Trending

फिडे: साइप्रस सुरक्षित, टूर्नामेंट में खिलाड़ियों और मीडिया की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित

अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ ने साइप्रस में कैंडिडेट्स टूर्नामेंट को लेकर उठाई गई सुरक्षा चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि अत्यधिक गंभीर स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा उपाय और आपात योजनाएं पूरी तरह तैयार हैं।

साइप्रस भौगोलिक रूप से पश्चिम एशिया के निकट स्थित है, जहां ईरान पर अमेरिका और इस्राइल की बमबारी के बाद सैन्य टकराव जारी है। इस महीने की शुरुआत में वहां ब्रिटिश एयरबेस पर ड्रोन हमला भी हुआ था।

सुरक्षा कारणों से भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है। कैंडिडेट्स टूर्नामेंट शनिवार से शुरू होगा, जिसका उद्देश्य महिला और पुरुष विश्व चैम्पियन के चैलेंजर का निर्धारण करना है।

साभार : गूगल

फिडे ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘साइप्रस सुरक्षित स्थान है। कोई आपात स्थिति नहीं है और देश सामान्य रूप से चल रहा है। सभी प्रतिभागियों, मीडिया और मेहमानों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और अच्छा माहौल सुनिश्चित करने के सारे उपाय किए गए हैं।’’

इसके पहले, कुछ सप्ताह से साइप्रस में रह रहे कैंडिडेट्स प्रतियोगी हिकारू नकामूरा ने कहा था कि उनके प्रवास के दौरान बार-बार बिजली गुल हो रही थी, जो अच्छा संकेत नहीं है।

फिडे ने कहा, ‘‘साइप्रस में बिजली की कमी नहीं है और बहुत कम ही बिजली जाती है। इसके अलावा, टूर्नामेंट के आयोजन स्थल, केप सेंट जार्जेस होटल एंड रिसॉर्ट में बैकअप जनरेटर हैं, जिससे टूर्नामेंट के दौरान बिजली नहीं जाएगी।’’

बयान में आगे कहा गया, ‘‘यह होटल साइप्रस के पश्चिमी हिस्से में है, जो संवेदनशील या रणनीतिक सैन्य ठिकानों से बहुत दूर है। यह पश्चिम एशिया संकट से जुड़े किसी रास्ते के करीब नहीं है। फिडे ने आपात योजना भी बना रखी है। हालात बदलने पर हम खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडिया और मेहमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।’’

Related Articles

Back to top button