रहा। सेट-पीस दोनों टीमों के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हुए। रियल कश्मीर ने लंबे थ्रो-इन पर भरोसा किया, जबकि नामधारी ने फ्री-किक और कॉर्नर के जरिए मौके बनाने की कोशिश की।

पहले हाफ में दोनों गोलकीपरों को ज्यादा मुश्किल का सामना नहीं करना पड़ा। नजीब इब्राहिम  ने दूर से एक शॉट लेकर रियल कश्मीर के गोलकीपर फुरकान अहमद डार को परखा, जबकि दूसरी ओर नीरज कुमार ने एक खराब क्लियरेंस के बाद शानदार बचाव किया।

हाफ का सबसे अच्छा मौका रियल कश्मीर को मिला, जब नीरज कुमार ने बॉक्स में आती गेंद को ठीक से क्लियर नहीं किया। गेंद खतरनाक क्षेत्र में गिर गई, जहां अहतीब अहमद डार ने साइकिल किक लगाने की कोशिश की, लेकिन करण कुमार शर्मा ने शानदार तरीके से लाइन पर क्लियर कर दिया।

दूसरे हाफ में रियल कश्मीर ने बेहतर शुरुआत की और मिडफील्ड में नियंत्रण हासिल करते हुए आक्रमण तेज किया। शेड्रैक चार्ल्स बराबरी का गोल करने के सबसे करीब पहुंचे, लेकिन उनका शॉट क्रॉस बार से टकराकर बाहर चला गया।

61वें मिनट में नामधारी ने बढ़त हासिल कर ली। सब्स्टीट्यूट मनबीर सिंह ने बॉक्स में एक शानदार क्रॉस दिया, जिसपर सेइलेंट हांगलोतजेम ने सही समय पर रन बनाते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया। गोल खाने के बाद रियल कश्मीर ने बराबरी के लिए दबाव बढ़ाया।

शेड्रैक चार्ल्स और कमाल इसाह ने मौके बनाए, लेकिन नीरज कुमार ने शानदार बचाव करते हुए अपनी टीम की बढ़त बरकरार रखी। अंत में नामधारी एससी ने मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए दबाव को झेला और 1-0 की बढ़त को बनाए रखते हुए मैच जीत लिया, जिससे रियल कश्मीर की इस सीजन में जीत का इंतजार और लंबा हो गया।

Related Articles

Back to top button