आईपीएल 2026 : यूपी के खिलाड़ियों की धूम, रिंकू और कुलदीप की नजरें सब पर
आईपीएल 2026 का रोमांच 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। क्रिकेट के सबसे छोटे और फटाफट फॉर्मेट में देश और दुनिया के खिलाड़ी मैदान पर अपनी कमाल की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दिखाने को तैयार हैं।
इस बार भी भारतीय खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्टार्स भी इस लीग में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराएंगे। उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी इस सीजन भी अपनी शानदार प्रतिभा के साथ चर्चा में बने रहेंगे। यूपीसीए की जानकारी के अनुसार, लगभग 10 या उससे अधिक खिलाड़ी उत्तर प्रदेश से आईपीएल 2026 में खेलते नजर आएंगे। उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।
रिंकू सिंह और कुलदीप यादव पर खास नज़र
टीम इंडिया के भरोसेमंद फिनिशर रिंकू सिंह अपनी जबरदस्त बल्लेबाजी से हमेशा विरोधी गेंदबाजों के लिए चुनौती बने रहते हैं। आईपीएल में भी उनका बल्ला अक्सर मैच का रुख बदल देता है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें इस सीजन उपकप्तान बनाया है।

रिंकू सिंह को 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 80 लाख रुपये में टीम में शामिल किया था। इसके बाद लगातार दमदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। खासकर लगातार पांच छक्के लगाकर टीम को जीत दिलाने के बाद वह बड़े मैच विनर के रूप में उभरे। इस शानदार फॉर्म को देखते हुए केकेआर ने उन्हें आईपीएल 2026 के लिए 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया है।
कुलदीप यादव, अपनी मैजिक फिरकी के लिए जाने जाते हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें इस बार भी लगभग ₹13.25 करोड़ रुपये में अपनी टीम में बरकरार रखा है। उनकी गेंदबाजी बड़े-बड़े बल्लेबाजों के लिए भी मुश्किल खड़ी कर देती है।
भुवनेश्वर कुमार और उनके स्विंग का जादू
भुवनेश्वर कुमार, जिन्हें प्यार से ‘भुवी’ कहा जाता है, लंबे समय से आईपीएल में अपनी स्विंग गेंदबाजी का जादू दिखा रहे हैं। भले ही वह वर्तमान में टीम इंडिया का हिस्सा न हों, आईपीएल 2026 में वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलेंगे। टीम ने उन्हें 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा है।
यूपी के युवा सितारे
उत्तर प्रदेश के लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी से टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं। मौजूदा समय में जब रविंद्र जडेजा टीम में नहीं हैं, उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है।
तेज गेंदबाज यश दयाल भी आरसीबी टीम का हिस्सा हैं। हालांकि उनके खेलने को लेकर अभी कुछ मैचों में सस्पेंस है। लखनऊ की टीम में मोहसीन खान रिटेन हुए हैं। मेरठ के मूल निवासी और नोएडा निवासी शिवम मावी को हैदराबाद की टीम ने 75 लाख रुपये में खरीदा। हापुड़ निवासी कार्तिक त्यागी को केकेआर ने 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया।
दिल्ली कैपिटल्स ने समीर रिज़वी को 95 लाख रुपये में रिटेन किया है। वहीं राजस्थान रॉयल्स ने यूपी रणजी टीम के अनुभवी ध्रुव जुरैल को रिटेन किया है और उनकी अगले सीजन में कप्तानी की संभावना भी चर्चा में है। सनराइजर्स हैदराबाद ने फिरकी गेंदबाज जीशान अंसारी पर भरोसा जताया है।
दिल्ली कैपिटल्स का ऑलराउंडर
विप्रज निगम, दाएं हाथ के बल्लेबाज़ और लेग-ब्रेक गेंदबाज़, आईपीएल 2026 में भी दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे। दिल्ली फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में 50 लाख रुपये में खरीदा था। पिछले सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 142 रन बनाए और 11 विकेट भी हासिल किए।



